Sunday, July 12, 2026
Home Blog Page 5602

मांग घटने से सोना 200 रुपये सस्ता, जानिए क्या रहे अब दाम

नई दिल्ली/कोटा। दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोने की कीमतों में और गिरावट दर्ज की गई है। कमजोर वैश्विक संकेत और घटी मांग के चलते सोना 200 रुपये गिरकर 29750 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर आ गई हैं।

इसी तरह चांदी भी इंडस्ट्रियल यूनिट्स और सिक्का निर्माताओं की ओर से कमजोर उठान के चलते 425 रुपये की गिरावट के साथ 37700 प्रति किलोग्राम के स्तर पर आ गई है। उधर, कोटा में सोना 250 रुपये प्रति दस ग्राम गिरकर 29550 रुपये रहा, जबकि चांदी 100 रुपये फिसल कर 37700 रुपये प्रति किलोग्राम बिकी। 

व्यापरियों का मानना है कि कमजोर वैश्विक संकेतों के चलते मई के बाद से अब तक की सबसे तेजगिरावट देखने को मिल रही है। निवेशक ब्याज दरों में तेजी की उम्मीद कर रहे हैं। साथ ही टैक्स रिफॉर्म के चलते डॉलर में बजबूती देखने को मिली है। इस कारण पीली धातु की कीमतों में दबाव देखने को मिला है।

सोने की तुरंत डिलिवरी में इस सप्ताह 2.5 फीसद की गिरावट दर्ज की गई है। यह मई 5 के बाद से सबसे बड़ी गिरावट मानी जा रही है। वैश्विक स्तर पर बीते सत्र न्यूयॉर्क में सिंगापुर में सोना 1.27 फीसद की कमजोरी के साथ 1247.80 डॉलर प्रति औंस और चांदी 1.41 फीसद की कमजोरी के साथ 15.70 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर आ गई है।

साथ ही इसके घरेलू हाजिर बाजार में स्थानीय ज्वैलर्स और रिटेलर्स की ओर में मांग में भी कमी देखने को मिली है।
देश की राजधानी दिल्ली में 99.9 फीसद और 99.5 फीसद शुद्धता वाला सोना 200 रुपये की गिरावट के साथ क्रमश: 29750 रुपये और 29600 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर आ गया है।

जानकारी के लिए बता दें कि बीते सत्र में सोने की कीमतों में 300 रुपये की गिरावट दर्ज की गई थी। वहीं, गिन्नी के भाव 24400 रुपये प्रति आठ ग्राम के स्तर पर बरकरार हैं। सोने की तरह चांदी की कीमतों में भी 425 रुपये की गिरावट देखने को मिली है।

यह अब 37700 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर और साप्ताहिक आधारित डिलिवरी 355 रुपये की कमजोरी के साथ 36980 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है। चांदी के सिक्कों के भाव 71000 रुपये लिवाल और 72000 रुपये बिकवाल प्रति सैंकड़ा के स्तर पर बरकरार रहे हैं।

कोटा सर्राफा
चांदी 37700 रुपये प्रति किलो। 
सोना केटबरी 29550 रुपये प्रति दस ग्राम, 34470 रुपये प्रति तोला। 
सोना शुद्ध 29700 रुपये प्रति दस ग्राम, 34640 रुपये प्रति तोला। 

कस्टम निरीक्षक के घर सीबीआई छापा उजागर हुई संपत्ति ने उड़ाए होश

जोधपुर। कस्टम एवं सेन्ट्रल एक्साइज के मुम्बई में प्रीवेंटिव ऑफिसर निरीक्षक ने पांच साल के कार्यकाल में करीब सत्तर लाख से अधिक रुपए कमा लिए। बैंक खाते में लाखों रुपए ट्रांसफर होने पर सीबीआई जोधपुर ने जांच शुरू की तो दंग रह गई।

निरीक्षक के खिलाफ आय से अधिक सम्पत्ति अर्जित करने का मामला दर्ज कर सीबीआई जोधपुर ने शुक्रवार को पाली जिले में सोजत सिटी के पास सिंघारियों का बास स्थित पैतृक मकान व मुम्बई स्थित ऑफिस में छापे मारकर लाखों रुपए के साथ 150 अमरीकन डॉलर यानि करीब एक लाख रुपए भी बरामद किए।

सीबीआई के अनुसार सोजत सिटी में सिंघारियों का बास निवासी परमानंद सिंघारिया मुम्बई में कस्टम एवं सेन्ट्रल एक्साइज में प्रीवेंटिव ऑफिसर (निरीक्षक) है। उसके खिलाफ आय से अधिक सम्पत्ति अर्जित करने का मामला दर्ज किया गया है।

सीबीआई जोधपुर की टीम ने शुक्रवार को सिंघारियों का बास व मुम्बई स्थित ऑफिस में छापे मारे साथ ही बैंक खाते भी चेक किए। सिंघारियों का बास स्थित पैतृक मकान से सत्रह लाख रुपए, पंद्रह लाख रुपए की एफडीआर बरामद हुई। जबकि मुम्बई से डेढ़ सौ अमरीकन डॉलर (एक लाख रुपए) व बैंक खातों में 15 लाख रुपए बैलेंस मिला उसकी सम्पत्ति संबंधी जांच की जा रही है।
 
बैंक में 6 माह में जमा कराए 23 लाख रुपए : परमानंद गत वर्ष से मुंबई के बैंक में बड़ी राशि जमा करके सोजत सिटी स्थित एसबीआई बैंक शाखा में बहन के खाते में ट्रांसफर करवा रहा था। उसने कुछ राशि मध्यप्रदेश के भोपाल स्थित बैंक खाते में भी भेजी थी।

इसका पता लगने पर सीबीआई ने जांच की और उसके खिलाफ आय से अधिक सम्पत्ति अर्जित करने का मामला दर्ज किया। जांच में सामने आया कि उसने गत छह महीने में तेइस लाख रुपए बैंक में जमा करवाए हैं। यह राशि उसने मुम्बई व भोपाल भेजी थी।

आरोपी कस्टम निरीक्षक परमानंद बैंक से बहन के खाते में बड़ी राशि ट्रांसफर कर रहा था। वह जब भी गांव आता तो एटीएम की मदद से बहन के बैंक खाते से राशि निकलवाता रहता था।

टोयोटा बढ़ाएगी जनवरी 2018 में 3 प्रतिशत तक कीमतें

बैंगलोर। टोयोटा किर्लोस्कर मोटर्स द्वारा जनवरी 2018 से मॉडल्स के दामों में 3 प्रतिशत तक की वृद्धि किये जाने की संभावना है। टोयोटा किर्लोस्कर मोटर, प्रवक्ता के अनुसार- ‘वाहनों के निर्माण की लागत में बढ़ोत्तरी हुई है।

ग्लोबल कमोडिटी की कीमतों और विदेशी मुद्रा की दरों में निरंतर आये उतार-चढ़ाव ने घरेलू के साथ साथ आयात के मोर्चे पर भी निवेश की कीमतों पर,लगातार प्रभाव डालना जारी रखा है।

ऐसे समय के दौरान भी टोयोटा अब तक ग्राहकों को मूल्य वृद्धि से बचाने के लिए अतिरिक्त लागत को स्वयं वहन करती रही। लेकिन अब, लागत के स्तर के लगातार ऊँचा उठने की वजह से, टोयोटा जनवरी 2018 से अपने सभी मॉडल्स के लिए 3 प्रतिशत तक की मूल्य वृद्धि पर विचार कर रही है।

इस वर्ष के अंत में अपने ग्राहकों के लिए ‘टोयोटा कस्टमर्स’ के लिए ‘रिमेंबर डिसेंबर कैम्पेन’ के अंतर्गत कई सारे ऑफर्स की पेशकश कर रहे हैं।

‘रिमेंबर डिसेंबर कैम्पेन’ के अंतर्गत ग्राहक कई सारी आकर्षक स्कीम्स का लाभ ले सकते हैं। इसमें 100 प्रतिशत ऑन रोड फाइनेंसिंग, 4.99 प्रतिशत से प्रारम्भ होने वाली ब्याज दरें (इंट्रेस्ट रेट्स) तथा विशेष ईएमआई पैकेज शामिल हैं।

इसके साथ ही कैम्पेन के अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों में अलग-अलग मॉडल्स के हिसाब से मिलने वाले 40,000 रूपये से 90,000 रूपये तक के विभिन्न लाभ भी सम्मिलित हैं और शासकीय तथा कॉर्पोरेट कर्मचारियों के लिए भी अलग से मिलने वाले अतिरिक्त लाभ इसमें शामिल हैं। यह सभी ऑफर्स 31 दिसंबर तक वैलिड हैं।

एशियाई बाजारों में मजबूत रुख से सेंसेक्स 301अंक उछलकर 33,250 पर बंद

मुंबई। देश के शेयर बाजारों का मूड शुक्रवार को भी लगातार दूसरे दिन सकारात्मक रहा। सेंसेक्स 301.09 अंक चढ़कर 33,250.30 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 98.95 अंकों की बढ़त के साथ 10,265.65 पर बंद हुआ। इससे पहले गुरुवार को भी शेयर बाजारों में सकारात्मक रुख देखा गया था। हालांकि हफ्ते के शुरुआती दिनों में आरबीआई की मौद्रिक नीति की समीक्षा को लेकर बाजार में चिंता देखी गई थी।

शुक्रवार सुबह मजबूत वैश्विक रुख के बीच खुदरा और घरेलू संस्थागत निवेशकों की ओर से लिवाली के चलते सेंसेक्स 33,000 के स्तर के पार खुला। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 10,200 के स्तर पर था। धातु, टिकाऊ उपभोग वाले उत्पाद और ऑटो क्षेत्र के नेतृत्व में अलग-अलग क्षेत्रों के सूचकांकों में तेजी देखी गई।

शेयर ब्रोकरों का कहना है कि खुदरा और घरेलू संस्थागत निवेशकों की ओर से लिवाली और अन्य एशियाई बाजारों में मजबूत रुख के चलते घरेलू शेयर बाजार को समर्थन मिला है। टाटा मोटर्स, भारती एयरटेल, अडाणी पोर्ट, आईसीआईसीआई बैंक, ऐक्सिस बैंक, मारुति सुजुकी, ओएनजीसी, एचडीएफसी बैंक, एचडीएफसी लिमिटेड, बजाज ऑटो, विप्रो, टीसीएस, सिप्ला में बढ़त देखी गई।

ईडी ने सीज की लालू और उनके परिवार की 3 एकड़ जमीन

0

पटना। आईआरसीटीसी को होटल आवंटित करने के मामले में लालू यादव और उनके परिवार की मुश्किलें बढ़ती दिख रही हैं। प्रवर्तन निदेशालय ने शुक्रवार को इस मामले से जुड़ी लालू और उनके परिवार की 3 एकड़ जमीन को सीज कर लिया। पटना स्थित इस संपत्ति की कीमत 45 करोड़ रुपये के करीब बताई जा रही है।

ईडी के सूत्रों के मुताबिक यह जमीन लालू यादव के परिवार के लोगों के नाम थी और इस पर मॉल बनाने की तैयारी की जा रही थी। ईडी ने फिलहाल इस जमीन को प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग ऐक्ट के तहत अपने कब्जे में लिया है। पिछले सप्ताह ही केंद्रीय एजेंसी ने इस मामले में लालू प्रसाद यादव की पत्नी राबड़ी देवी से पूछताछ की थी।

इससे पहले बिहार के डेप्युटी सीएम तेजस्वी यादव से भी एजेंसी ने दो बार पूछताछ की थी। एजेंसी ने जुलाई में लालू, उनके परिवार और अन्य के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग ऐक्ट के तहत मामला दर्ज किया था। इससे पहले सीबीआई ने लालू और परिवार के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के बाद उनके कई ठिकानों पर छापेमारी की थी।

सीबीआई की एफआईआर के मुताबिक यूपीए-1 सरकार के दौरान लालू यादव ने रेल मंत्री रहते हुए आईआरसीटीसी के दो होटलों के रखरखाव का ठेका एक कंपनी को घूस के तौर पर दिया था। इस घूस के तौर पर उन्हें पटना में कीमती जमीन मिलने की बात कही गई थी। कहा जा रहा है कि यह जमीन कंपनी पूर्व केंद्रीय प्रेमचंद गुप्ता की पत्नी सरला गुप्ता की बेनामी कंपनी के जरिए ट्रांसफर की गई।

पैन को आधार से अब 31 मार्च तक जोड़ सकेंगे

0

नई दिल्ली। सरकार ने लोगों को अपने आयकर पैन को आधार संख्या से जोड़ने के लिए दी गई समय सीमा आज तीन महीने और बढ़ा कर 31 मार्च, 2018 कर दी। यह समय सीमा तीसरी बार बढ़ाई गई है। केंद्र सरकार उच्चतम न्यायालय को पहले ही कह चुकी है कि वह विभिन्न सेवाओं और कल्याणकारी योजनाओं को आधार से जोड़ने की अंतिम तारीख को बढ़ाकर 31 मार्च तक करने के लिए तैयार है।

वित्त मंत्रालय ने कहा कि हमारी जानकारी में आया है कि कुछ करदाताओं ने अभी तक पैन को आधार से नहीं जोड़ा है। इसी वजह से पैन को आधार से जोड़ने की प्रक्रिया की तिथि को आगे बढ़ाकर 31 मार्च, 2018 करने का फैसला किया गया है।

इस नवंबर तक 33 करोड़ पैन धारकों में से 13.28 करोड़ लोगों ने अपने पैन को 12 अंकों वाली डिजिटल और जैविक पहचान आधारित आधार संख्या से जोड़ दिया था। इस साल सरकार ने आयकर दाखिल करने के साथ नए पैन नंबर प्राप्त करने के लिए आधार को अनिवार्य घोषित कर दिया है।

आयकर कानून की धारा 139 एए (2) के तहत हर व्‍यक्ति जिसके पास 1 जुलाई, 2017 तक पैन है और वह आधार पहचान पत्र प्राप्त करने का पात्र है तो उसे अपनी आधार संख्या की जानकारी कर अधिकारियों को देनी जरूरी है।

उल्लेखनीय है कि यह मामला उच्चतम न्यायालय में विचाराधीन है और सरकार ने पैन को आधार के साथ जोड़ने की तारीख को अगस्त में चार महीने आगे बढ़ाकर 31 दिसंबर, 2017 किया था।

उच्चतम न्यायालय आधार को अनिवार्य बनाने के फैसले के खिलाफ दायर याचिकाओं पर सुनवाई कर रहा है। सरकार ने पैन समेत कई कल्याणाकारी योजनाओं और सेवाओं को आधार से जोड़ना अनिवार्य किया है।

वित्त वर्ष 2018 में भी बाजार रहेगा गुलजार ,  ब्रोकरेज फर्मों का अनुमान

मुंबई। भारतीय शेयर बाजार में 2017 के दौरान 25 फीसदी से ज्यादा की तेजी देखी गई लेकिन ज्यादातर शेयर रणनीतिकारों का मानना है कि बाजार में तेजडि़यों का दौर अभी खत्म नहीं हुआ है।

विदेशी ब्रोकरेज फर्मों का अनुमान है कि बेंचमार्क निफ्टी दिसंबर 2018 तक 15 फीसदी से ज्यादा का रिटर्न दे सकता है। उनका है कि कंपनियों की आय में सुधार, अनुकूल वैश्विक वृद्धि और कारोबारी मनोभाव में सुधार से तेजी का यह दौर आगे भी जारी रहने की उम्मीद है।

नोमुरा में इंडिया इक्विटी रिसर्च के प्रमुख और प्रबंध निदेशक एस मुखर्जी ने कहा, ‘2018 में भारतीय शेयर बाजार को लेकर हमारा नजरिया सकारात्मक है और अगले साल निफ्टी में 17 फीसदी रिटर्न करा अनुमान है।’ ब्रोकरेज फर्म ने दिसंबर 2018 के लिए निफ्टी के 11,880 के स्तर पर पहुंचने का लक्ष्य रखा है।

एचएसबीसी इक्विटी स्ट्रैटजिस्ट हेराल्ड वैन डेर लिंडे और देवेंद्र जोशी ने भी ऐसी ही राय जाहिर की है। उन्होंने कहा, ‘2017 में शानदार प्रदर्शन को देखते हुए 2018 में भी एशियाई बाजारों को लेकर हमारा रुख सकारात्मक है।’ पिछले सप्ताह गोल्डमैन सैक्स ने दिसंबर 2018 तक निफ्टी के 11,600 के स्तर तक पहुंचने का लक्ष्य रखा था।

गोल्डमैन सैक्स के एशिया प्रशांत इक्विटी प्रमुख टिमोथी मोय ने कहा, ‘अगले साल कंपनियों की आय में अच्छी वृद्धि का अनुमान है और इसी परिप्रेक्ष्य में भारत का बेहतर प्रदर्शन जारी रहने की उम्मीद है।’ बैंक ऑफ अमेरिका मेरिल लिंच को घरेलू कंपनियों की  आय में सुधार को लेकर संशय है, खासकर 2018 की दूसरी छमाही में।

‘पद्मावती’ विवाद : हाई कोर्ट ने धमकी देने वालों को लगाई फटकार

मुंबई। फिल्म पद्मावती के कलाकारों को दी जा रही धमकी पर बॉम्बे हाई कोर्ट ने नाराजगी जाहिर की है। कोर्ट ने कहा कि देश में फिल्म के रिलीज होने को लेकर ऐसी धमकियां क्यों दी जा रही हैं और अभिनेत्री दीपिका पादुकोण की हत्या के लिए खुलेआम इनाम की घोषणा कैसे की जा रही है।

इससे देश की छवि को धक्का लगता है। हाई कोर्ट ने कहा, ‘क्या आप लोग ऐसा माहौल चाहते हैं जहां अपने विचार न रखे जा सकें?’ जस्टिस एससी धर्माधिकारी और भारती डांगरे की बेंच ने कहा, ‘ऐसा किस देश में होता है जहां कलाकारों को इस तरह की धमकी दी जाती हो? लोग मेहनत करके फिल्म बनाते हैं और धमकियों की वजह से वह लोगों तक नहीं पहुंच पाती है।’

जस्टिस धर्माधिकारी ने कहा कि कुछ लोग कहते हैं, कलाकारों की हत्या के बदले इनाम दिया जाएगा। उन्होंने कहा, ‘यहां तक की कुछ मुख्यमंत्री भी कहते हैं कि उनके राज्य में फिल्म नहीं रिलीज होने दी जाएगी। अगर इस तरह का व्यवहार अमीरों के साथ हो रहा है तो गरीबों का क्या होगा?’ हाई कोर्ट ने यह टिप्पणी CBI और CID को फटकार लगाते हुए दी। 

कोचिंग संचालकों ने पढ़ाई की जगह छात्रों को थमा दी झाड़ू

कोटा। देश भर में कोचिंग सिटी के नाम से पहचाने जाने वाले कोटा शहर में छात्र – छात्राओं को किताबों की जगह अब झाड़ू थमा दी है। बच्चों से झाड़ू लगवाने पर उनके अभिभावकों ने नाराजगी जताते हुए कहा है कि बच्चों को पढ़ने के लिए कोटा भेजा था, न कि झाड़ू लगाने। उन्होने कोचिंग संचालकों के प्रति नाराजगी जताई है।

उन्होंने कहा कि जो काम नगर निगम के सफाई कर्मियों का है, उनसे तो निगम प्रशासन करा नहीं पा रहा है। कोचिंग संचालक खुद अपने छात्रों से यह काम करा रहे हैं। देश में स्वच्छता में कोटा को नंबर वन लाने की होड़ में अब कोचिंग के बच्चों का सहारा लिया जा रहा है।

एक नामी कोचिंग इंस्टीट्यूट ने स्वच्छता अभियान में पहल की है और संस्थान के 90 हजार विद्यार्थियों ने क्लीन सिटी बनाने में अपनी भागीदारी निभाने का संकल्प लिया है। कोचिंग छात्र-छात्राओं ने स्वच्छता का संदेश देने के लिए झाडू उठाया है।

पिछले दिनों लैण्डमार्क सिटी में आयोजित कार्यक्रम में एक नामी कोचिंग इंस्टिट्यूट के निदेशक ने मुहिम में भागीदार बनाने की बात कही थी। शहर को स्वच्छ बनाने के लिए संस्थान के 90 हजार विद्यार्थी सड़कों पर उतरेंगे। 

इसके लिए नए कोटा व पुराने कोटा में 15-15 व्यक्तियों की टीमें बनाई गई हैं, जो पूरे समय सफाई का कार्य करेंगी। श्रमदान करने वाले विद्यार्थियों का सहयोग करेंगी।  शुरुआत में लैण्डमार्क सिटी में गुरुवार को सैकड़ों छात्राएं सड़कों पर उतरी। हाथों में झाडू लिए छात्राएं यहां सफाई करती नजर आई। 

साल में तीन बार फल देता है यह आम का पेड़, देखिए वीडियो

कोटा। अब बारह महीने खाएं आम, जी हाँ कोटा जिले के गिरधरपुरा के एक किसान ने आम के ऐसे पेड़ लगाए हैं जो एक साल में तीन बार आम की फसल देते हैं। देश-विदेश में भी इसे काफी पसंद किया जा रहा है। दिल्ली में एक प्रदर्शनी के दौरान पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी तो आम की इस किस्म से इतना प्रभावित हुए कि चार पौधे राष्ट्रपति भवन के मुगल गार्डन में लगवा दिए।

अब इस आम की इटली, अमेरिका सऊदी अरब से डिमांड रही है। सदाबहार आम की इस किस्म के जनक हैं कोटा जिले के गिरधरपुरा के 50 वर्षीय काश्तकार श्रीकिशन सुमन।

वे बताते हैं कि मेरे पास आज इतनी डिमांड है कि मैं ऑर्डर पूरे करने लायक पौधे तैयार नहीं कर पा रहा हूं। वे बताते हैं कि इस सदाबहार आम में दूसरी किस्मों की तुलना में मिठास ज्यादा होती है। इसमें रेशे भी कम होते हैं। फल का बाहरी रंग ऑरेंज होता है और गूदा केसरिया रंग का होता है।

इसमें फल गुच्छों में लगते हैं, जबकि दूसरी किस्मों में ऐसा नहीं होता है। परंपरागत खेती करने वाले श्रीकिशन के परिवार को प्राकृतिक आपदा से नुकसान हो रहा था। तभी विचारआया कि ऐसी खेती क्यों नहीं हो सकती, जिसमें प्राकृतिक आपदा का संकट ही नहीं रहे।

इसके बाद देसी गुलाब पर अलग-अलग किस्म के गुलाब की ग्राफ्टिंग की तो एक ही पौधे पर कई तरह के गुलाब आने लगे। फूलों के बाद फलों में आम याद आया। अलग-अलग किस्म की 100 से ज्यादा गुठलियां बोई, पौधे बने, उनमें से विभिन्न किस्म के पौधे छांटे और मिक्स वैरायटी का आम तैयार किया।

इस पौधे पर सर्दी, गर्मी बारिश में फल आने लगे। बस, यहीं से उन्होंने इस पर नए प्रयोग करने शुरू कर दिए। अभी उनके पास 322 मदर प्लांट हैं। हर पौधे की शाखा से वह ग्राफ्टिंग करके शिशु पौधे तैयार कर रहे हैं।