Sunday, July 12, 2026
Home Blog Page 5604

शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 89.10 और निफ्टी 23.60 अंक चढ़े 

मुंबई। भारतीय रिजर्व बैंक की ओर से बुधवार को ब्याज दरों में कटौती न करने के चलते शेयर बाजार में आई गिरावट गुरुवार को सुबह थमती दिखी है। सुबह के कारोबार में बीएसई सेंसेक्स 89.10 अंकों की तेजी के साथ 32,686 के स्तर पर है। वहीं, नैशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी सूचकांक भी 23.60 अंकों की उछाल के साथ 10067.70 के स्तर पर कारोबार कर रहा है।

इससे पहले बुधवार को आरबीआई की मौद्रिक नीति में कोई बदलाव न होने से बाजार में निराशा देखी गई थी। दिन का कारोबार समाप्त होने तक 205.26 अंकों की गिरावट के साथ सेंसेक्स 32,597 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं, निफ्टी भी 74.15 अंक टूटकर 10,044 के स्तर पर बंद हुआ था।

भले ही शुरुआती कारोबार में उछाल देखने को मिला है, लेकिन दिन के कारोबार में एक बार फिर से गिरावट का दौर आ सकता है। खासतौर पर बैंकिंग स्टॉक्स पर नजर रखनी होगी। आरबीआई की ओर से ब्याज दरों में कटौती न किए जाने से बैंकिंग और फाइनांस कंपनियों के ट्रेड पर असर पड़ने की संभावना है।

अब 31 मार्च तक करा सकेंगे आधार लिंक, बढ़ेगी डेडलाइन

नई दिल्ली। सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए आधार कार्ड जरूरी करने की डेडलाइन को सरकार अब बढ़ाकर 31 मार्च करेगी। सुप्रीम कोर्ट में आधार कार्ड की अनिवार्यता को लेकर सुनवाई के दौरान सरकार ने यह बात कही है।

केंद्र सरकार की ओर से शुक्रवार को अधिसूचना जारी कर आधार की अनिवार्यता की डेडलाइन को बढ़ाया जाएगा। अब तक अधिकतर कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए 31 दिसंबर, 2017 तक आधार कार्ड को लिंक कराना जरूरी था।

गुरुवार को सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए आधार कार्ड की अनिवार्यता को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान सरकार ने यह बात कही है।

आधार की अनिवार्यता पर रोक की मांग वाली याचिकाओं पर सुप्रीम कोर्ट ने संवैधानिक बेंच गठित करने की बात कही है। चीफ जस्टिस दीपक मिश्रा ने याचिकाकर्ताओं से कहा कि अगले सप्ताह अदालत 5 सदस्यीय संविधान पीठ का गठन करेगी, जो अर्जियों पर सुनवाई करेगी।

सरकार का पक्ष रखते हुए अटॉर्नी जनरल के.के. वेणुगोपाल ने कहा कि आधार कार्ड की अनिवार्यता पर अब रोक नहीं लगाई जा सकती क्योंकि अब इस पर काफी आगे बढ़ा जा चुका है और कई साल बीत गए हैं।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार इस मसले पर बहस करने के लिए तैयार है। केस की सुनवाई के दौरान आधार कार्ड की अनिवार्यता को चुनौती देने वाले याचिकाकर्ताओं ने शीर्ष अदालत से मामले को तेजी से निपटाने की भी मांग की।

कारों में ऑल्टो से लेकर ऑडी पर भारी छूट, जानिए कितनी होगी बचत

नई दिल्ली। साल के अंत में बिक्री बढ़ाने के लिए कार विनिर्माता प्रवेश स्तर की कार ऑल्टो से लेकर लक्जरी कार ऑडी तक भारी छूट और कई तरह के ऑफर दे रहे हैं। प्रवेश स्तर की कार पर यह छूट 35,000 रुपये तक है जबकि महंगी कार ऑडी ए6 पर करीब 9 लाख रुपये तक की छूट दी जा रही है। इस बार पिछले साल से ज्यादा छूट दी जा रही है।

देश की सबसे बड़ी कार विनिर्माता मारुति सुजूकी अपनी सभी छोटी कारों के साथ ही सिडैन सियाज पर भी छूट दे रही है। मारुति की किफायती कार ऑल्टो पर 35,000 रुपये की छूट और अन्य रियायतें दी जा रही हैं। ऑल्टो 800 की कीमत 2.40 लाख रुपये और ऑल्टो के10 की कीमत 3.26 लाख रुपये से शुरू है।

इसी तरह वैगन आर पर 30 से 40 हजार रुपये, स्विफ्ट पर 15,000 से 25,000 रुपये और सियाज पर  पर 90,000 रुपये तक की छूट मिल रही है। हालांकि कंपनी की ज्यादा बिकने वाली कार ब्रेजा और बलेनो पर कोई छूट नहीं दी जा रही है। ये लाभ नकद छूट, मुफ्त एक्सेसरीज और बीमा आदि के रूप में दिए जा रहे हैं।
 
कोरियाई कार कंपनी हुंडई ‘दिसंबर डिलाइट’ ऑफर लेकर आई है। कंपनी प्रवेश स्तर की ईऑन पर 65,000 रुपये तक की छूट दे रही है जबकि पिछले साल दिसंबर में 55,000 रुपये की छूट दी गई थी। इसी तरह ग्रैंड आई10 पर करीब 80,000 रुपये तक की छूट की पेशकश की गई है।

इलीट आई20 पर 55,000 से 40,000 रुपये तक की छूट दी जा रही है। नई एक्सेंट 60,000 पर रुपये की छूट दी गई है। हालांकि नई वेरना और क्रेटा पर कोई छूट नहीं दी जा रही है। कंपनियों को नए साल में पिछले साल की बनी कारें बेचना कठिन होता है। यही वजह है कि कंपनियां स्टॉक निकालने के लिए साल के अंत में भारी छूट देती है।

पिछले साल नोटबंदी के कारण कंपनियां अपना पूरा स्टॉक नहीं निकाल पाई थी। दिल्ली में मारुति सुजूकी के एक डीलर ने कहा, ‘पिछले साल छूट के बावजूद बिक्री कम रही। नोटबंदी के कारण लोगों के पास नकदी की किल्लत थी जिससे कई लोगों ने खरीद का विचार टाल दिया था। इस साल हम अच्छी बिक्री की उम्मीद कर रहे हैं।’

इस साल हेक्सा, टिगोर और नेक्सॉन लाने वाली टाटा मोटर्स टिगोर सिडैन पर 32,000 रुपये तक और हेक्सा एसयूवी पर 78,000 रुपये तक की छूट दे रही है। टियागो पर भी 26,000 रुपये की छूट मिल रही है। टाटा मोटर्स के मार्केटिंग हेड (यात्री कार कारोबार) विवेक श्रीवास्तव ने कहा, ‘त्योहारी मौसम के दौरान ग्राहकों की शानदार प्रतिक्रिया देखी गई।

हम चाहते हैं कि इस साल के अंत में मेगा ऑफर मैक्स सेलिब्रेशन अभियान को भी उसी तरह की प्रतिक्रिया मिले। इस दिसंबर ग्राहक महज 1 रुपये के डाउनपेमेंट और आकर्षक वित्तीय पेशकश के साथ टाटा की कार घर ले जा सकते हैं।’

जर्मनी की लक्जरी कार विनिर्माता ऑडी अपने क्यू3 मॉडल पर 3.41 लाख रुपये की नकद छूट दे रही है। इस कार की कीमत 29.99 लाख रुपये है। इसी तरह ऑडी ए3 पर 5 लाख रुपये और ऑडी ए6 पर 8.85 लाख रुपये की छूट दे रही है। इसके साथ ही कंपनी ने 2017 में कार खरीदकर 2019 से भुगतान शुरू करने का विकल्प भी दे रही है।

रिज़र्व बैंक ने डेबिट कार्ड से लेनदेन पर MDR में किए बड़े बदलाव

20 लाख रुपये तक के सालाना कारोबार वाले छोटे मर्चेंट के लिए MDR (मर्चेंट डिस्काउंट रेट) शुल्क 0.40 प्रतिशत तय किया है

मुंबई। डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भारतीय रिजर्व बैंक ने डेबिट कार्ड से ट्रांजैक्शन पर बुधवार को शुल्क में महत्वपूर्ण बदलाव किए। इसके तहत ऐसे कार्ड से लेनदेन के लिए अलग-अलग मर्चेंट डिस्काउंट रेट्स (MDR) तय किए गए हैं।

केंद्रीय बैंक की ताजा अधिसूचना के अनुसार 20 लाख रुपये तक के सालाना कारोबार वाले छोटे मर्चेंट के लिए MDR शुल्क 0.40 प्रतिशत तय किया गया है, जिसमें प्रति सौदा शुल्क की सीमा 200 रुपये रहेगी। यह शुल्क डेबिट कार्ड से ऑनलाइन या POS के जरिए लेनदेन पर लागू होगा।

वहीं, QR कोड आधारित लेनदेन में भुगतान स्वीकार करने पर शुल्क 0.30 प्रतिशत रहेगा और इसमें प्रति सौदा 200 रुपये शुल्क की सीमा होगी।

अगर किसी मर्चेंट इकाई का सालाना कारोबार 20 लाख रुपये से अधिक है तो MDR 0.90 प्रतिशत होगा और इसमें प्रति लेनदेन 1,000 रुपये शुल्क की सीमा होगी।

इसमें QR कोड के जरिए लेनदेन पर शुल्क 0.80 प्रतिशत व अधिकतम शुल्क राशि 1000 रुपये ही रहेगी।MDR कोई बैंक डेबिट व क्रेडिट कार्ड सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए मर्चेंट यानी व्यापारिक इकाई पर लगाता है।

इसके तहत केंद्रीय बैंक ने कार्ड के जरिए भुगतान स्वीकार करने वाली मर्चेंट इकाइयों के नेटवर्क का दायरा बढ़ाने के उद्देश्य से शुल्क स्तरों में बदलाव किया है। इसका एक लक्ष्य बैंकों को नकदी रहित या कम नकदी वाली प्रणालियों में निवेश को प्रोत्साहित करना है।

इससे पहले केंद्रीय बैंक ने बुधवार को मौद्रिक नीति समिति (MPC) के प्रस्ताव के साथ इस बारे में विकासात्मक व नियामकीय नीतियों पर बयान जारी किया।

इसमें कहा गया है कि मर्चेंट इकाइयों के विस्तृत नेटवर्क पर सामान व सेवाओं की खरीद के लिए डेबिट कार्ड से भुगतान को और बल देने के उद्देश्य से मर्चेंट डिस्काउंट रेट (एमडीआर) के लिए रुपरेखा को युक्तिसंगत बनाने का फैसला किया गया है। एमडीआर डेबिट कार्ड के जरिए लेनदेन पर मर्चेंट की श्रेणी के आधार पर लागू होता है।

पहले कितना था MDR?
मर्चेंट डिस्काउंट रेट (MDR) वह कमिशन होता है जो प्रत्येक कार्ड ट्रांजैक्शन सेवा के लिए दुकानदार बैंक को देता है। पॉइंट ऑफ सेल मशीन बैंक के द्वारा लगाई जाती है।

2012 से भारतीय रिजर्व बैंक ने 2,000 रुपये के डेबिट कार्ड ट्रांजैक्शन पर 0.75% MDR तय कर रखा है, जबकि 2,000 से ऊपर के ट्रांजैक्शन पर 1% MDR लिया जाता है।

गौरतलब है कि बैंक द्वारा MDR के तौर पर कमाई गई राशि में से कार्ड जारी करने वाले बैंक और कुछ हिस्सा पेमेंट सर्विस प्रोवाइडर्स जैसे वीजा, मास्टरकार्ड या NPCI को दिया जाता है। इस चार्ज के कारण ही दुकानदार कार्ड से पेमेंट पर हिचकते हैं।

फिल्मी गीतों पर नचाती है प्रधानाध्यापिका , हॉस्टल में कैदियों सा सलूक

बारां।  कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय स्कूल बामनहेड़ा में प्रधानाध्यापिका  बालिकाओं को देर रात तक फिल्मी गीतों पर नचाती है, इतना ही नहीं वह उनसे हॉस्टल में कैदियों सा सलूक करती है। यह आरोप है वहां रहने वाली बालिकाओं का।

वहां बालिकाएं बिस्तर से लेकर खाने के लिए तरस रही हैं। बुधवार को अधिकारी जांच के लिए पहुंचे तो तमाम परेशानियों से जूझ रही बेटियां अफसरों को देखकर फफक पड़ीं। छात्राओं ने प्रधानाचार्य पर मनमानी करने का आरोप लगाया है।

कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय स्कूल बामनहेड़ा में 67 छात्राओं का नामांकन है। बालिकाओं को स्कूल में भोजन, बिस्तर नहीं देने सहित अन्य शिकायतें सरपंच ने कलेक्टर डाॅ. एसपी सिंह से की थी। इस पर कलेक्टर ने डीईओ प्रारंभिक की अध्यक्षता में कमेटी गठित कर जांच के निर्देश दिए थे।

प्रधानाध्यापिका को एपीओ कर दिया
जांच कर बयान लिए गए हैं। रिपोर्ट कलेक्टर को दी है। कलेक्टर के निर्देश पर प्रधानाध्यापिका हेमलता सोनी को एपीओ कर दिया है।
राधेश्यामजाट, डीईओ (प्रारंभिक) 

 डीईओ प्रारंभिक राधेश्याम जाट, कोटा रोड उच्च माध्यमिक स्कूल की प्रधानाचार्य मैना जैन, सर्वशिक्षा अभियान के निरंजन शर्मा जांच करने के लिए पहुंचे। अधिकारियों ने शिक्षिकाओं और बालिकाओं के बयान दर्ज किए।

 डीईओ प्रारंभिक ने जांच रिपोर्ट कलेक्टर को सौंपी है। कलेक्टर ने मामले में दोषी प्रधानाध्यापिका को एपीओ करने के निर्देश दिए।

फिल्मी गानों पर डांस नहीं
 छात्राओं का इलाज भी करवाते हैं। किसी को फिल्मी गानों पर डांस नहीं कराती। राजस्थानी भजनों पर विशेष सत्र में नृत्य करवाते हैं। 
हेमलता सोनी, प्रधानाध्यापिका

बीमार होने पर इलाज नहीं
छात्रा मधु ने बताया कि रात 12 बजे तक प्रधानाध्यापिका फिल्मी गानों पर नचाती है। छात्रा नेहा ने बताया कि अचार मांगनेे पर मारपीट की गई।

करिश्मा ने बताया कि छात्रावास में नहाने के लिए ट्यूबवैल नहीं चलाई जाती है, कहने पर अभद्रता की जाती है। सावित्री ऐरवाल ने बताया कि रात से बुखार रहा है, शिक्षिका को बताया तो बोली नाटक कर रही है।

छात्रा मंतोष, वंदना, सीमा, पूजा, सुनीता, रीना, रेखा, पूजा, विशाखा, सावित्री, निशा, करिश्मा, उषा, मधु, नेहा आदि ने बताया कि खाना अच्छा नहीं बनता है, दाल में सिर्फ पानी रहता है। ज्यादातर समय सिर्फ दाल बनाई जाती है। हरी सब्जी नहीं बनाई जाती है।

प्रधानाध्यापिका को एपीओ करने के निर्देश
डीईओ (प्रारंभिक) को जांच के निर्देश दिए हैं। डीईओ  को प्रधानाध्यापिका को एपीओ करने के निर्देश दिए हैं।
डॉ.एसपी सिंह, कलेक्टर, बारां

सब्जी कम पड़ने पर उसमें गर्म पानी डाल दिया जाता है। खाते समय एक-एक रोटी के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता है।

ओढ़ने को रजाई तक नहीं मिल रही है। हॉस्टल में जेल जैसी स्थिति है। परेशानी बताते-बताते छात्राएं रोने लगीं।

कोटा में कॅरियर उत्सव आज से, चेतन भगत देंगे मोटिवेशनल स्पीच

कोटा। कॉमर्स कॅालेज ग्राउंड पर 8 से 10 दिसंबर तक होने वाले कॅरियर उत्सव में राइटर चेतन भगत कोटा के स्टूडेंट्स को मोटिवेट करने के लिए अपनी स्पीच देंगे।

वे डू वॉट यू लव, लव वॉट यू डू टॉपिक पर बोलेंगे भगत के अलावा अन्य क्षेत्रों के एक्सपर्ट भी इस उत्सव में आएंगे। तीन दिन के कार्यक्रम में पैनल डिस्कशन, इंजीनियरिंग के अतीत, वर्तमान कंडीशन फ्यूचर के बारे में भी बताया जाएगा।

इसके साथ ही एंट्रेंस एग्जाम को क्रेक करने के टिप्स भी दिए जाएंगे। इंजीनियरिंग के साथ साथ अन्य कोर्सेज के स्कोप के बारे में भी बताया जाएगा।

8 दिसंबर : सुबहसाढ़े 9 बजे चेतन भगत की स्पीच होगी। दोपहर 3 से 5 बजे तक इंजीनियरिंग में सही स्ट्रीम चुनने पर पैनल डिस्कशन होगा। यह कार्यक्रम ऑडिटोरियम 1 में होगा।

ऑडिटोरियम 2 में सुबह 12 बजे से सीएसई आईटी में कॅरियर 3 से 5 बजे तक खेती पशुपालन में नई संभावनाओं पर मंथन होगा।

9 दिसंबर :ऑडिटोरियम1 में सुबह 10 बजे इंजीनियरिंग अतीत, वर्तमान भविष्य पर मंथन होगा। दोपहर 3 से 5 बजे तक आईआईटी की जिंदगी: मिथ एंड फैक्ट्स के बारे में बताया जाएगा।

ऑडिटोरियम 2 में सुबह 10 बजे से सरकारी क्षेत्र में संभावनाएं 12 बजे से मैकेनिकल इंजीनियरिंग के अनछुए पहलू, दोपहर 3 बजे से डिजाइन आर्किटेक्चर में कॅरियर शाम 4 बजे से बॉयोटेक्नोलॉजी में संभावनाओं पर मंथन होगा

10 दिसंबर : सुबह10 बजे से ऑडिटोरियम 1 में एंट्रेंस एग्जाम को क्रैक करने पर टिप्स दी जाएगी। दोपहर 3 बजे से 21वीं शताब्दी की मेडिसिन हेल्थकेयर पर चर्चा होगी।

ऑडिटोरियम 2 में सुबह 10 बजे से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, दोपहर 12 बजे से चार्टर्ड अकाउंटेंसी में कॅरियर पर मंथन होगा। दोपहर 3 बजे आंत्रप्रेन्योरशिप स्किल्स के बारे में बताया जाएगा।

भामाशाह स्वास्थ्य बीमा योजना हेतु आगामी 2 वर्ष के लिए एमओयू

जयपुर।  प्रमुख शासन सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य वीनू गुप्ता की उपस्थिति में बुधवार को स्वास्थ्य भवन में भामाशाह स्वास्थ्य बीमा योजना के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग एवं न्यू इण्डिया एश्योरेन्स कम्पनी के बीच आगामी दो वर्षो के लिए अनुबन्ध (एमओयू) पर हस्ताक्षर किये गये।

मुख्य कार्यकारी अधिकारी स्टेट हैल्थ एश्योरेंस एजेन्सी नवीन जैन एवं न्यू इण्डिया एश्योरेन्स कम्पनी के क्षेत्रीय प्रबंधक श्री संजय उप्पल ने उक्त अनुबंध पर हस्ताक्षर किये। योजना में 311 नये उपचार पैकेज जोड़े गये हैं।

जैन ने बताया कि इस एमओयू के अनुसार प्रति परिवार प्रतिवर्ष राज्य सरकार द्वारा प्रीमियम के रूप में 1263 करोड़ रुपये की राशि का भुगतान किया जायेगा। करारोपण सहित यह राशि लगभग 1500 करोड़ रुपये की होगी। 

मुख्य कार्यकारी अधिकारी एसएचएए ने बताया कि प्रदेश में 13 दिसम्बर, 2015 से संचालित भामाशाह स्वास्थ्य बीमा योजना के माध्यम से लगभग 974 करोड़ से अधिक रुपये की राशि के 17 लाख 73 हजार क्लेम एनलिस्ट कर 16 लाख मरीजों को लाभान्वित किया जा चुका है।

प्रदेश के लगभग एक करोड़ परिवारों को इन्डोर उपचार के दौरान 30 हजार से 3 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा कवर प्रदान कर कैशलेस उपचार की सुविधा उपलब्ध करवायी जा रही है।

योजना के तहत गंभीर बीमारियों से ग्रस्त व्यक्तियों की एंजियोप्लास्टी, हार्ट बाईपास, हार्ट सर्जरी, बे्रन सर्जरी, स्पाइनल सर्जरी एवं प्लास्टिक सर्जरी भी की जा रही है। यह कैशलेस उपचार की सुविधा 501 राजकीय चिकित्सा संस्थानों एवं सूचीबद्ध 778 निजी चिकित्सालयों के माध्यम से प्रदान की जा रही है।

चार वर्षों में 6900 से ज्यादा पदों की भर्ती के लिए की स्वीकृतियां जारी

3200 से ज्यादा पदों पर नियुक्तियां अंतिम चरण में,  राज्य सरकार का दावा

जयपुर। उच्च, तकनीकी, संस्कृत शिक्षा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री किरण माहेश्वरी ने कहा कि राज्य सरकार ने पिछले चार वर्षों में लगभग 6 हजार 900 से ज्यादा पदों पर भर्ती के लिए स्वीकृतियां जारी की, जिसमें से 3200 से ज्यादा पदों पर नियुक्तियां कुछ ही समय में कर दी जाएगी। शेष 3700 से ज्यादा पदों की भर्ती प्रक्रियाधीन है।

उन्होंने कहा कि सरकार का काम युवाओं को बेहतरीन शिक्षा देकर उन्हें स्वावलंबी बनाना है और इसमें राज्य सरकार कहीं भी पीछे नहीं है। माहेश्वरी राज्य सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर पिंकसिंटी प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोल रही थी।

उन्होंने कहा कि कॉलेज शिक्षा विभाग में लैब अस्टिेंट के 130 पदों पर अधीनस्थ बोर्ड द्वारा दस्तावेजों के सत्यापन होने के बाद चयनित अभ्यर्थियों की सूची जारी करते ही पदस्थापन आदेश जारी कर दिया जाएगा।

साथ ही एलडीसी के 217, स्टेनोग्राफर के 42 पदों पर भर्ती के लिए प्रस्ताव सामान्य प्रशासन विभाग को भिजवा दिए गए हैं और पुस्तकालय अध्यक्ष के 152 एवं शारीरिक शिक्षकों के 169 रिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया इनके नियमों में संशोधन के तुरंत बाद की जाएगी।

उन्होंने कहा कि कॉलेज शिक्षा विभाग में सरकार के गठन के तुरंत बाद व्याख्याताओं के रिक्त पदों के लिए राजस्थान लोक सेवा आयोग को अर्थना भेजी गई, जिस पर 1248 पदों के लिए परीक्षा आयोजित कर परीणाम घोषित हो चुका है।

5 विषयों के 113 चयनित व्याख्याताओं की सूची प्राप्त होने पर पदास्थापन आदेश कर दिए गए हैं। इसके साथ ही विभाग में व्याख्याताओं के रिक्त पदों की समस्या नहीं रहे इसके लिए 31 मार्च 2018 तक रिक्त होने वाले सभी संभावित व्याख्याताओं के 939 से अधिक पदों पर भर्ती के लिए वित्त विभाग से स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है, इसके लिए आवश्यक कार्यवाही शुरू कर दी गई है। 

राजकीय महाविद्यालयों में कार्यरत व्याख्याताओं की विगत गई वर्षों से लंबित पदनाम परिवर्तन की मांग मुख्यमंत्री द्वारा स्वीकार कर ली गई है। इन व्याख्याता का पदनाम अब असिस्टेंट प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर एवं प्रोफेसर होगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए प्रोफसरों के 477 नए पद स्वीकृत कर दिए गए हैं।

इसकी के साथ ही राजकीय पोलोटेक्नीक महाविद्यालयों के शिक्षकों के कई वषोर्ं से लंबित कैरियर एडवांस स्कीम का लाभ 5 मार्च, 2010 से दिए जाने के आदेश जारी कर दिए हैं, जिससे लगभग 300 से ज्यादा डिप्लोमा शिक्षक लाभान्वित होंगे।

उन्होंने कहा कि सभी वित्त पोषित विश्वविद्यालयों में 540 शैक्षणिक और 561 अशैक्षणिक पदों को भरने के लिए स्वीकृति प्रदान की गई है।, जिसमें उदयपुर, जयपुर और जोधपुर की विश्वविद्यालयों में प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है।

उन्होंने बताया कि संस्कृत स्कूल में थर्ड ग्रेड के 1829 प्रथम स्तर की भर्ती प्रक्रिया अंतिम चरण में है। दस्तावेजों के सत्यापन की कार्यवाही जारी है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में 571 तृतीय श्रेणी अध्यापक लेवल-2, द्वितीय श्रेणी अध्यापक 690 और व्याख्याताओं के 134 पदों की भर्ती भी प्रक्रियाधीन है।

अलवर, भरतपुर, सीकर और बांसवाड़ा में पीजी कॉलेज : माहेश्वरी ने कहा कि चार नवीन राज्य वित्त पोषित विश्वविद्यालयों (अलवर, भरतपुर, सीकर और बांसवाड़ा) प्रत्येक में 5-5 पीजी विभाग खोले जाएंगे, जिसके लिए 115 पद शैक्षणिक और 199 अशैक्षणिक पदों की भर्ती के लिए स्वीकृति जारी कर दी गई है। उहोंने कहा कि नवीन विश्वविद्यालयों के लिए भूमि भी आवंटित कर दी गई है। भवन निर्माण के लिए कुल 50 करोड़ रुपए भी आवंटित किए गए हैं। 

उन्होंने कहा कि गोविन्द गुरु जनजातीय विश्वविद्यालय, बांसवाड़ा को सम्बद्ध विश्वविद्यालय घोषित कर डूंगरपुर, प्रतापगढ़ एवं बांसवाडा जिले के महाविद्यालयों को इससे सम्बद्ध कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि पिछले चार वर्ष उच्च शिक्षा में नवाचारों से भरपूर रही है।

सरकार  उच्च शिक्षा पोर्टल ‘शिक्षा दृष्टि‘ विकसित कर रही है, जिसमें प्रवेश से लेकर डिग्री प्राप्त करने तक की संपूर्ण जानकारी उपलब्ध रहेगी।

इसके साथ ही अंग्रेजी में सुधार के लिए हैलो एप की सहायता से निःशुल्क उपर एप (20 हजार से अधिक छात्रों द्वारा डाउनलोड किया गया), प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए दिशारी योजना (चार हजार से अधिक छात्र नामांकित) और दिशारी एप लॉन्च किया। 

 

ईश्वर के चरणों में रहे, वो भक्त भाग्यशाली हैं -पूज्य नागरजी

अमृत वर्षा : बड़ां के बालाजी धाम पर श्रीमद भागवत कथा में बुधवार को रिमझिम बरसात से भक्ति रस में डूबे हजारों श्रद्धालु। खचाखच भरे पांडाल में अपार श्रद्धा से हुए जनार्दन दर्शन 

अरविंद,बारां/कोटा। बड़ां के बालाजी धाम में बुधवार को हजारों श्रद्धालुओं ने आसमान से बरसती बूंदों में भीगते हुए श्रीमद् भागवत कथामृत का भावपूर्ण रसपान किया।

दिव्य गौसेवक संत पूज्य पं. कमलकिशोर ‘नागरजी’ ने कहा कि बिछिया असली हो या नकली, वह महिला के पैर में अच्छी लगती है, किसी डिब्बी में नहीं। नारी के पैर में भले ही नकली बिछिया क्यों न हो, वह सौभाग्यवती कहलाती है।

इसी तरह,जो भक्त ईश्वर के चरणों में रहता है, वो भाग्यशाली रहता है। कोई धनाड्य होकर बंगलों में डिब्बी की तरह बंद रहते हैं, लेकिन कोई कथा-सत्संग से जाकर प्रभू के चरणों में भक्ति करते हैं, वहां वह कृपा वर्षा अवश्य करता है।

जिस पर उसने दया दृष्टि डाल दी, वो तर गए। वर्षा में भीगना और सर्दी को सहना भी तप है। आप भक्ति में भीगे हो, इसलिए प्रभू के चरणों में हो। जहां मिले रोज यह चरणामृत लेते रहो।

उन्होंने कहा कि जीवन में तीन अमृत हमेशा लेना। पहला, चरणामृत, जो मंदिरों में प्रभू दर्शन करने से मिलेगा। दूसरा, वचनामृत, जो कथा-सत्संग में अच्छी वाणी से मिलता है। तीसरा, अधरामृत, जो केवल मां की गोद में दुग्धपान से मिलता है। अधरामृत न धरती पर मिलता है, न आसमान में। यह केवल मां की गोद में मिल पाता है।

पांडाल में ‘भजन करो, गोविंद नहीं है दूर, गोविंद मिलेगा जरूर..’ गूंजा तो उन्होंने कहा कि यह चौथा अमृत प्राकृत दया के रूप में ऊपर से किसानों पर बरसा है। वो आपके खेत में वर्षा कर आगे की हरियाली की व्यवस्था कर रहा है।

हर गांव-द्वार वृंदावन बने
पूज्य नागरजी ने कहा कि जिस घर के द्वार या गांव में ठाकुरजी की दया व कृपा हो, समझ लेना आप वृंदावन में है। अपने घर-गांव को वृंदावन बनाने के लिए तुलसी क्यारा (वृंदा), देशी शहद (मधुवन), मोरपंख, कदम का पेड़ एवं गाय अवश्य हो, तभी वह वृंदावन का रूप लेगा। वहां कलियुग या असमय यमदूत का प्रवेश नहीं हो सकता।

श्रीमद भागवत कथा का आंनद लेते पूर्व मंत्री प्रमोद भाया धर्मपत्नी के साथ।

पाप की धारा से हटो, पुण्य की धारा से जुड़ो
उन्होंने कहा कि आजकल केश (धन) से केस दब जाता है। अपराध करके मुलजिम पैसों से धारा बदलवा देते हैं, बरी हो जाते हैं। आप पैसों से केवल दोष मुक्त हो सकते हो। आज न चाहते हुए भी हमसे कहीं न कहीं पाप हो रहे हैं।

भजन-दर्शन -सत्संग की धारा से जुड़कर आप पापमुक्त हो जाओ। षरीर के दोशों को भजन से दूर कर लो। भक्ति की धारा से हमेषा जुड़े रहो।

पूर्व मंत्री प्रमोद जैन भाया व समाजसेविका  उर्मिला भाया ने बताया कि विषम परिस्थिति में अटूट श्रद्धाभाव से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति से बालाजी धाम की धरा पर भक्ति अमृत बरसता रहा। बरसते पानी में हजारों भक्तों ने उत्साह से महाआरती की। कथा में गुरूवार को कृष्ण जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा।

तृतीय सोपान सूत्र-

  •  निंदा पाठ हम रोज कर रहे हैं, गीता पाठ करना भूल रहे हैं।
  • संसार नहीं है यहां रहने को, यहां कष्ट ही कष्ट हैं सहने को। बस, भक्ति से जुड़े रहो।
  • बरसात हो या ठंड हमें भजन सुनना है। यही भक्ति का तप है।
  • निंदा पाठ हम रोज कर रहे हैं, गीता पाठ करना भूल रहे हैं।
  • ज्ञानवाणी से अपने अज्ञान को राख की तरह ढक दें।
  • कथा व श्मसान दोनों जगह हम बिना बुलाए जाते हैं।
  •  मन भटकता है लेकिन बुद्धि चाहे तो एक क्षण में ईश्वर से मिला दे।

NCDEX पर वायदा कारोबार में चना 1.01 प्रतिशत लुढ़का

कोटा। सटोरियों की ओर से अपनी स्थिति में कटौती, हाजिर बाजार में मांग घटने और पर्याप्त भंडार के कारण वायदा कारोबार में आज चना 1.01 प्रतिशत गिरकर 4,417 रुपये प्रति क्विंटल पर आ गया।

नैशनल कमोडिटी और डेरिवेटिव एक्सचेंज में 42,070 लॉट के कारोबार में जनवरी महीने की आपूर्ति के लिए चने का वायदा भाव 45 रुपये यानी 1.01 प्रतिशत गिरकर 4,417 रुपये प्रति क्विंटल रहा।

इसी तरह, दिसंबर महीने में आपूर्ति के लिए चने का वायदा भाव पांच रुपये यानी 0.11 प्रतिशत गिरकर 4,444 रुपये प्रति  क्विंटल रहा। इसमें 13,250 लॉट का कारोबार हुआ।

बाजार के जानकारों का कहना है कि कारोबारियों की ओर से सौदे घटाने, मांग में गिरावट और उत्पादक क्षेत्रों से आपूर्ति में इजाफा होने के कारण पर्याप्त भंडार के चलते वायदा कारोबार में चने की कीमतों में गिरावट देखने को मिली।