Sunday, July 12, 2026
Home Blog Page 174

बड़े मथुराधीश मंदिर पर आज मनाएंगे राम नवमी, होंगे विशेष पंचामृत दर्शन

कोटा। शुद्धाद्वैत प्रथम पीठ श्री बड़े मथुराधीश मंदिर, पाटनपोल पर श्रीराम नवमी शुक्रवार को मनाई जाएगी। इस अवसर पर मंदिर में शालिगराम जी के भव्य पंचामृत दर्शन होंगे।

प्रथम पीठ युवराज मिलन बावा ने बताया कि पुष्टिमार्ग में भगवान विष्णु के चार अवतारों श्रीकृष्ण, श्रीराम, श्रीनृसिंह एवं श्रीवामन को विशेष मान्यता दी गई है। क्योंकि प्रभु ने ये अवतार निसाधन भक्तों पर कृपा करने हेतु लिए थे। इसी कारण इन चारों जयंती उत्सवों को पुष्टिमार्ग में ‘पुष्टिलीला’ के रूप में पूर्ण श्रद्धा के साथ मनाया जाता है।

​उन्होंने बताया कि 27 मार्च (चैत्र शुक्ल पक्ष नवमी) से दर्शनों की व्यवस्था में ऋतु परिवर्तन के अनुसार बदलाव किया जा रहा है।शयन के दर्शन आगामी कार्तिक कृष्ण पक्ष अष्टमी तक के लिए बंद रहेंगे। श्रीराम नवमी के अवसर पर राजभोग के दर्शन दोपहर 12 बजे के बाद सेवानुकूल समय पर खुलेंगे।

श्रीराम नवमी के अवसर पर दर्शनों का क्रम इस प्रकार रहेगा
मंगला के दर्शन प्रातः 06:30 बजे से समय अवधि तक खुलेंगे। इस दिन ग्वाल के दर्शन नहीं खुलेंगे। राजभोग के दर्शन दोपहर 12 बजे के बाद सेवा अनुकूल समय पर होंगे। सायंकाल के क्रम में उत्थापन के दर्शन अपराह्न 4 बजे से होंगे। जबकि भोग-आरती के दर्शन शाम 5 से 5:30 बजे के बीच सेवा अनुकूल समय पर किए जा सकेंगे।

शयन दर्शन को लेकर विशेष सूचना
मंदिर प्रबंधन की सूचना के अनुसार चैत्र शुक्ल पक्ष नवमी से शयन के दर्शन नहीं खुलेंगे। ऋतु परिवर्तन और पुष्टिमार्गीय परंपरा के अनुसार, चैत्र शुक्ल पक्ष नवमी से लेकर कार्तिक कृष्ण पक्ष अष्टमी तक शयन के दर्शन बंद रहेंगे। मंदिर प्रबंधन ने सभी वैष्णव जनों से समय के इस परिवर्तन का ध्यान रखते हुए ही मंदिर आने की अपील की है।

झालावाड़ जिले की डग तहसील के गेहूं खरीद घोटाले की उच्च स्तरीय जांच की मांग

कोटा। भारतीय किसान संघ के पदाधिकारियों ने झालावाड़ जिले की डग तहसील में गेहूं खरीद पंजीकरण में सामने आई भारी अनियमितताओं पर गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए इसे एक सुनियोजित षड्यंत्र करार दिया है।

प्रान्त प्रचार प्रमुख आशीष मेहता ने इस संबंध में बयान जारी करते हुए कहा कि एक ओर जहां साधारण किसान अपनी उपज की तुलाई के लिए एक-एक स्लॉट को तरस रहा है, वहीं दूसरी ओर रसूखदारों और बिचौलियों द्वारा अधिकारियों की मिलीभगत से 5000 से 9000 क्विंटल तक के फर्जी स्लॉट बुक कर लिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि 9000 क्विंटल की उपज के लिए 1100 बीघा से अधिक भूमि की आवश्यकता होती है, जो किसी भी स्थानीय किसान के पास उपलब्ध नहीं है। यह स्पष्ट रूप से सरकारी धन और न्यूनतम समर्थन मूल्य की व्यवस्था का दुरुपयोग करने का प्रयास है।

​जिला अध्यक्ष जगदीश कलमंडा और सम्भाग अध्यक्ष गिरीराज चौधरी ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने तुरंत सख्त कदम नहीं उठाए, तो संगठन उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगा।

उन्होंने कहा कि यह केवल एक तहसील या जिले का मामला नहीं है, बल्कि पूरे प्रदेश में व्यापारियों द्वारा किसानों के गिरदावरी दस्तावेजों का दुरुपयोग कर कम दाम पर खरीदे गए गेहूं को सरकारी कोटे में खपाने की एक बड़ी साजिश प्रतीत होती है।

पदाधिकारियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि ऐसे सभी संदिग्ध स्लॉट को तुरंत निरस्त कर दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए और ऑनलाइन पोर्टल की खामियों को दूर किया जाए।

संगठन की प्रदेश महिला प्रमुख रमा शर्मा और प्रान्त महिला प्रमुख रजनी धाकड़ ने कहा कि भ्रष्टाचार के इस खेल का सीधा असर प्रदेश के सीमांत और छोटे किसानों पर पड़ रहा है, जिन्हें समय पर भुगतान और स्लॉट नहीं मिल पा रहे हैं।

जिला मंत्री रूनारायण यादव ने मुख्यमंत्री और कृषि मंत्री से गुहार लगाते हुए मांग की है कि इस घोटाले की जड़ें गहरी हो सकती हैं, अतः इसकी जांच केवल झालावाड़ तक सीमित न रखकर संपूर्ण प्रदेश में विशेष जांच दल गठित कर करवाई जाए।

भारतीय किसान संघ का स्पष्ट मत है कि जब तक प्रदेश के हर जिले में पंजीकरण डेटा का भौतिक सत्यापन नहीं होगा, तब तक वास्तविक किसानों को सरकारी योजनाओं का पूर्ण लाभ मिलना संभव नहीं है।

रामनवमी पर आज निकलेगी भव्य शोभायात्रा, परंपरा के साथ होगा ‘राम-भरत मिलाप’

कोटा। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव ‘रामनवमी’ के पावन अवसर पर शुक्रवार को शहर में एक विशाल एवं भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। सार्वजनिक मंदिर श्री रघुनाथ जी व शीतला माता, रामपुरा की कार्यक्रम प्रबंधक समिति द्वारा आयोजित यह महोत्सव पिछले 65 वर्षों से अनवरत रूप से श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है।

​आयोजनकर्ता लेखराज गौतम, भगवान लड्डा और विष्णु गोयल ने बताया कि शोभायात्रा का शुभारंभ सायं 5 बजे नयापुरा स्थित गोपाल निवास बाग के हनुमान मंदिर से होगा।

शोभायात्रा में भगवान राम, माता सीता, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न के साथ हनुमान जी विशेष बग्घियों में सवार होकर नगर भ्रमण पर निकलेंगे। गाजे-बाजे और ढोल-नगाड़ों के साथ यह शोभायात्रा खाई रोड और लाडपुरा होते हुए रघुनाथ चौक, रामपुरा बाजार पहुंचेगी।

​आयोजन का मुख्य आकर्षण रामपुरा में होने वाला ऐतिहासिक ‘राम-भरत मिलाप’ होगा। जहाँ दोनों भाइयों के पुनर्मिलन के दृश्य को जीवंत किया जाएगा। इसके पश्चात रघुनाथ चौक में भव्य महाआरती का आयोजन होगा और उपस्थित जनसमूह के बीच प्रसाद का वितरण किया जाएगा।

एसएसआई एसोसियेशन के निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचन पर अंकुर गुप्ता का किया अभिनंदन

कोटा। होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन के वर्तमान कोषाध्यक्ष अंकुर गुप्ता को दी एस एस आई एसोसियेशन के निर्वाचित अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित होने पर होटल फेडरेशन की ओर से हार्दिक अभिनन्दन किया गया।

फेडरेशन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी एवं महासचिव संदीप पाडिया ने बताया कि अंकुर गुप्ता द्वारा वर्तमान में पर्यटन के क्षेत्र में काम किया जा रहा है। अब दी एसएसआई एसोसिएशन का निर्वाचित अध्यक्ष निर्वाचित होने से वे ओद्योगिक विकास क्षेत्र में भी कार्य करेंगे।

कोटा व्यापार महासंघ के कोषाध्यक्ष राजेन्द्र कुमार जैन को दी एसएसआई एसोसिएशन के डवलपमेन्ट फोरम का संरक्षक एवं कोटा व्यापार महासंघ के उपाध्यक्ष अनिमेष जैन को दी एस एस आई एसोसिएशन के उपाध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित होने पर उनका भी अभिनंदन किया गया।

इस अवसर पर दी एसएसआई एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष राजेश गुप्ता, देवेन्द्र कुमार जैन, जम्बू कुमार जैन, विपिन सूद मुकेश गुप्ता, पवन लालपुरिया मोजूद थे ।

Kota Mandi: प्लांट वालों की खरीद से कोटा मंडी में सोयाबीन तेज बिकी

कोटा। Kota Mandi Price Today: भामाशाह अनाज मंडी में गुरुवार को समर्थन मूल्य पर खरीद से गेहूं 30 रुपये, चना 50 रुपये और सरसों 150 रुपये ऊंची बिकी। प्लांट वालों की खरीद से सोयाबीन 25 रुपये तेज बिकी।

देसावरी मांग से लहसुन 1000 रुपये प्रति क्विंटल उछल गया। मंडी में सभी कृषि जिंसों की मिलाकर करीब पौने दो लाख कट्टे और लहसुन की 6000 कट्टे की आवक रही। जिंसों के भाव रुपये प्रति क्विंटल इस प्रकार रहे-

गेहूं पुराने 2130 से 2350, गेहूं नया 2230 से 2525, ज्वार शंकर 1700 से 2300, ज्वार सफेद 2800 से 5000, बाजरा 1800 से 2050, मक्का लाल 1400 से 1800, मक्का सफेद 1600 से 2200, जौ नया 1900 से 2150 रुपये प्रति क्विंटल।

धान सुगन्धा 2800 से 3251,धान (1509) 3400 से 3900, धान (1847) 3200 से 3901, धान (1718-1885) 3900 से 4350, धान (पूसा-1) 3600 से 4050, धान (1401-1846) 3800 से 4150, धान दागी 1500 से 3400 रुपये प्रति क्विंटल।

सोयाबीन 5000 से 5520, सरसों 6000 से 7050, अलसी 6000 से 6900, तिल्ली 7000 से 8500 रुपये प्रति क्विंटल। मूंग 6000 से 6500, उड़द 4500 से 8150, चना देशी पुराना 4700 से 5151, चना मौसमी नया 5000 से 5350, चना पेप्सी 4800 से 5301, चना डंकी 3500 से 4500, चना काबुली 5500 से 7500, नया चना देशी 5000 से 5401 रुपये प्रति क्विंटल।

नया लहसुन 2500 से 11500, मैथी 4000 से 5500, मैथी नयी 5800 से 6400, धनिया बादामी पुराना 7500 से 9800, धनिया ईगल 10200 से 10800, धनिया नया 8500 से 10500, धनिया रंगदार 11000 से 16000 रुपये प्रति क्विंटल।

गेहूं की सरकारी खरीद संबंधी बाधाएं होंगी दूर, पोर्टल फिर खुलेगा

गुणवत्ता मानकों में ढील के लिए केंद्र को भेजेंगे प्रस्ताव, ऊर्जा मंत्री ने ली अफसरों की बैठक

कोटा। राजस्थान के ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने गेहूं खरीद प्रक्रिया में किसानों को आ रही तकनीकी और व्यावहारिक समस्याओं के समाधान के लिए गुरूवार को सर्किट हाउस में उच्च स्तरीय बैठक की।

बैठक में जिला कलेक्टर पीयूष समारिया, भारतीय खाद्य निगम, नागरिक आपूर्ति निगम और राजफेड के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मंत्री नागर ने स्पष्ट किया कि सरकार का लक्ष्य किसानों को उनकी उपज का दाना-दाना बेचने में सुविधा प्रदान करना है और इसके लिए सिस्टम की खामियों को तुरंत दुरुस्त किया जाएगा।

बैठक में यह बात सामने आई कि ऑनलाइन सिस्टम में कई किसानों ने अपनी मर्जी से अधिक मात्रा भर दी, जिसके कारण स्लॉट फुल हो गए और कई वास्तविक किसानों को मई-जून तक की लंबी तारीखें मिल रही हैं।

इस विसंगति को दूर करने के लिए मंत्री नागर ने निर्देश दिए कि पोर्टल को दोबारा खोलकर गिरदावरी और रजिस्ट्रेशन की त्रुटियों को सुधारा जाए। साथ ही, रकबे के अनुसार ही स्लॉट बुकिंग सुनिश्चित की जाएगी ताकि पारदर्शिता बनी रहे।

यह भी सामने आया कि बेमौसम बारिश और अतिवृष्टि के कारण गेहूं की चमक कम होने, दाना कटने या ‘काला नक्का’ आने की शिकायतें मिल रही हैं। जिससे केंद्रों पर गेहूं रिजेक्ट हो रहा है।

मंत्री नागर ने कहा कि किसानों के नुकसान को रोकने के लिए राज्य सरकार केंद्र सरकार को शिथिलता देने के लिए प्रस्ताव भेजेगी। गत वर्ष भी ऐसी शिथिलता दी गई थी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पिछले वर्ष की भांति इस बार भी गुणवत्ता मानकों में छूट के लिए प्रस्ताव भेजा जाए, ताकि किसान को पूरा न्यूनतम समर्थन मूल्य मिल सके।

केशोरायपाटन के 33 गांवों को बड़ी राहत
बूंदी जिले के केशोरायपाटन क्षेत्र के 33 गांवों में राजस्व रिकॉर्ड ऑनलाइन दर्ज नहीं होने के कारण किसान पंजीकरण नहीं कर पा रहे थे। मंत्री नागर ने इस पर कड़ा संज्ञान लेते हुए निर्देश दिए कि इन गांवों के किसानों के लिए ऑफलाइन बुकिंग और पुराने सिस्टम से रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था की जाए, ताकि कोई भी किसान सरकारी खरीद से वंचित न रहे।

खेतों के रास्तों का कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश
इससे पहले ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने सांगोद विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में खेतों के रास्तों को लेकर चल रहे विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सख्त लहजे में निर्देशित किया कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं, ताकि किसानों को आवागमन में कोई असुविधा न हो।

तकनीकी सुधार हो, किसानों को राहत मिले
ऊर्जा मंत्री नागर ने गेहूं खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अब ऑनलाइन पोर्टल पर किसान द्वारा मनचाही मात्रा भरने की सुविधा नहीं होगी। सर्वर केवल राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज वास्तविक रकबे के अनुसार ही स्लॉट स्वीकार करेगा। साथ ही, गिरदावरी की उन विसंगतियों को तुरंत ठीक करने के आदेश दिए गए हैं जहाँ तकनीकी त्रुटि के कारण फसल शून्य दिखाई दे रही है।

जैन ट्रेड फेयर में जैन समाज के व्यापारियों व उद्यमियों को मिलेगा सशक्त मंच

कोटा। महावीर जयंती के पावन अवसर पर सकल जैन समाज, कोटा के तत्वावधान में “जैन ट्रेड फेयर 2026” का भव्य आयोजन दशहरा मैदान में 29-30 मार्च को किया जाएगा।

इस आयोजन को जैन यूथ क्लब, कोटा द्वारा सक्रिय रूप से सपोर्ट एवं संचालित किया जा रहा है। डीवाईएसपी अंकित जैन ने कार्यक्रम का पोस्टर विमोचन किया।

आयोजन की कमान युवा टीम हर्षित जैन, धैर्य जैन, रचित जैन, युग जैन, चयन जैन एवं वत्सल जैन के हाथों में है, जो पूरे उत्साह और समर्पण के साथ इस कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटे हुए हैं।

इस भव्य ट्रेड फेयर में 90 से अधिक स्टॉल्स लगाए जाएंगे, जिनमें कार डीलरशिप, मैरिज ब्यूरो, बिल्डिंग मटेरियल, टाइल्स, फूड स्टॉल्स, ज्वेलरी शॉप्स, महिला गृह उद्योग सहित विभिन्न व्यवसायों एवं उद्योगों से जुड़े स्टॉल्स शामिल होंगे।

फेयर का उद्देश्य विशेष रूप से छोटे एवं नए उद्यमियों को प्रोत्साहित करना है, ताकि वे अपनी पहचान बना सकें, मार्केटिंग कर सकें और व्यापक स्तर पर नेटवर्किंग के अवसर प्राप्त कर सकें।

Crypto Crash: क्रिप्टो मार्केट में निवेशकों के 4.70 लाख करोड़ रुपये स्वाहा

नई दिल्ली। Crypto Market Crash: क्रिप्टोकरेंसी बाजार में गुरुवार को बड़ी गिरावट आई। क्रिप्टो मार्केट कैप पिछले 24 घंटे में करीब 2% गिर गया। दोपहर 2:30 बजे यह करीब 2% की गिरावट के साथ 2.40 ट्रिलियन डॉलर पर कारोबार कर रहा था।

24 घंटे की गिरावट से निवेशकों को करीब 4.70 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो गया। वहीं इस गिरावट का असर दुनिया की सभी प्रमुख क्रिप्टोकरेंसी में दिखाई दिया।

क्रिप्टो मार्केट की इस गिरावट की सबसे ज्यादा मार काइट (Kite) क्रिप्टो पर पड़ी। कॉइनमार्केटकैप की टॉप 100 क्रिप्टो में शामिल काइट 24 घंटे में करीब 10% गिर गई। दोपहर 2:30 बजे काइट 0.2097 डॉलर पर कारोबार कर रही थी। हालांकि इस गिरावट के उलट कुछ ऐसी भी क्रिप्टो रहीं जिनमें तेजी आई।

किस क्रिप्टो में कितनी गिरावट

  • पिछले 24 घंटे में दुनिया की लगभग सभी प्रमुख क्रिप्टोकरेंसी में गिरावट आई है।
  • बिटकॉइन करीब 1.80% की गिरावट के साथ 70 हजार डॉलर के नीचे कारोबार कर रहा था।
  • इथेरियम में ढाई फीसदी से ज्यादा की गिरावट थी। इस गिरावट के साथ यह 2116 डॉलर पर था।
  • बाइनेंस भी 2 फीसदी से ज्यादा लुढ़क चुका था। यह 2:30 बजे करीब 632 डॉलर पर था।
  • रिपल में करीब 3 फीसदी और सोलाना में करीब 4 फीसदी की गिरावट आई हुई थी। डॉगकॉइन भी करीब 5 फीसदी की गिरावट पर था।
  • कार्डानो 4 फीसदी से ज्यादा गिरकर 0.2599 डॉलर पर कारोबार कर रहा था। शिबा इनु में भी 4 फीसदी से ज्यादा की गिरावट थी।

इन क्रिप्टो में आई तेजी

ऐसा नहीं है कि मार्केट में गिरावट से सभी क्रिप्टो लुढ़क गईं। कुछ क्रिप्टोकरेंसी ऐसी भी रहीं जिनमें तेजी आई। इसमें ट्रॉन, कैंटन, मीमकोर, पाई नेटवर्क कॉइन आदि शामिल हैं। 24 घंटे में ट्रॉन में 2 फीसदी से ज्यादा की तेजी आई। कैंटन कॉइन एक फीसदी से ज्यादा उछल गया। मीमकोर में करीब 40 फीसदी का उछाल आया। पाई नेटवर्क कॉइन में भी मामूली तेजी देखी गई।

भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव कोटा में 29-30 मार्च को मनाया जाएगा

शोभायात्रा, सांस्कृतिक संध्या, जैन यूथ फेयर और सेवा गतिविधियों से गूंजेगा शहर

कोटा। जैन धर्म के 24वें एवं अंतिम तीर्थंकर भगवान श्री महावीर स्वामी के 2625वें जन्म कल्याणक महोत्सव के अवसर पर कोटा शहर में 29 एवं 30 मार्च को दो दिवसीय भव्य आयोजन होंगे।

श्री सकल दिगम्बर जैन समाज समिति, कोटा के तत्वावधान में दिगम्बर एवं श्वेताम्बर जैन समाज द्वारा आयोजित इस महोत्सव में धार्मिक, सांस्कृतिक, सामाजिक एवं सेवा से जुड़े विविध कार्यक्रमों की श्रृंखला रहेगी।

सकल समाज के पदाधिकारियों ने गुरुवार को तलवंडी जैन मंदिर में विभिन्न कार्योक्रमो का पोस्टर विमोचन किया। इस अवसर पर सकल समाज के संरक्षक राजमल पाटौदी, कार्यध्यक्ष जेके जैन, मनोज आदिनाथ, विकास अजमेरा, मनोज जैसवाल, नरेश वेद, लोकेश सीसवाली, महामंत्री पदम बडला, कोषाध्यक्ष जितेन्द्र हरसौरा, महिला प्रकोष्ठ से निशा वेद, पारस लुंग्या, अनिल ठोरा, अशोक पहाडिया, प्रकाश सामरिया सहित कई लोग उपस्थित रहे।

अहिंसा पदयात्रा से होगा शुभारंभ

सकल जैन समाज के मुख्य संरक्षक जेके जैन ने पत्रकारों को बताया कि 29 मार्च को प्रातः 7:30 बजे महावीर नगर प्रथम स्थित दिगम्बर जैन लाल मंदिर से सामूहिक अहिंसा पदयात्रा के साथ आयोजन का आगाज़ होगा। हजारों श्रद्धालुओं की सहभागिता वाली इस पदयात्रा में पुरुष वर्ग सफेद एवं महिलाएं केसरिया वस्त्र धारण कर शामिल होंगी। आध्यात्मिक पाठशालाओं के बालक-बालिकाएं, युवा मंडल, महिला मंडल, बालिका मंडल एवं विभिन्न सामाजिक समूह भी भागीदारी निभाएंगे।

महामंत्री पदम बडला ने बताया कि यात्रा ओपेरा हॉस्पिटल रोड, तलवंडी चौराहा, जवाहर नगर होते हुए दानबाड़ी पहुंचेगी। मार्ग में 108 तोरण द्वार एवं रंगोली सजावट की जाएगी। दानबाड़ी में ध्वजारोहण एवं भगवान महावीर के गुणानुवाद के साथ कार्यक्रम संपन्न होगा।

सांस्कृतिक संध्या और जैन यूथ फेयर

महिला प्रकोष्ठ संयोजिका निशा वेद एव नरेश वेद के अनुसार, 29 मार्च को सायं 7:30 बजे दशहरा मैदान में आध्यात्मिक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनमें भक्ति, नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। ​हर्षित जैन ने बताया कि इसी के साथ पहली बार कोटा में 29-30 मार्च को “जैन यूथ फेयर” का आयोजन किया जाएगा, जिसमें जैन समाज के व्यापार जगत से जुड़े उद्यमी एक ही मंच पर अपने उत्पादों एवं नवाचारों का प्रदर्शन करेंगे।

जन्मोत्सव पर धार्मिक अनुष्ठान और प्रभात फेरियां

कार्यध्यक्ष मनोज आदिनाथ एवं पारस लुंग्या ने बताया कि 30 मार्च चैत्र शुक्ल त्रयोदशी को भगवान महावीर के जन्मोत्सव पर प्रातः 6:30 बजे शहर के समस्त जैन मंदिरों में प्रतिमा को पांडुशिला पर विराजित कर प्रासुक जल से अभिषेक एवं अष्ट द्रव्य पूजन किया जाएगा। श्रद्धालु गन्धोदक धारण कर पुण्य अर्जित करेंगे। इससे पूर्व विभिन्न मंदिरों से प्रभात फेरियां भी निकाली जाएंगी।

भव्य शोभायात्रा बनेगी आकर्षण का केंद्र

मनोज जैसवाल एवं विकास अजमेरा ने बताया कि कोटा की हृदयस्थली रामपुरा से एक विशाल शोभायात्रा प्रारंभ होगी, जो आर्य समाज रोड, हिंदू धर्मशाला, अग्रसेन बाजार, श्रीपुरा, गांधीजी का पुल, गढ़ पैलेस होते हुए दशहरा मैदान पहुंचेगी। निर्मल पोरवाल व जिनेन्द्र पापड़ीवाल ने बताया कि  शोभायात्रा में भगवान महावीर की प्रतिमा को रथ पर सौधर्म इंद्र द्वारा विराजित किया जाएगा।

11 बग्गियों में इंद्र-इंद्राणी स्वरूप, घोड़ों पर सवार युवा, धर्मध्वज एवं उपदेशों की तख्तियां लिए श्रद्धालु शामिल होंगे। 108 तोरण द्वार, रंगोली, आरती एवं युवाओं के नृत्य दल शोभा बढ़ाएंगे। रथ को सैकड़ों श्रद्धालु खींचेंगे तथा चंवरधारी आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

दशहरा मैदान में मुख्य समारोह

महामंत्री पदम बडला व कोषाध्यक्ष जितेन्द्र हरसोरा ने बताया कि दशहरा मैदान में पहुंचने पर भगवान की प्रतिमा को रजत पांडुशिला पर विराजमान किया जाएगा। आर्यिका विशुद्ध मति माताजी, आर्यिका विज्ञमति माताजी एवं आर्यिका चिन्मयमति माताजी के सान्निध्य में कार्यक्रम आयोजित होगा।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, मंत्री  मदन दिलावर, ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर, विधायक शांति कुमार धारीवाल, संदीप शर्मा एवं कल्पना देवी सहित कई जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति प्रस्तावित है।

उन्होंने बताया कि मंगलाचरण, चित्र अनावरण, दीप प्रज्वलन के पश्चात समाज की पांच प्रमुख हस्तियों एवं सामाजिक सेवा में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों का सम्मान किया जाएगा। आर्यिका संघ के प्रवचन एवं अतिथियों के संबोधन में भगवान महावीर के जीवन दर्शन पर प्रकाश डाला जाएगा। प्रातः 11 बजे कलशाभिषेक एवं पूजन के बाद श्रद्धालुओं के लिए सुरुचि भोज की व्यवस्था रहेगी।

संध्या आरती और विश्वशांति की प्रार्थना

प्रचार सचिव पारस लुंग्या ने बताया कि संध्या समय शहर के सभी जिनालयों में भगवान महावीर की आरती होगी। विश्वशांति के लिए विभिन्न मंदिरों में शांतिधारा की जाएगी तथा 9 अप्रैल 2026 को जीतो के तत्वावधान में नमोकार मंत्र का सामूहिक जाप आयोजित होगा।

सेवा और जीवदया के विविध कार्य

मनोज आदिनाथ ने पत्रकारों को बताया कि महोत्सव के दौरान सामाजिक सरोकारों को भी प्रमुखता दी जाएगी। जैन सोशल ग्रुप अनुभव द्वारा दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए जाएंगे। दिगम्बर जैन सोशल ग्रुप द्वारा मेगा ब्लड डोनेशन कैंप आयोजित कर सैकड़ों यूनिट रक्त संग्रह किया जाएगा।

दी ह्यूमन हेल्पलाइन ट्रस्ट द्वारा गौरैया संरक्षण हेतु विशेष घोंसले वितरित किए जाएंगे। जीव दया टीम, जीव रक्षा फाउंडेशन एवं करुणाभाव संस्था द्वारा पक्षियों के लिए मिट्टी के परिंडे वितरित किए जाएंगे।

मेरे महावीर झूले पालना कार्यक्रम

लोकेश सीसवाली ने बताया कि महावीर जयंती के अवसर पर 30 मार्च को सायं 7 बजे प्रज्ञालोक (महात्मा फुले सामुदायिक भवन), महावीर नगर प्रथम में राष्ट्रीय गुरू आस्था परिवार द्वारा “मेरे महावीर झूले पालना” कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

इसमें 2 से 8 माह तक के 24 शिशुओं को भगवान महावीर के बाल रूप में पालना झुलाया जाएगा। 24 दंपत्तियां राजा सिद्धार्थ एवं माता त्रिशला के रूप में सहभागिता करेंगी। 2 से 8 वर्ष तक के बालकों द्वारा बाल क्रीड़ा की झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी। महिलाओं द्वारा बधाई नृत्य एवं रत्न वर्षा कार्यक्रम को आकर्षक बनाएंगे। प्रतिभागी बच्चों को सम्मानित किया जाएगा।

यह संपूर्ण आयोजन तपोभूमि प्रणेता आचार्य प्रज्ञा सागर महाराज की प्रेरणा एवं निर्देशन में संपन्न होगा, जिसमें समूचा जैन समाज एकजुट होकर आस्था, संस्कृति और सेवा का संदेश देगा।

आमजन निःशुल्क देख सकेंगे रेलवे की आधुनिक तकनीक और उपलब्धियां

कोटा मंडल स्थापना दिवस पर एक अप्रैल को भव्य रेल प्रदर्शनी

कोटा। पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल स्थापना दिवस के अवसर पर एक अप्रैल बुधवार को रेलवे स्टेशन के पास मेनाल ऑफिसर्स क्लब कोटा में भव्य विभागीय रेल प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा।

यह कार्यक्रम आम जनता के लिए पूर्णतः निःशुल्क रहेगा तथा सर्वसाधारण के लिए खुला होगा। प्रदर्शनी के माध्यम से आमजन को भारतीय रेलवे की आधुनिक तकनीक, विकास कार्यों, यात्री सुविधाओं और विभिन्न विभागों की उपलब्धियों से रूबरू होने का अवसर मिलेगा।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि प्रदर्शनी प्रातः 11 बजे से रात्रि 10 बजे तक जन साधारण के दर्शनार्थ खुली रहेगी। इस अवसर पर इंजीनियरिंग, वाणिज्य, रेलवे सुरक्षा बल, कार्मिक, यांत्रिक, सिग्नल एवं दूरसंचार, सुरक्षा, परिचालन तथा विद्युत विभाग सहित अन्य विभाग अपनी-अपनी स्टॉल लगाएंगे। इन स्टॉलों पर रेलवे की नवीनतम तकनीक, विभागीय उपलब्धियों तथा यात्रियों को प्रदान की जा रही सुविधाओं की जानकारी दी जाएगी।

उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी में कवच 4.0 स्वचालित ट्रेन सुरक्षा प्रणाली, अमृत भारत स्टेशन योजना, 2×25 केवी ओएचई विद्युतीकरण, हाई स्पीड ट्रायल्स, रेल मदद ऐप, रेलवन ऐप तथा अन्य यात्री सुविधा संबंधी जानकारियां फ्लेक्स, डिजिटल डिस्प्ले और कार्यशील मॉडलों के माध्यम से प्रदर्शित की जाएंगी। इससे आमजन, विद्यार्थी, रेल प्रेमी एवं परिवारजन रेलवे की कार्यप्रणाली और तकनीकी प्रगति को नजदीक से समझ सकेंगे।