Monday, July 6, 2026
Home Blog Page 4687

टाटा ला रहा सनरूफ और BS6 इंजन वाली हैरियर

0

नई दिल्ली।टाटा मोटर्स अपनी पॉप्युलर एसयूवी Harrier का अपडेटेड वर्जन लाने वाली है। कंपनी लगातार इसकी टेस्टिंग कर रही है। हाल में अपडेटेड Tata Harrier की टेस्टिंग के दौरान की एक तस्वीर लीक हुई है। इस तस्वीर से साफ हुआ है नई हैरियर सनरूफ से लैस होगी। इतनी ही नहीं, अपडेटेड हैरियर बीएस6 इंजन के साथ आएगी और ज्यादा पावरफुल होगी।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, टाटा हैरियर के नए मॉडल को बेंगलुरु के पास टेस्टिंग के दौरान देखा गया है। यह पूरी तरह वर्तमान मॉडल जैसी है, लेकिन इसमें सनरूफ दिया गया है, जो वर्तमान मॉडल में नहीं है। इसके अलावा नए मॉडल पर लगे स्टिकर से साफ हुआ है कि अपडेटेड हैरियर बीएस6 इंजन और ऑटोमैटिक गियरबॉक्स मिलेंगे।

रिपोर्ट्स में कहा गया है कि बीएस6 इंजन वाली हैरियर में 170hp का पावर मिलेगा, जबकि अभी एसयूवी में दिया गया इंजन 140hp का पावर जनरेट करता है। ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन 6-स्पीड यूनिट होने की उम्मीद है, जो ह्यूंदै से लिया गया है। टाटा मोटर्स सनरूफ के अलावा अपडेटेड हैरियर में कुछ और फीचर्स भी शामिल कर सकता है।

डीजल इंजन में आती है हैरियर
बता दें कि टाटा मोटर्स ने शानदार लुक वाली हैरियर एसयूवी को इस साल जनवरी में लॉन्च किया था। हैरियर में 2.0-लीटर, 4-सिलिंडर डीजल इंजन है, जो 140hp का पावर और 350 Nm टॉर्क जनरेट करता है। अभी इसमें सिर्फ 6-स्पीड मैन्युअल गियरबॉक्स ही उपलब्ध है। टाटा हैरियर की कीमत 13 लाख से 16.76 लाख रुपये के बीच है। बीएस6 इंजन और नए फीचर्स के साथ आने वाली हैरियर की कीमत कुछ ज्यादा हो सकती है।

Black Shark 2 Pro स्मार्टफोन 30 जुलाई को लॉन्च होगा

नई दिल्ली। गेमिंग स्मार्टफोन मेकर कंपनी ब्लैक शार्क ने 19 जुलाई को यह कंफर्म किया था कि कंपनी Black Shark 2 Pro स्मार्टफोन 30 जुलाई को लॉन्च करेगी। इससे पहले कंपनी ने यह टीज किया था कि इस फोन स्नैपड्रैगन 855+ प्रोसेसर मौजूद होगा। अब यह स्मार्टफोन बेंचमार्किंग वेबसाइट गीकबेंच पर नजर आया है। गीकबेंच पर लिस्टिंग से यह कंफर्म होता है कि फोन में स्नैपड्रैगन 855 प्रोसेसर मौजूद होगा।

गीकबेंच की लिस्टिंग में फोन के स्कोर की बात करें तो यह सिंगल कोर टेस्ट में इस स्मार्टफोने 3623 पॉइंट्स स्कोर किए। वहीं मल्टिकोर टेस्ट में फोन को 11367 पॉइंट्स मिले हैं। ये स्कोर्स आसुस के गेमिंग स्मार्टफोन ROG Phone 2 से मिलते हैं। ROG Phone 2 भी स्नैपड्रैगन 855+ प्रोसेसर से लैस है। हालांकि ब्लैक शार्क 2 प्रो का स्कोर ROG Phone 2 से थोड़ा बेहतर है।

लॉन्च हो चुका है ब्लैक शार्क 2
इससे पहले कंपनी मार्च में ब्लैक शार्क 2 स्मार्टफोन लॉन्च कर चुकी है। Black Shark 2 में 6.39 इंच का ट्रू व्यू ऐमोलेड डिस्प्ले दिया गया है जिसका रेजॉलूशन 2340 x 1080 पिक्सल है। फोन में 48 मेगापिक्सल और 13 मेगापिक्सल का रियर कैमरे और सेल्फी के लिए 20 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा है।

कंपनी के इस नए फोन में क्वॉलकम स्नैपड्रैगन 855 प्रोसेसर दिया गया है। इसके अलावा गेमिंग एक्सपीरिएंस को पहले से बेहतर करने के लिए इस फोन में Adreno 640 GPU चिप का इस्तेमाल किया गया है। नए ब्लैक शार्क 2 में 12GB रैम के साथ 256GB इंटरनल स्टोरेज है। ऐंड्रॉयड 9 पाई पर चलने वाले इस फोन में हैवी गेम खेलने के लिए लिक्विड कूलिंग 3.0 टेक्नॉलजी दी गई है। फोन का पावर देने के लिए 4000 mAh की बैटरी दी गई है जो 27W चार्ज सपॉर्ट करती है।

मात्र 150 लोगों ने दबा रखे हैं बैंकों के साढ़े चार लाख करोड़ रुपए : रिपोर्ट

नई दिल्ली। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के आंकड़ों के अनुसार, देश के अनुसूचित कॉमर्शियल बैंकों (एससीबी) का 31 मार्च 2019 तक 9,49,279 करोड़ रुपए नॉन परफॉर्मिंग एसेट (एनपीए) के रूप में फंसा पड़ा है। सरकार ने संसद में कहा है कि इसमें से 4,54,188 करोड़ रुपए मात्र देश के 150 लोगों को पास फंसा पड़ा है। यह एसएसबी के कुल एनपीए का करीब 50 फीसदी है। हालांकि, यह राशि किन-किन लोगों पर उधार है, इसकी जानकारी नहीं दी गई है।

केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर की ओर से संसद में दी गई जानकारी के अनुसार, एनपीए में फंसी बैंकों की राशि की वसूली के लिए दिवाला और शोधन अक्षमता संहिता, 2016 (आईबीसी) बनाया गया है। इसके तहत बैंकों की ओर से नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल (एनसीएलटी) में दिवाला समाधान प्रक्रिया शुरू की जाती है।

दिवाला समाधान प्रक्रिया शुरू होते ही उधारकर्ता बैंक दिवाला कंपनी के कार्यों का प्रबंधन अपने हाथों में ले लेते हैं। आईबीसी को और प्रभावी बनाने के लिए इसमें कई संशोधन किए गए हैं। इन संशोधनों के तहत उधारकर्ता को तीन माह का कारावास और बंधक रखी गई संपत्ति पर 30 दिन के भीतर कब्जा करने का प्रावधान किया गया है।

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा है कि एनपीए राशि की वसूली के लिए कई बैंकों की ओर से ऋण वसूली अधिकरणों (डीआरटी) के समक्ष भी वाद-दायर किए गए हैं। वसूली में तेजी लाने के लिए सरकार ने देश में 6 नए डीआरटी की स्‍थापना की है।

केंद्रीय मंत्री के अनुसार, वसूली को बढ़ाने के लिए ज्यादा राशि वाले एनपीए खातों की पहचान की गई है और इनको निगरानी अलग से की जा रही है। इसके अलावा 250 करोड़ रुपए से ज्यादा बकाए वाले खातों की निगरानी एक विशेष एजेंसी से कराई जा रही है।

वित्त वर्ष 2018-19 में डेढ़ लाख करोड़ रुपए की वसूली
वित्त राज्य मंत्री ने कहा है कि वसूली में तेजी लाने के लिए किए जा रहे प्रयासों का असर दिख रहा है। केंद्रीय मंत्री के अनुसार, बीते चार सालों में कुल 4,01,424 करोड़ रुपए की वसूली की गई है। वित्त वर्ष 2018-19 में 1,56,746 करोड़ रुपए एनपीए की वसूली की गई है जो बीते चार सालों में सबसे अधिक है।

राज. का सबसे बड़ा बायोलोजिकल पार्क इसी वर्ष दिसंबर में होगा शुरू

कोटा। शहरवासियों को इस साल के अंत तक अभेड़ा में बायोलोजिकल पार्क की सौगात मिल जाएगी। इस पर लगभग 40 करोड़ की लागत आएगी। 126 हैक्टेयर में बनने वाला ये बायोलोजिकल पार्क प्रदेश में सबसे बड़ा होगा। अधिकारियों का कहना है कि इस लिहाज से भी यह प्रदेश का पहला पार्क है, जिसमें विरासत और वाइल्ड लाइफ एक साथ नजर आएगी।

यहां बब्बर शेर से लेकर बाघ और अन्य वन्यजीव देखने को मिलेंगे। यहां कुल 44 एनक्लोजर का निर्माण किया जाना है। पहले फेज में 19 पिंजरों का निर्माण कार्य जारी है। इनमें 11 पिंजरों का कार्य 80 प्रतिशत हो चुका है। इस साल के अंत तक कोटा चिड़ियाघर के वन्यजीव इसमें शिफ्ट कर दिए जाएंगे। दिसंबर तक शहरवासी यहां की विजिट कर सकेंगे। डीसीएफ डा. सुनील चिद्री बताते हैं कि पार्क के लिए पहले फेज में 20 करोड़ की राशि मिल चुकी है।

ये वन्यजीव और पक्षी आएंगे नजर
टाइगर, पैंथर, बब्बर शेर, जैकाल, इंडियन फॉक्स, इंडियन वुल्फ, भालू, हायना, चीतल, सांभर, नील गाय, काला हिरन, चिंकारा वन्यजीवों के पंजरों का काम जारी है। इसके अलावा विस्लिंग टील, इंडियन टी-फाउल सहित पांच पक्षियों के पिंजरों का कार्य प्रगति पर है। इसके अलावा दूसरे फेज में घड़ियाल, कछुआ, लंगूर, जंगली बिल्ली, सारस क्रेन, तोता सहित अन्य पक्षियों के पिंजरे शामिल हैं।

15 हजार पौधे लगाए जाएंगे बायोलॉजिकल पार्क में
डा. चिद्री ने बताया कि पिंजरों में पांच हजार पौधे लगेंगे और ग्रीन बेल्ट में 10 हजार पौधे लगाए जा चुके हैं। यह एरिया वन्यजीव के लिहाज से मुफीद होगा। यहां पाथ-वे का निर्माण हो चुका है। विजिटर्स मोटर वाहन से पार्क में घूम सकेंगे।

Fraud : पीएनबी मैनेजर ने नौकरी में रहते किया करोड़ों का घोटाला

जोधपुर। पंजाब नेशनल बैंक की बालोतरा शाखा के पूर्व सीनियर मैनेजर केके मोहनोत (रिटायर्ड) ने पद पर रहते हुए करोड़ों की गड़बड़ियां की और उन्हें सही दर्शाने के लिए कई डमी अकाउंट भी खोले। इनसे एक से दूसरे खातों में ट्रांसफर करने के साथ ही अपने बेटे व पत्नी के अकाउंट में भी रुपए ट्रांसफर करता रहा।

इतना ही नहीं, हेरफेर के लिए तत्कालीन बैंक मैनेजर ने एक साल बैकडेट में एफडीआर बनाई और दो दिन बाद ही लाखों का ब्याज भुगतान करना दर्शा दिया। इन एफडीआर पर भी ब्रांच कैपेसिटी से ज्यादा की ब्याज दर देकर बैंक को करोड़ों की चपत लगाई।

बैंक की इंटरनल जांच में खुलासा होने के बाद पीएनबी सर्किल ऑफिस के चीफ मैनेजर रवींद्रकुमार पांडे ने सीबीआई (एंटी करप्शन जोधपुर) को पीएनबी बालोतरा के तत्कालीन सीनियर मैनेजर मोहनोत के खिलाफ 15 नवंबर 2011 से 31 जुलाई 2016 तक पद पर रहते हुए 3,48,87,500 रु. की गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दी।

प्रारंभिक पड़ताल के बाद सीबीआई ने 9 जुलाई को केस दर्ज किया था। सीबीआई सूत्रों के अनुसार गबन राशि में से काफी राशि तो फ्रॉड का खुलासा होने पर आरोपी ने जमा भी करवा दी थी, लेकिन विभिन्न स्तर पर की गई अनियमितताओं की गहनता से पड़ताल में कई और चौंकाने वाली बातें सामने आ सकती हैं।

कंस्ट्रक्शन कंपनी पर 18 करोड़ की जीएसटी चोरी पकड़ी

0

जबलपुर। सेंट्रल जीएसटी जबलपुर की कर अपवंचन शाखा ने शनिवार को श्रीजी इंफ्रास्ट्रक्चर इंडिया प्रा. लिमिटेड के जबलपुर, रायपुर और भोपाल स्थित ऑफिसों पर एक साथ छापा मारा। इस दौरान 18 करोड़ रु. की जीएसटी चोरी की बात सामने आई। कंपनी के डायरेक्टर ज्ञानेंद्र सिंह और उनके पार्टनर्स से पूछताछ की गई।

प्रारंभिक कार्रवाई के बाद कंपनी ने 1.5 करोड़ रु. जमा कराए। सेंट्रल जीएसटी के प्रधान आयुक्त पीके अग्रवाल के नेतृत्व में कार्रवाई हुई।कंपनी मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में सड़क एवं सरकारी निर्माण कार्यों का ठेका लेती है। जांच में पता चला कि कंपनी अन्य कंपनियों के साथ मिलकर काम कर रही थी, जिनके रिटर्न की जांच में कई तरह की गड़बड़ियां मिलीं।

कंपनी ने अन्य कंपनियों के साथ ज्वाॅइंट वेंचर बनाकर ठेके लिए और काम पूरा किया, जबकि टैक्स का संपूर्ण भुगतान इनपुट टैक्स क्रेडिट के माध्यम से किया गया। जीएसटी टीम को जानकारी मिली कंपनी रायपुर और भोपाल में कार्यालय खोलने के बाद कई कंपनियां चला रही है, जिसमें बड़े पैमाने पर जीएसटी में गोलमाल हुआ है।

बदलाव/ अब मेडिकल स्टूडेंट्स को पढाएंगे मरीजों से मधुर संबंध के गुर

कोटा। अब मेडिकल स्टूडेंट्स को मरीजों से मधुर संबंध के गुर पढ़ाए जाएंगे। इसके लिए टीचर्स को स्पेशल ट्रेनिंग दी गई है। दरअसल मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया (एमसीआई)ने अंडरग्रेजुएट मेडिकल करिकुलम में कुछ संशोधन किए हैं। नए सिलेबस के मुताबिक अब प्रथम वर्ष के स्टूडेंट्स केवल थ्योरिटकल नॉलेज नहीं लेंगें बल्कि मरीजों के केस भी हैंडल करेंगे। नए सिलेबस को जनता के अनुसार तैयार किया गया है। इससे मरीज और चिकित्सक के बीच मधुर संबंध बनाने में मदद मिलेगी।

मेडिकल काॅलेज कोटा के प्रिसीपल डाॅ. विजय सरदाना ने बताया कि मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया (एमसीआइ) के द्वारा एमबीबीएस के सिलेबस में बदलाव कर दिया है। राज्य स्तर में इस सिलेबस में स्थानीय आधार पर कुछ बदलाव करते हुए एक्सट्रा एक्टिविटीज को जोड़ा गया है। यह बदलाव एक अगस्त 2019 से शुरू होने जा रहे नए सत्र से लागू होंगे। इसे कॉम्पेटेटिव अंडर ग्रेजुएट बेस्ड मेडिकल एजुकेशन नाम दिया गया है।

इसमें आधार ज्ञान (बेसिक नॉलेज) तो देना ही होगा, साथ ही फाउंडेशन कोर्स भी करवाया जाएगा, जो महीने भर चलेगा। इसमें छात्रों को व्यावहारिक ज्ञान, मरीज के प्रति संवेदना तथा स्थानीय भाषा भी सिखाई जाएगी। इसके साथ ही स्वच्छता का पाठ भी पढ़ाया जाएगा। एक्सट्रा करिकुलम एक्टिविटी में रुचि परखी जाएगी। यह सारी कवायद मरीजों के हित में और डॉक्टर्स की क्वालिटी को बढ़ावा देने के लिए की जा रही है।

अब तक यह माना जाता था कि मरीज से व्यवहार के बारे में अपने सीनियर से सीखा जा सकता है, लेकिन अब इसे पाठ्यक्रम में शामिल कर लिया गया है। एमसीआई ने सिलेबस को अपडेट करने के अलावा एक नई पहल भी की है। जिसके तहत टीचर्स का भी प्रशिक्षण कराया जाएगा। जिसे करिकुलम इम्प्लीमेंटेंशन सपोर्ट प्रोग्राम सीआईएससी नाम दिया गया है।

डाॅ. सरदाना ने बताया कि कोटा से करीकुलम कमेटी के सदस्य डाॅ. दीपिका मित्तल, डाॅ. नरेश राॅय, डाॅ. प्रतिमा जायसवाल, डाॅ. मनोज सलूजा, डाॅ. जयश्री सिंह का काॅलेज डीन के साथ अहमदाबाद में दो बार नए पाठ्यक्रम के अनुसार प्रशिक्षण हुआ है।

मेडिकल काॅलेज कोटा से जुड़े संभी संकायों के चिकित्सक शिक्षकों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग 23 जुलाई से कांफ्रेंस हाॅल में शुरू होगा। जिसमें एमसीआई के द्वारा चिकित्सा शिक्षा में किए गए अहम बदलावों के बारे में टीचर्स को प्रशिक्षित किया जाएगा।

अब 30-30 लोगों के समूह में इस टीम के द्वारा अन्य संकाय चिकित्सक शिक्षकों को प्रातः 9 से 5 बजे तक ट्रेनिंग दी जाएगी। इस अवसर पर अहमदाबाद मेडिकल काॅलेज से आब्जर्वर डाॅ. नीरज महाजन भी उपस्थित रहेंगे।

पेथोलाॅजी में बढी एक सीट, अब 5 सीटो पर मिलेगा प्रवेश
डाॅ. विजय सरदाना ने बताया कि मेडिकल कौंसिल ऑफ़ इण्डिया एमसीआई के द्वारा मेडिकल काॅलेज कोटा में पैथाॅलोजी में एक सीट की बढोतरी की गई है। अब तक इस विभाग में चार सीटों पर प्रवेश मिलता था। अब एक सीट की बढोतरी के साथ ही पांच सीटों पर प्रवेश मिल सकेगा।

सांसारिक लोग भ्रम वश धन को सुख मान बैठे हैं: आर्यिका सौम्यनन्दिनी

कोटा। दिगंबर जैन मन्दिर महावीर नगर विस्तार योजना में चातुर्मास कर रही आर्यिका सौम्यनन्दिनी माताजी ने अपने प्रवचन में कहा कि हमारे कर्म दुखों का कारण हैं और इनसे निवारण के लिए धर्म की शरण में जाना पड़ता है।

सांसारिक व्यक्ति धन और मौजमस्ती को सुख मानकर उसी का अहंकार करता रहता है। भ्रमवश परछाई को सुख मानने से उसका धर्म भी व्यर्थ चला जाता है। जिस प्रकार दर्पण में मुख नहीं होता है, लेकिन दिखता है। उसी प्रकार संसार में सुख नहीं है, लेकिन दिखता रहता है। सच्चा सुख तो मोक्ष और सिद्धालय में है।

इस अवसर पर कैलाशचन्द जैन, संजय जैन, मुकेश कुमार जिठानीवाल, हेमंत डूंगरवाल, पावन वर्षायोग समिति के अध्यक्ष नवीन जैन दोराया, महामंत्री पारस जैन, कार्याध्यक्ष पवन ठोला, अनिल जैन, अनिल चेलावत, सुनील जैन, मयूरी खटोड़, ललित लूंग्या, विनोद जैन, हुकुमचंद हरसौरा, रमेशचन्द दौराया, पारसचन्द ठग, पदमचन्द जैन समेत कईं लोग मौजूद रहे।

पढाई करो, फीस और किताबों की चिन्ता छोड़ोः संदीप शर्मा

कोटा। जेसीआई कोटा स्टार की ओर से शनिवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय केशवपुरा में पाठ्यसामग्री का बच्चों के बीच वितरण किया गया। स्टार की ओर से जरूरतमन्द छात्र छात्राओं को पुस्तक, कॉपी स्कूल बैग, बोटल गणवेश समेत अन्य सामग्री वितरित की गई। इस दौरान 70 बालिकाओं को सैनेट्री नेपकीन भी बांटे गए।

समारोह के मुख्य अतिथि कोटा दक्षिण के विधायक संदीप शर्मा थे। विधायक शर्मा ने बच्चों को अच्छी पढ़ाई करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि पढ़ाई करो, फीस कॉपी, किताबों की चिन्ता छोड़ दो। उन्होंने पाठ्यसामग्री वितरण को श्रेष्ठ कार्य बताते हुए जेसीआई कोटा स्टार की प्रशंसा की।

कार्यक्रम निदेशक दीपक कोठारी व कविता कोठारी ने बताया कि प्रवेशोत्सव के दौरान पाठ्यसामग्री पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे। अध्यक्ष सौरभ जैन ने बताया कि राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय केशवपुरा में आयोजित 50 विद्यार्थियों को शिक्षण सामग्री व स्कूल ड्रेस वितरण की गई है।

वहीं स्कूल की शुल्क भरने में असमर्थ बच्चों की फीस भी जेसीआई कोटा स्टार की ओर भरी जाएगी। पूर्व अध्यक्ष संजय गोयल ने बताया कि जेसीआई कोटा स्टार द्वारा यह विद्यालय गोद ले रखा है। यहां पर समय समय पर विद्यार्थियों की आवश्यकता को पूरा किया जाता है।

इस दौरान विधायक संदीप शर्मा ने स्कूल परिसर में अमरूद का पौधा भी लगाया। संस्था के सदस्य अनिल गोयल ने 2 पंखे देने की घोषणा की। पिछले वर्ष अच्छे अंक लाने वाले छात्र छात्राओं को अनूप अग्रवाल ने 2100 रुपये देकर सम्मानित किया।

अन्त मे शाला प्रधान सतीश गुप्ता व प्रकाश जायसवाल ने धन्यवाद दिया। इस अवसर पर सचिव तनुज खण्डेलवाल, चेयरपर्सन श्वेता जैन, पूर्व अध्यक्ष संजय गोयल, महेश गुप्ता, मनोज जैन, आशीष जैन, आशुतोष जैन उपस्थित थे