लोकसभा अध्यक्ष का दावा झूठा, अब तक MSP खरीद का लक्ष्य भी पूरा नहीं

794

कोटा। न्यूनतम समर्थन मूल्य पर किसानों की सम्पूर्ण उपज खरीदने का लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला का दावा झूठा साबित हो रहा है। अब तक समर्थन मूल्य की खरीद का लक्ष्य भी पूरा नहीं हुआ है। पूरी उपज तो दूर की बात है। समर्थन मूल्य पर खरीद शुरू होने के 25 दिन बाद भी भारतीय खाद्य निगम की ओर से हाड़ौती में अभी तक मात्र एक लाख 80 हजार मीट्रिक टन गेहूं की ही खरीद की गई है।

किसान नेताओं का कहना है कि लोकसभा अध्यक्ष किसानों को भ्रमित करने का काम करते हैं। आज तक किसी सरकार ने किसानों की सम्पूर्ण उपज नहीं खरीदी। ऐसा दावा उन्हें नहीं करना चाहिए, जो वह पूरा ही नहीं कर सके। किसान नेता दशरथ कुमार, आशीष मेहता और जगदीश शर्मा का कहना है कि किसानों को हर सरकार छलती आई है।

फ़िलहाल कोई व्यापारी मंडी में समर्थन मूल्य से बोली शुरू नहीं करता। वह डिमांड के हिसाब से भाव लगाता है। सस्ते में किसान का माल खरीद लेता है। पिछले एक हप्ताह से मंडी में आढ़तिये हड़ताल पर हैं। सरकार की व्यापारियों के आगे नहीं चलती। कोटा संभाग में 16 अप्रेल से खरीद शुरू हुई थी, दस मई तक एक लाख 80 हजार मीट्रिक टन गेहूं की समर्थन मूल्य पर खरीद की गई है।