Tuesday, July 14, 2026
Home Blog Page 5576

बाजार में तेजी का दौर जारी, सेंसेक्स 34057 पर खुला

नई दिल्ली। बुधवार को शेयर बाजार में तेजी जारी है। मंगलवार को रेकॉर्ड बनाने के बाद आज भी शेयर बाजार बढ़त के साथ खुला। सेंसेक्स ने दिन की शुरुआत 34,057 अंकों के साथ की। निफ्टी भी मामूली बढ़त के साथ 10,528 पर खुला। शुरुआती घंटे में बाजार में बढ़त के साथ कारोबार कर रहा है।

सुबह 10 बजे तक सेंसेक्स 34,123 अंकों पर और निफ्टी 10,547 अंक पर कारोबार कर रहा है। मंगलवार के कारोबार में सनफार्मा, डॉ. रेड्डी, ऐक्सिस बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर, मारुति और टाटा मोटर्स आदि के शेयर्स बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं।

वहीं दूसरी ओर हीरो मोटोकॉर्प, टीसीएस, भारती एयरटेल, आईटीसी, कोल इंडिया आदि के शेयर्स में गिरावट देखी जा रही है। इससे पहले मगंलवार को शेयर बाजार रेकॉर्ड बढ़त के साथ बंद हुआ था। सेंसेक्स ने मंगलवार को 34,000 को स्तर को पहली बार पार किया, साथ ही निफ्टी भी 10,500 को लेवल को पहली बार छूने में कामयाब रहा था।

1 जनवरी से अमान्य हो जाएंगे SBI में मर्ज हुए बैंकों के चेक

नई दिल्ली। 1 जनवरी से स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के खाताधारकों के लिए नए नियम लागू हो जाएंगे। जिन लोगों के पास एसबीआई में मर्ज हो चुके बैंकों की चेकबुक हैं, वे इन्हें बदलवा लें। इन बैंकों की पुरानी चेक बुक और IFSC कोड 31 दिसंबर के बाद मान्य नहीं होंगे।

पहली जनवरी से एसबीआई के असोसिएट बैंकों के पुराने चेक अमान्य हो जाएंगे। यानी वे बैंक जिनका एसबीआई में मर्जर हो चुका है उसकी चेकबुक अब किसी काम की नहीं रहेगी।

एसबीआई के आदेश के अनुसार, स्टेट बैंक ऑफ पटियाला, स्टेट बैंक ऑफ बीकानेर और जयपुर, स्टेट बैंक ऑफ रायपुर, स्टेट बैंक ऑफ त्रावणकोर, स्टेट बैंक ऑफ हैदराबाद और भारतीय महिला बैंक के खाताधारकों को नई चेक बुक के लिए आवेदन करना होगा

नए चेकबुक के लिए आप एसबीआई की शाखा, एसबीआई एटीएम या मोबाइल ऐप पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। एसबीआई ने बड़े शहरों की कुछ ब्रांचों के नाम, ब्रांच कोड और आइएफएससी कोड भी बदल दिए हैं। इसलिए कहीं भी IFSC कोर्ड की जानकारी देने से पहले एक बार अपने बैंक का IFSC कोर्ड फिर से जांच लें।

‘टाइगर’ की धमाकेदार वापसी से बॉलीवुड की रौनक लौटी

मुंबई। मशहूर अभिनेता सलमान खान अभिनीत फिल्म, ‘टाइगर जिंदा है’ ने रिलीज होने के शुरुआती चार दिनों के भीतर ही बॉक्स ऑफिस पर 151 करोड़ रुपये की कमाई से मंदी से जूझ रहे बॉलीवुड की रौनक लौटाई है। सलमान खान-कटरीना कैफ अभिनीत यह एक्शन फिल्म 22 दिसंबर को रिलीज हुई जिसे लंबे सप्ताहांत का फायदा मिला। ‘

टाइगर जिंदा है’ 2012 में रिलीज हुई फिल्म ‘एक था टाइगर’ की सीक्वल है जिसके निर्देशक अली अब्बास जाफर हैं जिन्होंने सलमान की 2016 में आई फिल्म ‘सुल्तान’ का निर्देशन किया था। फिल्म की निर्माता और वितरक यशराज फिल्म्स है। इस फिल्म को बनाने, मार्केटिंग और वितरण में 150 करोड़ रुपये की लागत आई। 

 ‘टाइगर जिंदा है’ ने पहले ही दिन 33.75 करोड़ रुपये की कमाई की हालांकि यह फिल्म राजस्थान के कुछ हिस्से में प्रतिबंधित थी। कारोबारी विश्लेषकों को अनुमान था कि फिल्म शुरुआती चार दिनों में 120 करोड़ रुपये की कमाई करेगी लेकिन क्रिसमस सप्ताहांत की वजह से इस फिल्म ने 151 करोड़ रुपये की कमाई की।

सोमवार को यानी क्रिसमस के दिन इस फिल्म ने 36.5 करोड़ रुपये की कमाई की। रविवार को इस फिल्म ने सबसे ज्यादा 45.53 करोड़ रुपये की कमाई की। इसने एक दिन में किसी बॉलीवुड फिल्म ( द्वारा सबसे ज्यादा कमाई करने का रिकॉर्ड बनाते हुए इसने ‘प्रेम रतन धन पायो’ (39.5 करोड़ रुपये) को पीछे छोड़ दिया।

‘टाइगर जिंदा है’ एक दिन में रिकॉर्ड कमाई करने में ‘बाहुबली 2: दि कन्क्लूजन’ (हिंदी डब) से थोड़ी ही पीछे रही जिसने पहले रविवार को 46.5 करोड़ रुपये की कमाई की। हालांकि 150 करोड़ रुपये की लागत वाली फिल्म को मुनाफा पाने के लिए बॉक्स ऑफिस पर 300 करोड़ या इससे ज्यादा की कमाई करनी होगी, क्योंकि शुद्ध कमाई का करीब 50 फीसदी हिस्सा वितरकों का होता है। 

नोटबंदी के भविष्य में सुखद परिणाम आएंगे : बोकिल

कोटा। ‘नोटबंदी के चाणक्य’ अनिल बोकिल ने कहा अभी तो नोटबंदी हुए एक साल ही हुआ है। पहले साल कुछ परेशानी जरूरी आई, लेकिन इसके भविष्य में सुखद परिणाम आएंगे।

बोकिल ने मंगलवार को पुरुषार्थ भवन में शहर के व्यापारी-उद्यमियों से नोटबंदी व जीएसटी की आवश्यकता, लागू होने के बाद आए सकारात्मक-नकारात्मक परिणाम, देश के विकास में किए जाने वाले सुधारात्मक प्रयासों के बारे में खुलकर बातचीत की।

उन्होंने पावर प्रेजेंटेंशन के जरिए व्यापारी-उद्यमियों को नोटबंदी लागू करने के बारे में विस्तार से बताया। उद्यमियों की विभिन्न शंकाओं, प्रश्नों का संतोषजनक जवाब दिया।

द एसएसआई एसोसिएशन के संस्थापक अध्यक्ष गोविंदराम मित्तल ने सवाल किया कि नोटबंदी के बाद आंतकवाद व जाली नोटों पर लगाम तो लगी, लेकिन भ्रष्टाचार कम नहीं हुआ। इस पर बोकिल ने जवाब दिया कि अभी तो नोटबंदी हुए एक साल ही हुआ है। पहले साल कुछ परेशानी जरूरी आई, लेकिन इसके भविष्य में सुखद परिणाम आएंगे।

‘हम इकोनॉमिकल पूअर है
संवाद के दौरान बोकिल ने कहा कि ग्लोबल वार्मिंग बढ़ रही है। दुनिया में भारत कहीं से भी कमजोर नहीं है। भारत टेक्निकल पावरफुल है। हमारे बच्चे अंतरिक्ष, चंद्रमा पर पहुंच गए, लेकिन हम अन्य देशों की तुलना में इकोनॉमिकल पूअर हैं। आज भी हमारा किसान-मजदूर भूखा रहता है।

हम उसकी भूख नहीं मिटा पा रहे। हमारा नौतिक दायित्व है कि हम भूखे नहीं रहें और विश्व के अन्य देशों में रहने वाले लोगों की भी मदद करें। यह सब अर्थक्रांति से संभव हो सकेगा।

हर हाथ को काम देने का प्रोजेक्ट
बोकिल ने बताया कि उन्होंने पीएम मोदी को देश के हर हाथ को काम देने का प्रोजेक्ट डिटेल सहित भेज रखा है। अगर उसको अमलीजामा पहना दिया जाए तो देश में एक भी युवा बेरोजगार नहीं रहेगा। प्राइवेट, पब्लिक सेक्टर का प्रत्येक सर्विसमैन अपने परिवार को समय दे सकेगा। बूढ़े माता-पिता की सेवा कर सकेगा।

करीब ढाई घंटे तक चले संवाद कार्यक्रम के बाद व्यापारी-उद्यमी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से लागू की गई नोटबंदी व जीएसटी से कई हद तक संतुष्ठ नजर आए। अंत में बोकिल का एसोसिएशन अध्यक्ष प्रेम भाटिया, सचिव राजकुमार जैन ने प्रतीक चिह्न देकर सम्मान किया।

तीन दौर की वार्ता विफल, आज सुबह 11 बजे फिर से होगी वार्ता

0

जयपुर। सेवारत चिकित्सकों की 11वें दिन भी हड़ताल जारी रही। हाईकोर्ट के आदेश और सरकार द्वारा 24 घंटे दिए जाने के बावजूद मंगलवार को केवल 54 डॉक्टर ही काम पर लौटे। बाकी सेवारत और रेजीडेंट्स डॉक्टर काम पर नहीं लौटे। इस कारण प्रदेश में इलाज के अभाव में पांच और लोगों की मौत हो गई।

डॉक्टरों से वार्ता के लिए सरकार की तरफ से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी, परिवहन मंत्री युनूस खान, सहकारिता मंत्री अजयसिंह किलक को मध्यस्थता के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री कालीचरण सराफ के साथ लगाया गया। मंगलवार सुबह परनामी के घर और शाम को किलक के आवास पर वार्ता शुरू हुई, लेकिन तीन मंत्रियों और तीन दौर की वार्ता का भी कोई नतीजा नहीं निकला।

अब बुधवार सुबह 11 बजे फिर वार्ता बुलाई गई है। किलक के घर पर वार्ता में डॉक्टर पिछले माह के 12 ट्रांसफर रद्द करने, एकल पारी जैसी मांगों पर अड़े रहे। एक बार सेवारत चिकित्सक संघ अध्यक्ष डॉ. अजय चौधरी को जयपुर सीएमएचओ (द्वितीय) लगाने की बात चली, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला।

रात करीब 8 बजे वार्ता छोड़ डॉक्टर मंत्री के आवास से निकल गए। सरकार द्वारा वार्ता को लेकर डॉक्टरों को कुछ बताया और पब्लिक में मीडिया को कुछ जानकारी दी। इससे आधी रात तक डॉक्टरों और तीन मंत्रियों बीजेपी अध्यक्ष की गुप्त स्थानों पर मीटिंग और दूसरी तरफ चिकित्सकों की गिरफ्तारी की अफवाहें चलती रही। मंत्री सराफ के घर पर संपर्क करने पर बताया गया कि वे शाम से आवास पर हैं, मीटिंग में नहीं गए।

इनको जबरन पकड़ ड्यूटी करवाई
डूंगरपुरमें मंगलवार सुबह कोतवाली पुलिस जिला अस्पताल उपनियंत्रक डॉ. राजेश सरैया के घर पहुंची। उसके बाद शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. नीलेश गोठी के घर पर दबिश दी। डॉ. गोठी घर पर बच्चों का इलाज कर रहे थे। दोनों को जबरन अस्पताल लाकर ड्यूटी ज्वाइन करवा दी।

चिकित्सा व्यवस्था चरमरा गई
हड़ताल के कारण प्रदेशभर में चिकित्सा व्यवस्था चरमरा गई है। इलाज नहीं मिलने की वजह से डूंगरपुर में 7 दिन के बच्चे की मौत हो गई। वहीं बूंदी के सरकारी अस्पताल में भी उपचार के अभाव में एक युवक ने दम तोड़ दिया।

सरपंच चतुर्भुज एरवाल ने बताया कि सिंगाड़ी निवासी फूलचंद (34) पुत्र कजोड़मल माली की मंगलवार सुबह अचानक तबीयत बगड़ी। परिजन उसे लेकर बूंदी अस्पताल पहुंचे लेकिन चिकित्सक नहीं मिले। इसके बाद उसे कोटा निजी अस्पताल लाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

कोटा में चुनाव से पहले होंगे 500 करोड़ से ज्यादा के काम

कोटा। चुनावी वर्ष के दौरान यूआईटी शहर में 500 करोड़ से अधिक के काम कराएगी। इसमें एयरपोर्ट चौराहे और स्टेशन पर फ्लाईओवर के साथ ही प्रमुख चौराहों के सौंदर्यीकरण का काम भी शामिल है। सभी कामों के लिए संभावित बजट भी जारी कर दिया गया है। अब कंसल्टेंट नियुक्त करके डीपीआर तैयार करवाई जाएगी। इसमें कई प्रोजेक्ट की निविदाएं भी जारी कर दी गई है। 

यूआईटी अध्यक्ष आरके मेहता ने सभी विधानसभा क्षेत्रों में काम कराने की योजना बनाई है, ताकि कोई विधायक विरोध नहीं करे।इसी तरह स्टेशन इलाके के दो रास्तों में बार-बार लगने वाले जाम को खत्म करने के लिए वहां फ्लाईओवर की योजना बनाई गई है। इसकी डिजाइन तैयार करवा ली गई है।

अब इसकी डीपीआर तैयार होगी।मेहता ने कहा कि ये सभी काम चुनाव से पहले पूरे कराने की कोशिश की जाएगी। विशेषज्ञों के अनुसार शहर की ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए एयरपोर्ट चौराहे पर फ्लाईओवर बनाना जरूरी है।

अफसर संपत्ति का ब्योरा दें, नहीं तो रुकेगा प्रमोशन

नई दिल्ली। ब्यूरोक्रेसी में भ्रष्टाचार पर नकेल कसने के लिए सरकार ने बाबुओं को आखिरी चेतावनी दे दी है। भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के सभी अधिकारियों को अगले महीने तक संपत्तियों का ब्योरा देने को कहा गया है और यह चेतावनी भी दी गई है कि ऐसा नहीं होने पर उनके प्रमोशन और विदेशों में पोस्टिंग के लिए जरूरी विजिलेंस क्लियरेंस नहीं दिया जाएगा।

कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग (DoPT) ने केंद्र सरकार के सभी विभागों, राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को पत्र लिखकर उनसे IAS अधिकारियों द्वारा 31 जनवरी, 2018 तक अचल संपत्ति रिटर्न (IPR) जमा कराने को कहा है।

इस्टैब्लिशमेंट ऑफिसर और अडिशनल सेक्रटरी पी. के. त्रिपाठी ने हाल ही में एक संदेश में कहा, ‘DoPT के 4 अप्रैल, 2011 के निर्देशों के अनुसार यह दोहराया जाता है कि IPR समय पर जमा नहीं होने पर विजिलेंस मंजूरी नहीं दी जाएगी।

2011 के निर्देशों के अनुसार जिन अधिकारियों ने 1 जनवरी, 2018 तक समय पर अपने IPR जमा नहीं किए उन्हें क्लियरेंस नहीं दिया जाएगा और भारत सरकार में वरिष्ठ स्तर के पदों के लिए प्रमोशन के लिहाज से उनके नाम पर विचार नहीं किया जाएगा।

IPR फाइलिंग के लिए एक ऑनलाइन मॉड्यूल तैयार किया गया है। अधिकारियों के पास 31 जनवरी तक ऑनलाइन मॉड्यूल में IPR की हार्ड कॉपी अपलोड करने का विकल्प है। DoPT के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देश में इस समय कुल 5,004 IAS अधिकारी सेवा में हैं।

कमजोर उठाव से धान- 1121, चना और धनिया में गिरावट

कोटा। भामाशाह अनाज मंडी में मंगलवार को लहसुन की आवक 4000 हजार कट्टे की रही । माल की कुल आवक 50000 हजार बोरी की रही। कमजोर उठाव से धान- 1121 के भाव 50 रुपये ,चना 200 रुपये और धनिया 100 रुपये प्रति क्विंटल मन्दा बिका। गेहूं मिल क्वालिटी 1500 से 1560 लोकवान 1600 से 1650 पीडी 1600 से 1650 टुकडी 1600 से 1655 रुपये प्रति क्विंटल।

धान सुगंधा 2100 से 2525 पूसा -1 2500 से 2761 पूसा- 4 (1121) 2500 से 3150 धान (1509) 2000 से 2751 रुपये प्रति क्विंटल। सोयाबीन 2400 से 3020 सरसो 3200 से 3600 तिल्ली 7000 से 8400 रुपये प्रति क्विंटल। मैथी 2000 से 3160 धनिया बादामी 4400 से4800 ईगल 4800 से 5050 रंगदार 5000 से 5500 रुपये प्रति क्विंटल।

मूंग 3300 से 4400 उडद 2400 से 3800 चना 3400 से 3850 चना काबुली 7000 से 10500 रुपये प्रति क्विंटल। चना पेपसी 3600 से 4000 चना मौसमी 360 से 4000 मसूर 3000 से 3600 ग्वार 2500 से 3450 मक्का नई 1000 से 1250 जौ 1100 से 1200 ज्वार 1300 से 2400 रुपये प्रति क्विंटल।  लहसुन 800 से 3200 रुपये प्रति क्विंटल। 

कोटा सर्राफा
चांदी 38700 रुपये प्रति किलोग्राम।
सोना केटबरी 29900 रुपये प्रति दस ग्राम, सोना 34880 रुपये प्रति तोला। 
सोना शुद्ध 30050 रुपये प्रति दस ग्राम, सोना 35050 रुपये प्रति तोला। 

अनिल अंबानी के मैसेज से RCom के शेयर 40% उछले

0

नई दिल्ली। कंपनी के बढ़ते कर्ज और एसेट्स बिक्री के संदर्भ में आयोजित की गई एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोलते हुए रिलायंस कम्युनिकेशंस के प्रमुख अनिल अंबानी ने कहा कि उनकी कंपनी जियो के साथ 4G स्पेक्ट्रम शेयरिंग करार करेगी।

वहीं कंपनी के ऊपर लदे भारी भरकम कर्ज के संबंध में उन्होंने कहा, “हमारे पास कंपनी का कर्ज खत्म करने की पूरी रणनीति तैयार है और हमने इसे 45,000 करोड़ से घटाकर 6,000 करोड़ करने का लक्ष्य रखा है।”

जियो के साथ करार करेगी छोटे अंबानी की कंपनी –
अनिल अंबानी ने यहां पर जानकारी दी है कि वो जियो के साथ 4G स्पेक्ट्रम शेयरिंग करार करेंगे। उन्होंने कहा कि अंडर सी केबल कारोबार के लिए उनकी कंपनी जियो के साथ समझौता करेगी। उन्होंने कहा कि एसएसटीएल (SSTL) के जरिए कंपनी को 4जी और 5जी का लाइसेंस मिला है।

भारी भरकम कर्ज पर बोले अनिल अंबानी
अनिल अंबानी ने कहा कि कंपनी के कर्ज में 25,000 करोड़ रुपए की कमी आई है। उन्होंने कहा कि कंपनी ने अपने कर्ज को 45,000 करोड़ से घटाकर 6,000 करोड़ करने का लक्ष्य रखा है।

अंबानी ने यहां पर यह भी कहा कि बीते कुछ महीने कंपनी के लिए चुनौतीपूर्ण रहे हैं। वहीं उन्होंने यह भी कहा कि कंपनी के सामने एनसीएलटी से जुड़ी कई दिक्कतें सामने आई हैं।

कंपनी के कारोबार बिक्री पर बोले अंबानी –
उन्होंने कहा कि कंपनी स्पेक्ट्रम, फाइबर और पॉवर कारोबार बिक्री की तैयारी कर चुकी है। उन्होंने कहा कि कंपनी की नई रणनीति के तहत लेनदारों के लिए राइट ऑफ नहीं लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि आरकॉम की हिस्सेदारी बेचने के लिए उनके पास करीब 9 ऑफर्स आए हैं।

वहीं उन्होंने यह भी कहा कि एसेट बिक्री के लिए प्रक्रिया 49 दिनों में पूरी की गई है। उन्होंने कहा कि नई रणनीति में लेनदारों के लिए राइट ऑफ नहीं होगा। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि लेनदारों का कर्ज इक्विटी में भी नहीं बदला जाएगा।

दोपहर तीन बजे अनिल अंबानी की कंपनियों का हाल –
रिलायंस पावर: रिलायंस पावर बीएसई पर 3.85 फीसद की बढ़त के साथ 43.15 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसका दिन का उच्चतम 43.20 और निम्नतम 41.55 का स्तर रहा है। वहीं, इसका 52 हफ्तों का उच्चतम 50.80 और निम्नतम 34.65 का स्तर रहा।

रिलायंस कैपिटल लिमिटेड: बीएसई पर रिलायंस कैपिटल 6.69 फीसद की बढ़त के साथ 517.35 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसका दिन का उच्चतम स्तर 519 का और निम्नतम 481.45 का स्तर रहा है। वहीं इसका 52 हफ्तों का उच्चतम 877.80 का और निम्नतम 397 का स्तर रहा।

रिलायंस कम्युनिकेशन्स: बीएसई पर रिलायंस कम्युनिकेशन्स 34.76 फीसद के उछाल के साथ 21.98 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसका दिन का उच्चतम 22.49 और निम्नतम 16.50 का स्तर रहा है। वहीं 52 हफ्तों का उच्चतम 41 का स्तर और निम्नतम 9.60 का स्तर रहा है।