शुरुआती गिरावट के बाद MCX पर सोना 1600 रुपए महंगा, चांदी भी चमकी

0
19

नई दिल्ली Gold Silver Price Update: सोना-चांदी की कीमतों में शुक्रवार को सुबह-सुबह बड़ी गिरावट आ गई। एमसीएक्स पर मार्च डिलीवरी वाली चांदी करीब 15 हजार रुपये की गिरावट के साथ करीब 2.29 रुपये प्रति किलो पर थी। वहीं अप्रैल डिलीवरी वाला सोना 1800 रुपये गिरकर 1.50 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर था।

हालांकि कुछ समय बाद दोनों धातुओं में तेजी आई। सुबह करीब 11:30 बजे सोना करीब 1600 रुपये उछल गया था। वहीं चांदी ने भी रफ्तार पकड़ ली है।

गोल्ड सिल्वर ईटीएफ में 10% तक गिरावट
सोने और चांदी पर आधारित कमोडिटी ईटीएफ (ETF) शुक्रवार को 10% तक गिर गए। ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर कीमती धातुओं के वायदा कारोबार में भारी गिरावट आई। यह लगातार दूसरा दिन था जब कीमती धातुओं की कीमतों में गिरावट देखी गई। यह गिरावट टेक्नोलॉजी शेयरों में आई वैश्विक बिकवाली और अमेरिकी डॉलर के मजबूत होने के कारण हुई।

सोने की कीमत में आने लगी तेजी
शुक्रवार को शुरुआती गिरावट के बाद सोने में तेजी आनी शुरू हो गई है। एमसीएक्स पर सुबह करीब 11:30 बजे अप्रैल डिलीवरी वाले सोने में 1600 रुपये से ज्यादा की तेजी आ गई। इस तेजी के साथ सोने का भाव प्रति 10 ग्राम करीब 1.54 लाख रुपये पर कारोबार कर रहा था। वहीं चांदी की कीमतों में भी कुछ तेजी देखी गई। हालांकि अभी भी यह लाल निशान के साथ 2.41 लाख रुपये प्रति किलो पर कारोबार कर रही थी।

सोना-चांदी के वायदा सौदों पर मार्जिन बढ़ा
सोना चांदी के वायदा सौदों पर मार्जिन में बढ़ोतरी हुई है। यह बढ़ोतरी ऐसे समय में हुई है जब 5 फरवरी को ही चांदी के वायदा सौदों पर 4.5% और सोने के वायदा सौदों पर 1% का मार्जिन बढ़ाया गया था। आज, पहले से लागू मार्जिन के ऊपर, चांदी के वायदा सौदों पर अतिरिक्त 2.5% और सोने के वायदा सौदों पर 2% का मार्जिन और बढ़ा दिया गया है।

इसके चलते, 6 फरवरी से चांदी के वायदा सौदों पर कुल अतिरिक्त मार्जिन 7% और सोने के वायदा सौदों पर 3% हो गया है। ज्यादा मार्जिन का मतलब है कि ट्रेडर्स को अपनी पोजीशन बनाए रखने के लिए ज्यादा पैसा लगाना पड़ता है। इससे कीमतों पर दबाव बढ़ सकता है या दिन के दौरान उतार-चढ़ाव ज्यादा हो सकता है।