Wednesday, June 17, 2026
Home Blog Page 55

Sugar: केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, चीनी के निर्यात पर तत्काल प्रभाव से रोक

नई दिल्ली। sugar export ban: केंद्र सरकार ने चीनी के निर्यात पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। यह प्रतिबंध 30 सितंबर 2026 तक या अगले आदेश तक जारी रहेगा। दुनिया के दूसरे सबसे बड़े चीनी उत्पादक देश ने यह कदम देश में दाम बढ़ने से रोकने यानी घरेलू कीमतों को नियंत्रित करने के लिए उठाया है।

भारत में इस बार गन्ने की पैदावार कमजोर पड़ गई है। जिन क्षेत्रों में गन्ने की पैदावार अच्छी होती थी, उन जगहों पर फसल खराब होने से उत्पादन लगातार दूसरे साल घरेलू खपत से कम रहने का अनुमान है। सरकार ने पहले सोचा था कि गन्ने का उत्पादन मांग से अधिक होगा, इसलिए मिलों को 15.9 लाख टन चीनी निर्यात की अनुमति दी गई थी। लेकिन, अब हालात बदल गए हैं।

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, अल नीनो प्रभाव से इस साल मानसून पर खतरा बना हुआ है। इससे अगले सीजन का उत्पादन भी अनुमान से कम रह सकता है। यही वजह है कि सरकार ने समय रहते निर्यात रोकने का फैसला लिया।

मिंट ने व्यापारियों के हवाले से कहा है कि मंजूर किए गए 15.9 लाख टन में से करीब 8 लाख टन के सौदे हो चुके थे। इनमें से 6 लाख टन से अधिक चीनी पहले ही भेजी जा चुकी है। अब बचे हुए सौदों को पूरा करना व्यापारियों के लिए मुश्किल होगा।

किन शर्तों पर निर्यात की मंजूरी
सरकार ने साफ किया है कि कच्ची और सफेद चीनी का निर्यात पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। हालांकि, जो चीनी पहले से निर्यात प्रक्रिया में है, उसे विशेष शर्तों पर भेजा जा सकेगा। अगर राजपत्र में अधिसूचना प्रकाशित होने से पहले लोडिंग शुरू हो चुकी थी। अगर शिपिंग बिल दाखिल हो चुका था और जहाज भारतीय पोर्ट पर लग चुका था। अगर चीनी कस्टम या कस्टोडियन को सौंपी जा चुकी थी।

दुनिया पर क्या असर होगा
इस प्रतिबंध से ग्लोबल लेवल पर सफेद और कच्ची चीनी की कीमतों में तेजी आएगी। न्यूयॉर्क में चीनी के वायदा भाव 2% से अधिक बढ़ गए, जबकि लंदन में सफेद चीनी के दाम 3% उछल गए। इसका सबसे ज्यादा फायदा भारत के प्रतिद्वंद्वी उत्पादकों ब्राजील और थाईलैंड को मिलेगा। ये देश एशियाई और अफ्रीकी खरीदारों को अधिक चीनी भेज सकेंगे।

व्यापारियों की मुश्किलें बढ़ीं
मुंबई के एक वैश्विक व्यापार घराने के डीलर ने बताया, “सरकार ने फरवरी में अतिरिक्त निर्यात कोटा दिया था, जिससे व्यापारियों ने कई सौदे कर लिए। अब इन ऑर्डरों को पूरा करना उनके लिए सिरदर्द बन गया है।”

विशेषज्ञों का मानना है कि अगले कुछ महीनों में घरेलू बाजार में चीनी की कीमतें स्थिर रहेंगी, लेकिन अगर मानसून कमजोर रहा, तो सरकार को और कड़े कदम उठाने पड़ सकते हैं।

Gold SilverToday: MCX पर सोना-चांदी औंधे मुंह गिरे, जानिए आज के भाव

नई दिल्ली। Gold Silver Price, May14, 2026 : सोने और चांदी की कीमतों में आज यानी गुरुवार 14 मई को गिरावट दर्ज की जा रही है। एक दिन पहले ही गोल्ड-सिल्वर के भाव में जोरदार तेजी दर्ज की गई थी।

इसके बाद आज निवेशकों की मुनाफावसूली से कमोडिटी मार्केट में दबाव देखने को मिल रहा है। सरकार द्वारा सोना और चांदी पर आयात शुल्क 6% से बढ़ाकर करीब 15% किए जाने के बाद बुधवार को दोनों धातुओं में तेज उछाल आया था।

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर चांदी की कीमत 1.2% गिरकर ₹2,96,213 प्रति किलो पर आ गई है, जबकि सोना 0.7% टूटकर ₹1,61,027 प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। बुधवार को सोना ₹162250 और चांदी ₹300500 पर बंद हुई थी। इस लिहाज से आज सोना 1223 रुपये सस्ता हुआ है। जबकि, चांदी के भाव में 4287 रुपये की गिरावट है।

ग्लोबल मार्केट में भी नरमी
ग्लोबल मार्केट में भी कीमती धातुओं में कमजोरी रही। निवेशकों की नजर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच चल रही अहम बैठकों पर बनी हुई है। साथ ही ईरान युद्ध से जुड़े घटनाक्रम भी बाजार की दिशा तय कर रहे हैं। स्पॉट सिल्वर 0.9% गिरकर 87.18 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया, जबकि स्पॉट गोल्ड लगभग स्थिर रहकर 4,688.43 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करता दिखा। वहीं अमेरिकी गोल्ड फ्यूचर्स 0.2% कमजोर होकर 4,695 डॉलर पर आ गया।

क्यों गिर गए दाम
मार्केट एक्सपर्ट्स के अनुसार बुधवार की तेज तेजी के बाद निवेशक आज मुनाफावसूली कर रहे हैं। इससे कीमतों में गिरावट दर्ज की जा रही है। भारत सरकार ने हाल ही में सोना और चांदी के आयात पर शुल्क बढ़ाकर 15% कर दिया है। इसका मकसद बुलियन आयात कम करना, रुपये पर दबाव घटाना और विदेशी मुद्रा भंडार को मजबूत करना है।

हालांकि, ग्लोबल लेवल पर सुरक्षित निवेश की मांग अभी भी मजबूत बनी हुई है। अमेरिका में बढ़ती महंगाई, ब्याज दरों को लेकर अनिश्चितता और ईरान संघर्ष के चलते निवेशक अभी भी सोना-चांदी में खरदारी कर रहे हैं।

Stock Market: सेंसेक्स 400 अंक से ज्यादा उछला, निफ्टी 23,500 के पार

नई दिल्ली। Stock Market, May 14, 2026: ग्लोबल बाजारों से मिलेजुले संकेतों के बीच गुरुवार को भारतीय शेयर बाजारों में मजबूत शुरुआत हुई। बाजार खुलते ही बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स 400 अंक से ज्यादा उछल गया, जबकि निफ्टी 50 ने 23,500 का लेवल पार कर लिया।

शुरुआती बाजार में आईटी को छोड़कर सभी सेक्टोरल इंडेक्स में खरीदारी देखने को मिली। इस बीच, निवेशकों की नजर अमेरिका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की अहम बैठक पर बनी हुई है।

गुरुवार को बीएसई सेंसेक्स में 338 अंक की तेजी के साथ 74,947.12 पर कारोबार शुरू हुआ। वहीं, एनएसई के निफ्टी 118 अंक उछलकर 23,530 पर खुला। शुरुआती सेशन के दौरान आईटी को एनएसई के सभी सेक्टोरल इंडेक्स में तेजी देखने को मिली।

सेंसेक्स के टॉप गेनर्स में अदाणी पोर्ट, ट्रेंट, एनटीपीसी, पावरग्रिड और ए​शियन पेंट्स रहे। वहीं टॉप लूजर्स में एचसीएल टेक, इन्फोसिस, टीसीएस, टेक महिंद्रा और टाइटन रहे।

ग्लोबल मार्केट के संकेत

  • ट्रंप-शी जिनपिंग बैठक पर दुनिया की नजर
    डॉनल्ड ट्रंप चीन पहुंच चुके हैं, जहां उनकी शी जिनपिंग के साथ अहम बैठक होनी है। बाजार को उम्मीद है कि इस बैठक से अमेरिका और चीन के रिश्तों को लेकर आगे का संकेत मिल सकता है। दुनिया की दो सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के बीच रिश्तों का असर ग्लोबल बाजारों पर पड़ता है, इसलिए निवेशक इस बैठक के नतीजों पर नजर बनाए हुए हैं।
  • एशियाई बाजारों में मिला-जुला कारोबार
    गुरुवार सुबह एशियाई बाजारों में मिश्रित रुख देखने को मिला। जापान का निक्केई इंडेक्स करीब 0.47 प्रतिशत चढ़ा, जबकि हांगकांग का हैंग सेंग लगभग 1 प्रतिशत मजबूत हुआ। हालांकि चीन का CSI 300 इंडेक्स करीब 0.52 प्रतिशत गिरावट के साथ कारोबार करता दिखा।
  • अमेरिकी बाजारों में टेक शेयरों ने दिखाई ताकत
    अमेरिकी बाजारों में बुधवार को मिला-जुला कारोबार देखने को मिला। S&P 500 इंडेक्स करीब 0.58 प्रतिशत और नैस्डैक 1.2 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुए। वहीं डॉव जोंस इंडेक्स मामूली गिरावट के साथ बंद हुआ।

कम पैदावार के कारण बादामगिरी 900 रुपये किलो से ऊपर बिकने का अनुमान

नई दिल्ली। अमेरिका एवं ऑस्ट्रेलिया में बादाम उत्पादन गत वर्ष की तुलना में कम होने के अनुमानों एवं डॉलर की मजबूती के चलते हाल ही में बादामगिरी के भावों में 40 से 50 रुपए प्रति किलो की तेजी दर्ज की जा चुकी है। अभी भी बाजार में धारणा तेजी की बनी हुई है। क्योंकि अप्रैल माह में बादाम का आयात भी कम हुआ है।

हाजिर में कमजोर मांग एवं कैलिफोर्निया में भाव बढ़ने के अलावा अप्रैल माह के दौरान आयातकों ने बादाम का आयात कम मात्रा में किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार अप्रैल-2026 में बादाम का आयात 1000 कंटेनर का किया गया है जबकि गत वर्ष अप्रैल-2025 में आयात 1454 कंटेनर का किया गया था। उल्लेखनीय है कि जनवरी- 2026 में बादाम का आयात 1234 कंटेनर, फरवरी 1310 कंटेनर एवं मार्च- 2026 में 1241 कंटेनर का आयात व्यापार हुआ है।

चालू माह के दौरान बादामगिरी में अच्छी तेजी दर्ज की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार अप्रैल माह के अंत में दिल्ली बाजार में बादामगिरी का भाव 790 से 800 रुपए प्रति किलो बोला जा रहा था जोकि वर्तमान में बढ़कर 850 से 860 रुपए प्रति किलो का हो गया है।

सूत्रों का मानना है कि वर्तमान निर्यात को देखते हुए संभावना व्यक्त की जा रही है कि जल्द ही भाव 900 रुपए के आसपास बन जाएगा। गत वर्ष इसी समयावधि में दिल्ली बाजार में बादामगिरी का भाव 810 से 820 रुपए का चल रहा था।

भागवत कथा का छठा दिन: गोपी-उद्धव संवाद से कॉमर्स कॉलेज ब्रजमय हो गया

शिक्षा का ढोंग नहीं, प्राचीन विदुषियों जैसा ज्ञान अपनाएं: श्रीकृष्ण चंद्र ठाकुर

कोटा। विज्ञान नगर स्थित कॉमर्स कॉलेज के प्रांगण में श्री मंगलमय चमत्कारी धाम हनुमान सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा के छठे दिन श्रद्धा, दर्शन और भारतीय संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला।

कथा व्यास प्रख्यात संत श्री कृष्णचंद्र ठाकुर ने अपनी अमृतमयी वाणी से हज़ारों श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। बुधवार को नर्मदेश्वर महादेव के विवाह महोत्सव और व्यासपीठ से मेवाड़ की वीरता के बखान ने एक नया अध्याय जोड़ दिया।

​कथा के छठे दिन श्री कृष्णचंद्र ठाकुर ने दर्शन और अध्यात्म की गहरी व्याख्या करते हुए कहा कि परमात्मा मूलतः एक ही है। जिसे विद्वान अपनी दृष्टि और भाव के अनुसार विभिन्न रूपों में भजते हैं।

उपनिषदों के ‘एक: विप्र बहुधा वदंति’ सूत्र की व्याख्या करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि वह ईश्वर सर्वव्यापक है। कबीर दास जी के प्रसिद्ध पद ‘सब घट में मेरा साइयां’ का संदर्भ देते हुए महाराज श्री ने बताया कि ईश्वर निर्गुण भी है और भक्तों के प्रेम के वशीभूत होकर सगुण साकार रूप में अवतार भी धारण करता है।

उन्होंने सनातन धर्म के प्रतीकों पर बल देते हुए कहा कि प्रत्येक सनातनी को अपनी पहचान पर गर्व होना चाहिए और उनके माथे पर तिलक व सिर पर शिखा अनिवार्य रूप से होनी चाहिए।

गोपी-उद्धव संवाद भक्ति का चरमोत्कर्ष

कथा के सबसे मार्मिक प्रसंगों में ‘गोपी-उद्धव संवाद’ का सजीव चित्रण किया गया। महाराज श्री ने बताया कि कृष्ण के वियोग में गोपियां ऐसी अवस्था में पहुँच गई थीं जहाँ जड़ और चेतन का भेद मिट गया था। इस दौरान जब पंडाल में ‘मेरी लगी श्याम से प्रीत दुनिया क्या जाने..’ और ‘गोविंद मेरो है गोपाल मेरो है..’ जैसे भजनों की गूँज हु, तो श्रद्धालु स्वयं को रोक नहीं पाए और झूमने लगे। वातावरण पूरी तरह ब्रजमय हो गया और ऐसा प्रतीत होने लगा मानो कोटा का यह प्रांगण साक्षात गोकुल बन गया हो।

नारी शक्ति और आधुनिक शिक्षा पर प्रहार

शिक्षा के केंद्र कोटा में व्यास पीठ से महाराज श्री ने आधुनिक शिक्षा प्रणाली पर तीखा कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि आज की शिक्षा पद्धति केवल ‘ढोंग’ बनकर रह गई है, जबकि प्राचीन भारत का ज्ञान तंत्र अत्यंत समृद्ध था। उन्होंने मैत्रेयी, मदालसा और अरुंधति जैसी विदुषी महिलाओं का उदाहरण देते हुए सिद्ध किया कि प्राचीन भारत में नारी आज की तुलना में कहीं अधिक शिक्षित और शास्त्रार्थ में निपुण थी। उन्होंने आह्वान किया कि हमें पुन: उन्हीं संस्कारों की ओर लौटने की आवश्यकता है जहाँ नारी को शक्ति और ज्ञान का सर्वोच्च स्थान प्राप्त था।

​शिव-पार्वती विवाह और रुक्मणी मंगल


​कथा के साथ-साथ ‘नर्मदेश्वर शिवलिंग प्रतिष्ठा समारोह’ के अंतर्गत बुधवार को गोधूलि बेला में भगवान शिव और माता पार्वती का विवाह महोत्सव अत्यंत भव्यता से संपन्न हुआ। ‘हर-हर महादेव’ के उद्घोष के बीच वैदिक रीति-रिवाजों से कन्यादान और पाणिग्रहण संस्कार की रस्म निभाई गई। इसी क्रम में श्री कृष्ण और रुक्मणी विवाह की मनोरम झांकी सजाई गई। जहाँ वरमाला के दृश्य ने सभी का मन मोह लिया।

​मेवाड़ की वीरता और राजस्थान को नमन

श्रीकृष्ण चंद्र ठाकुर ने राजस्थान की धरा को वीरों और धर्मात्माओं की भूमि बताया। उन्होंने विशेष रूप से मेवाड़ और महाराणा प्रताप के शौर्य का स्मरण करते हुए कहा कि जिस भूमि पर मीरा ने भक्ति की पराकाष्ठा छुई और प्रताप ने राष्ट्र की अस्मिता के लिए घास की रोटियां खाना स्वीकार किया। उस भूमि को प्रणाम करना गौरव की बात है। उन्होंने उपस्थित श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि वे कथा के अंतिम दिन पूर्णाहुति में अवश्य शामिल हों, क्योंकि अंतिम दिन का श्रवण पूरे सात दिनों की कथा का फल प्रदान करता है।

ये रहे उपस्थित
​इस भक्तिमय आयोजन में मेवाड़ राजपरिवार से श्री एकलिंग दीवान डॉ. लक्ष्यराज सिंह, पूर्व मंत्री श्रीचंद्र कृपलानी सहित कई गणमान्य नागरिक और भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। आयोजन समिति के महंत अशोक तिवारी ने सभी भक्तों का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि गुरुवार को कथा की पूर्णाहुति होगी।

प्रशासन ने स्टोन मण्डी रामनगर की डीएलसी दरें कम करने का दिलाया भरोसा

कोटा। न्यू हाड़ौती स्टोन मण्डी रामनगर की अत्यधिक डीएलसी दरों को कम कराने की मांग को लेकर स्टोन मर्चेंट विकास समिति के प्रतिनिधिमंडल ने कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी के नेतृत्व में बुधवार को कलेक्टर पियूष समारिया से भेंट कर ज्ञापन सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल ने अतिरिक्त जिला कलेक्टर (सीलिंग) कृष्णा शुक्ला से भी मुलाकात कर डीएलसी दरों में कमी किए जाने की मांग रखी। कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी ने कहा कि स्टोन मण्डी क्षेत्र में डीएलसी दरें बाजार मूल्य की तुलना में कई गुना अधिक होने के कारण पिछले कई वर्षों से क्षेत्र का विकास पूरी तरह प्रभावित हो रहा है।

स्टोन व्यवसाय पहले से ही मंदी के दौर से गुजर रहा है, ऐसे में अत्यधिक डीएलसी दरों के कारण भूखण्डों का क्रय-विक्रय एवं रजिस्ट्रियां लगभग बंद हो चुकी हैं। उन्होंने बताया कि जब इस क्षेत्र की कोटा विकास प्राधिकरण (KDA) की रिजर्व दर लगभग 560 रुपये प्रति वर्ग फीट है, तब डीएलसी दर 2 से ढाई हजार रुपये प्रति वर्ग फीट निर्धारित किया जाना पूरी तरह अव्यावहारिक है। इस मामले को कई वर्षों से उठाया जा रहा है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

स्टोन मर्चेंट विकास समिति के अध्यक्ष राकेश पाटोदी एवं महासचिव मनोज कुमार जैन ने बताया कि नगरीय विकास विभाग, राजस्थान सरकार की स्वीकृति से वर्ष 2002-03 में न्यू हाड़ौती स्टोन मण्डी रामनगर में कुल 389 भूखण्ड लगभग 34 रुपये प्रति वर्ग फीट की दर से आवंटित किए गए थे। वर्तमान में बाजार दर लगभग 350 रुपये प्रति वर्ग फीट है, जबकि डीएलसी अनुमानित बाहरी श्रेणी में 1961 रुपये एवं आंतरिक श्रेणी में 1796 रुपये प्रति वर्ग फीट तक पहुंच चुकी हैं।

उन्होंने कहा कि डीएलसी दरें बाजार मूल्य से कई गुना अधिक होने के कारण स्टाम्प ड्यूटी अत्यधिक बढ़ जाती है, जिससे पिछले लगभग 20 वर्षों से क्षेत्र में रजिस्ट्रियां नहीं हो पा रही हैं। इससे भूखण्ड धारकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है तथा राज्य सरकार भी स्टाम्प शुल्क के रूप में मिलने वाले राजस्व से वंचित हो रही है।

प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर से डीएलसी दरों की पुनः समीक्षा कर उन्हें बाजार दरों के अनुरूप करने हेतु संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश जारी करने का आग्रह किया। जिला कलेक्टर ने प्रतिनिधिमंडल को मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।

प्रतिनिधिमंडल में समिति के पूर्व अध्यक्ष पारस काला, उपाध्यक्ष शिवचरण गुप्ता, मंत्री जम्बू कुमार जैन, अभिषेक खण्डेलवाल सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।

बीजेपी सहकारिता मंथन बैठक में राठौड़ ने पारदर्शिता और किसान हितों पर दिया जोर

कोटा/उदयपुर। भारतीय जनता पार्टी सहकारिता प्रकोष्ठ द्वारा उदयपुर में प्रांतीय सहकारिता मंथन बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में संगठनात्मक संरचना, सदस्यता अभियान, सहकारिता चुनाव, तीन माह के सहकारिता जागरण अभियान, प्रशिक्षण शिविर, संस्थागत समस्याओं तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की सहकारिता क्षेत्र में उपलब्धियों पर विचार विमर्श किया गया।

कोटा के वरिष्ठ सहकारिता नेता एवं कोटा-बूंदी दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ तथा सहकारी भूमि विकास बैंक के अध्यक्ष चैनसिंह राठौड़ ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि सहकारिता केवल आर्थिक व्यवस्था नहीं, बल्कि सामाजिक और आर्थिक उन्नयन का जनआंदोलन है। उन्होंने कहा कि सहकारिता स्वाभिमान, स्वदेश और स्वावलंबन की भावना से ओतप्रोत व्यवस्था है, जो आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को नई ऊर्जा दे रही है।

राठौड़ ने कहा कि सहकारिता संस्थाओं में पारदर्शिता और विश्वास बनाए रखने के लिए समय पर चुनाव होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि ईमानदारी, सुचिता और जवाबदेही के साथ ही सहकारिता आंदोलन मजबूत हो सकता है।

किसानों को समय पर भुगतान
अपने कार्यकाल की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए राठौड़ ने बताया कि कोटा-बूंदी दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ में दुग्ध उत्पादक किसानों को बेहतर मूल्य दिलाने के साथ 15 दिनों के भीतर भुगतान सुनिश्चित किया गया। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त भार नहीं पड़े, इसे ध्यान में रखते हुए दुग्ध दरों में वृद्धि नहीं की गई। उन्होंने बताया कि गुणवत्तापूर्ण एवं किफायती दुग्ध उत्पाद बाजार में उतारे गए हैं तथा क्यूआर कोड प्रणाली के माध्यम से उपभोक्ताओं को शुद्धता की गारंटी भी दी जा रही है।

किसानों को 9.60 करोड़ की राहत
सहकारी भूमि विकास बैंक की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए राठौड़ ने बताया कि बैंक में 69 प्रतिशत एनपीए रिकवरी दर्ज की गई तथा 383 किसानों को 9.60 करोड़ रुपये की राहत प्रदान की गई। उन्होंने कहा कि 20 से 35 वर्ष पुराने एनपीए खातों का भी निस्तारण किया गया, जिससे किसानों को बड़ी राहत मिली।भाजपा

डबल इंजन सरकार ने सहकारिता को दी नई दिशा
सहकारिता मंत्री गौतम दक ने कहा कि केंद्र में पृथक सहकारिता मंत्रालय के गठन और केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में सहकारिता क्षेत्र में ऐतिहासिक परिवर्तन हुए हैं। ग्राम सेवा सहकारी समितियों के सशक्तिकरण, नई सहकारी समितियों के गठन और तकनीकी नवाचारों से आमजन का विश्वास बढ़ा है।

प्रदेश अध्यक्ष सांसद मदन राठौड़ ने कहा कि सहकारिता को हमने सत्ता संगठन के सेतु से अपराध मुक्त करते हुए पूर्ण ईमानदारी एवं सुचिता के साथ लक्ष्य एकात्म मानववाद एवं दृष्टि अंत्योदय को पूर्ण किया है।

प्रदेशभर के जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
भाजपा बलीचा कार्यालय में आयोजित बैठक का शुभारंभ भारत माता, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं भंडारी जी के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम में सांसद मन्नालाल रावत, विधायक फूल सिंह मीणा सहित प्रदेशभर के सहकारिता पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

प्रसन्नता किसी बाहरी परिस्थिति पर निर्भर नहीं करती: इन्द्रेश उपाध्याय

भागवत मर्मज्ञ इन्द्रेश उपाध्याय ने एलन स्टूडेंट्स को दिया जीवन का सूत्र

कोटा। एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट के जवाहर नगर स्थित समुन्नत कैम्पस के समरस सभागार में भागवत मर्मज्ञ एवं प्रसिद्ध कथा वाचक इन्द्रेश उपाध्याय ने जेईई एवं नीट की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें जीवन में प्रसन्नता, संतुलन और सफलता का महत्व समझाया।

इस अवसर पर एलन परिवार की मातुश्री कृष्णा देवी माहेश्वरी तथा संस्थान के निदेशक डॉ. गोविंद माहेश्वरी, राजेश माहेश्वरी एवं डॉ.नवीन माहेश्वरी ने अभिनंदन किया। सभागार में उपस्थित हजारों विद्यार्थियों एवं अभिभावकों ने उनके प्रेरणादायी विचारों को ध्यानपूर्वक सुना।

इस दौरान कई स्टूडेंट्स भावुक हो उठे। अपने मधुर स्वर में ‘वृंदावन प्यारो वृंदावन’, ‘बरसाने की छोरी’ एवं जगन्नाथ चकानैन जैसे लोकप्रिय भजनों की प्रस्तृति दी।

उनके भजनों की भावपूर्ण प्रस्तुति ने समरस सभागार को वृंदावनमय वातावरण में परिवर्तित कर दिया। भजनों की धुन पर एलन परिवार के सदस्य, विद्यार्थी एवं अभिभावक श्रद्धा एवं उत्साह के साथ झूम उठे।

हर परिस्थिति में सकारात्मक रहें
इन्द्रेश उपाध्याय ने कहा कि प्रसन्नता किसी बाहरी परिस्थिति पर निर्भर नहीं करती, बल्कि यह हमारी व्यक्तिगत प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सच्चा सुख बड़े अवसरों में नहीं, बल्कि जीवन के छोटे-छोटे क्षणों में आनंद खोजने से मिलता है। यदि विद्यार्थी हर परिस्थिति में सकारात्मक बने रहना सीख लें, तो वे न केवल प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर सकते हैं, बल्कि जीवन में भी संतुलन और संतोष का अनुभव कर सकते हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों को पांच प्रकार के यज्ञों के माध्यम से जीवन को सार्थक बनाने का संदेश दिया और बताया कि अध्ययन के साथ-साथ आत्मिक विकास, कृतज्ञता, सेवा और अनुशासन भी सफलता के महत्वपूर्ण आधार हैं। उनके विचारों ने विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी के साथ-साथ जीवन को अधिक सकारात्मक और आनंदपूर्ण दृष्टिकोण से देखने की प्रेरणा दी।

Kota Mandi: क्रशिंग मिलर्स की लिवाली से सोयाबीन ऊपर में 7400 रुपये बिकी

कोटा। Kota Mandi Price Today: भामाशाह अनाज मंडी में बुधवार को क्रशिंग मिलर्स की लिवाली से सोयाबीन 200 रुपये और सरसों 50 रुपये तेज बिकी। कारोबारी सूत्रों के अनुसार सोयाबीन ऊपर में 7400 रुपये प्रति क्विंटल बिकी। मंडी में सभी कृषि जिंसों की मिलाकर करीब सवा लाख कट्टे और लहसुन की 13000 कट्टे की आवक रही। जिंसों के भाव रुपये प्रति क्विंटल इस प्रकार रहे-

गेहूं नया मिल लस्टर 2350 से 2450 गेहूं एवरेज टुकड़ी 2450 से 2500, बेस्ट टुकड़ी 2500 से 2600, ज्वार शंकर 1700 से 2300, ज्वार सफेद 2800 से 5000, बाजरा 1800 से 2050, मक्का लाल 1700 से 2050, मक्का सफेद 1600 से 2200, जौ नया 2100 से 2450 रुपये प्रति क्विंटल।

धान सुगन्धा 2800 से 3701, धान (1509) 3400 से 4250, धान (1847) 3200 से 4101, धान (1718-1885) 4200 से 4450, धान (पूसा-1) 3000 से 4000, धान (1401-1886) 4100 से 4250, धान दागी 1500 से 3600 रुपये प्रति क्विंटल।

सोयाबीन 5800 से 7400, सोयाबीन बीज क्वालिटी 7400 से 7551, सरसों 6500 से 7251, अलसी 8000 से 9050, तिल्ली 7000 से 8500, रुपये प्रति क्विंटल। मूंग 6000 से 7400, उड़द 4500 से 7000, चना देशी 4800 से 5300, चना मौसमी नया 5100 से 5200, चना पेप्सी 5100 से 5251, चना डंकी पुराना 4000 से 4600, चना काबुली 5500 से 6900 रुपये प्रति क्विंटल।

लहसुन 3500 से 14500, मैथी नयी 5800 से 6550, धनिया बादामी 11000 से 11300, धनिया ईगल 11500 से 12000, धनिया रंगदार 13000 से 15000 रुपये प्रति क्विंटल।

समर्पण बहुउद्देशीय विकास समिति की नई कार्यकारिणी का गठन

कोटा। समर्पण बहुउद्देशीय विकास समिति कोटा की वर्ष 2026-27 के लिए नई कार्यकारिणी का गठन किया गया है।

समिति के उपाध्यक्ष (जन सम्पर्क) विजय माहेश्वरी ने बताया कि समिति के संस्थापक अध्यक्ष आरएस कसेरा द्वारा कार्यकारी अध्यक्ष पंकज कुमार गोयल, उपाध्यक्ष (जनसंपर्क) विजय माहेश्वरी, उपाध्यक्ष (समन्वय) यज्ञदत्त हाडा, उपाध्यक्ष (बालिका शिक्षा) अनामिका राठौर, महासचिव डॉ. जगदीश शर्मा, सयुक्त सचिव प्रीति जासु एवं कोषाध्यक्ष महेश चतुर्वेदी को मनोनीत किया गया।