सांगोद में बीजेपी का बोर्ड बनना आदर्श नगर पालिका के संकल्प की जीत: ऊर्जा मंत्री नागर

0
20

कोटा। राजस्थान के ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने प्रदेश भर में हुए हालिया चुनाव परिणामों और भारतीय जनता पार्टी की शानदार विजय पर खुशी जताते हुए इसे सुशासन, पारदर्शी विकास और जनता के अटूट विश्वास की जीत करार दिया है।

मंत्री नागर ने कहा कि प्रदेश की जनता ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की कार्यशैली पर पूरा भरोसा करती है। यह ऐतिहासिक जीत दर्शाती है कि भारतीय जनता पार्टी समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए पूरी निष्ठा से काम कर रही है और जनता ने सरकार के लोककल्याणकारी फैसलों पर अपनी मजबूत मुहर लगा दी है।

ऊर्जा मंत्री ने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राज्य में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और स्थानीय स्तर पर निकायों की ‘ट्रिपल इंजन सरकार’ अब प्रदेश के विकास का नया रोडमैप तैयार करेगी। राज्य सरकार ने अपने महज ढाई वर्ष के अल्प कार्यकाल में ही ऐसे ऐतिहासिक निर्णय और जनहित के कार्य किए हैं, जिनकी बदौलत आज राजस्थान प्रगति के नए आयाम छू रहा है।

किसानों को समय पर बिजली देना हो, बुनियादी ढांचे को मजबूत करना हो या अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना हो, सरकार ने हर मोर्चे पर मिसाल कायम की है। समाज के किसान, युवा, महिला और व्यापारी वर्ग सहित हर वर्ग का समर्थन भाजपा को मिला है, जिससे कार्यकर्ताओं का उत्साह दोगुना हो गया है।

​सांगोद नगरपालिका में भारतीय जनता पार्टी का बोर्ड बनने पर ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने सभी समर्पित कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और स्थानीय नागरिकों को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि सांगोद की जनता ने सुशासन और विकास के विजन को चुनकर यह साबित कर दिया है कि वे क्षेत्र की प्रगति के साथ खड़े हैं। सांगोद में भाजपा की यह जीत वास्तव में इसे एक ‘आदर्श नगर पालिका’ बनाने के हमारे दृढ़ संकल्प की जीत है।

मंत्री नागर ने विश्वास दिलाया कि सांगोद के विकास में अब संसाधनों और बजट की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, निर्बाध बिजली-पानी की व्यवस्था, सड़कों के सुदृढ़ीकरण और सौंदर्यकरण के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि अब चुनाव समाप्त हो चुके हैं और समय काम करने का है। इसलिए सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता बिना किसी भेदभाव के एक जुट होकर सांगोद के तीव्र और समावेशी विकास में जुटेंगे ताकि क्षेत्र को नए शिखर पर पहुंचाया जा सके।