पंचायतों के पुनर्गठन पर ऊर्जा मंत्री नागर का नागरिक अभिनंदन समारोह कल

0
50

कोटा/ सांगोद। सांगोद विधानसभा क्षेत्र में नवगठित हुई 22 ग्राम पंचायतों के लोगों में हर्ष का माहौल है। गठित पंचायतों के नागरिकों ने राजस्थान सरकार और ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर का आभार प्रकट किया है।

सांगोद पंचायत समिति के प्रधान जयवीर सिंह अमृतकुआं ने बताया कि ऊर्जा मंत्री का गुरुवार को पंचायतों के पुनर्गठन के लिए आभार प्रकट किया जाएगा। सांगोद पंचायत समिति प्रांगण में 27 नवंबर को प्रातः 10 बजे धन्यवाद समारोह आयोजित होगा। मुख्य अतिथि ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर होंगे।

उपप्रधान ओम नागर अडूसा ने बताया कि आमलीझाड़, हरिपुरा मांझी, नयागांव, नाहरिया, तेहरौली, कोटडी, लसेडिया कलां, राजगढ़, रूपाहेड़ा, उमरदा, बाछीहेड़ा, ढीकोली, खेड़ली महादीत, भट्टीपुरा, कल्याणपुरा, चौमाबीबू, मोतीकुआं, सुरेला, चंद्रावला, छीपडदा, शोली, देवपुरा के ग्रामीण तथा कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे। जो राजस्थान सरकार का आभार प्रदर्शन करेंगे।

जिला प्रमुख मुकेश मेघवाल ने बताया कि पंचायतों के पुनर्गठन से गावों की पंचायत मुख्यालय से दूरी कम हुई है। जिससे छोटे छोटे गाँवों के लोगों की भी पञ्चायत मुख्यालय पर पहुंच आसान हो सकेगी। राजस्थान सरकार ने पुनर्गठन के द्वारा आम आदमी को राहत देने का काम किया है।

इससे स्थानीय निवासियों के लिए दस्तावेजी प्रक्रियाओं को पूरा करना भी आसान हो जाएगा। इससे स्थानीय स्तर पर बेहतर प्रशासन, सुविधाओं तक आसान पहुँच और सरकारी योजनाओं का लाभ सुलभ होगा।

प्रधान कृष्णा शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम में दीगोद- सुलतानपुर क्षैत्र की भी 10 पंचायतों का पुनर्गठन हुआ है। जहां लोगों के द्वारा लगातार नई पंचायतों के गठन की मांग की जा रही थी।