शेयर बाजार में हाहाकार; सेंसेक्स 2702 अंक फिसला, निवेशकों के 10 लाख करोड़ डूबे

202

मुंबई। रूस-यूक्रेन युद्ध से शेयर बाजार में गुरुवार को हाहाकार मच गया । हफ्ते के चौथे कारोबारी दिन बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 2702.15 अंक या 4.72 फीसदी लुढ़क कर 54,529.91 अंक के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी भी 815 पॉइंट (4.78%) टूटा है। ये 16,247.95 पर पहुंच गया। सेंसेक्स की ये अब तक की चौथी बड़ी गिरावट है, वहीं 2 साल की सबसे बड़ी गिरावट है। इस गिरावट से निवेशकों के 10 लाख करोड़ रुपए डूब गए।

आज के कारोबार में बैंकिंग शेयर्स की जबरदस्त पिटाई हुई है। निफ्टी PSU बैंक इंडेक्स 8.26% टूटा है। पंजाब नेशनल बैंक 15% और इंडसइंड बैंक 8% नीचे बंद हुए। रियल्टी इंडेक्स और ऑटो इंडेक्स भी करीब 7% टूटे है। दूसरी ओर सोने में शानदार तेजी देखने को मिल रही है। ये 52 हजार के करीब पहुंच गया है। इसके अलावा क्रूड ऑयल 100 डॉलर प्रति बैरल के पार निकल गया है। इससे पहले 2014 में ऐसा हुआ था।

दरअसल, रूस ने यूक्रेन पर हमले की घोषणा की है। इस वजह से दुनिया के सभी शेयर बाजारों में गिरावट में हैं। बुधवार को यूक्रेन ने इमरजेंसी का ऐलान किया था। इसके बाद अमेरिकी बाजार भारी नुकसान में रहे थे। बुधवार को डाउ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 1.38%, एसएंडपी 500 1.84% और नैस्डैक कम्पोजिट 2.57% की गिरावट में रहा था। गुरुवार को लगभग सारे एशियाई बाजार नुकसान में हैं।

शेयर बाजार में गिरावट के प्रमुख कारण

  • रूस-यूक्रेन युद्ध से निवेशकों में डर का माहौल है इस कारण वो अपना पैसा मार्केट से निकाल रहे हैं।
  • इंटरनेशनल मार्केट में क्रूड ऑयल की कीमतों में तेजी से बाजार दबाव में है।

बिटकॉइन 7.23% और इथीरियम 10.79% फिसला
आज क्रिप्टोकरेंसी मार्केट में बढ़त भी बड़ी गिरावट देखने को मिल रही है। बिटकॉइन दोपहर 3 बजे तक 7.23% (24 घंटे में) की गिरावट के साथ 28.46 लाख रुपए पर कारोबार कर रहा था। इस दौरान इसकी कीमत में 2.21 लाख रुपए से ज्यादा की गिरावट आई है।

वहीं इथीरियम में बीते 24 घंटे में 10.79% की गिरावट देखी गई है। यह 23,193 रुपए गिरकर 1.91 लाख रुपए पर आ गई है। इसके अलावा कारडानो, सोलाना और पोल्काडॉट सहित ज्यादातर क्रिप्टोकसेंसी में भी आज गिरावट देखने को मिल रही है।

रुपए में बड़ी गिरावट
आज डॉलर के मुकाबले रुपए में बड़ी गिरावट देखने को मिली है। रुपया 55 पैसे गिरकर 75.16 रुपर प्रति डॉलर पर आ गया है। इससे पहले बुधवार को डॉलर के मुकाबले रुपया 27 पैसे मजबूत हुआ था।