चार दिन की तेजी पर लगा ब्रेक, सेंसेक्स 210 अंक गिरकर 78450 से नीचे बंद

0
11

नई दिल्ली। Stock Market Closed: शेयर मार्केट में चार दिनों से चली आ रही तेजी का दौर आज थम गया। आरबीआई की मौद्रिक नीति समिति की बैठक और अमेरिका तथा ईरान के बीच शांति वार्ता के बीच निवेशकों ने सतर्क रुख अपनाया। इससे बाजार में गिरावट रही। बीएसई सेंसेक्स 210.08 अंक यानी 0.27% गिरावट के साथ 78,428.95 अंक पर बंद हुआ।

कारोबार के दौरान यह 78,211.87 अंक तक गिरा था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी50 इंडेक्स 159.40 अंक यानी 0.64% फिसलकर 24,614.90 अंक पर आ गया। इस बीच डॉलर के मुकाबले रुपया फ्लैट 95.3775 पर बंद हुआ। पिछले सत्र में यह 95.3375 पर बंद हुआ था।

सेंसेक्स के 30 में से 14 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। हिंदुस्तान यूनिलीवर में सबसे ज्यादा 1.7 फीसदी गिरावट रही। इसके अलावा एनटीपीसी, एचडीएफसी बैंक, रिलायंस, इंडिगो, टेक महिंद्रा, पावरग्रिड, एचसीएल टेक और इन्फोसिस में भी उल्लेखनीय गिरावट रही। दूसरी ओर ट्रेंट, बजाज फाइनेंस, बीईएल, टाट स्टील, महिंद्रा एंड महिंद्रा, बजाज फिनसर्व, टाइटन और सन फार्मा में तेजी रही।

पूरे कारोबारी सत्र के दौरान बैंकिंग, वित्तीय सेवाओं और आईटी सेक्टर के शेयरों पर दबाव देखने को मिला। इन सेक्टरों में बिकवाली की वजह से प्रमुख सूचकांकों पर असर पड़ा और बाजार चार दिनों की तेजी को बरकरार नहीं रख सका। निवेशक आरबीआई की मौद्रिक नीति समिति (MPC) के फैसले का इंतजार कर रहे हैं। ऐसे में बड़े निवेशकों ने नए दांव लगाने के बजाय सतर्कता बरतना बेहतर समझा।

निफ्टी 50 इंडेक्स में ग्रासिम इंडस्ट्रीज, HDFC Life Insurance Company और हिंदुस्तान यूनिलीवर के शेयर सबसे अधिक गिरावट दर्ज करने वाले शेयरों में शामिल रहे। सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो निफ्टी रियल्टी में सबसे ज्यादा कमजोरी देखने को मिली और यह 2 फीसदी से अधिक टूटकर बंद हुआ। इसके अलावा निफ्टी FMCG, निफ्टी प्राइवेट बैंक और निफ्टी बैंक इंडेक्स भी लाल निशान में बंद हुए, जिससे बाजार की समग्र धारणा कमजोर रही।

मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों का मिला-जुला प्रदर्शन
वृहद बाजार (Broader Market) में प्रदर्शन मिश्रित रहा। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 0.29 फीसदी की गिरावट के साथ बंद हुआ, जबकि निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 0.23 फीसदी की बढ़त के साथ कारोबार समाप्त करने में सफल रहा।