रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर 13 फीसदी गिरे, मार्केट कैप 7 लाख करोड़ से नीचे

1449

मुंबई। कोरोना के डर से दुनियाभर के शेयर बाजारों में गिरावट और सऊदी अरब के कच्चे तेल के दामों में भारी कटौती के बाद आज भारतीय शेयर बाजार में भूचाल आ गया। खराब सेंटीमेंट के कारण सेंसेक्स 2450 अंक गिरा तो निफ्टी ने 600 अंकों का गोता लगाया है। अंकों के लिहाज से यह शेयर बाजार की अब तक की सबसे बड़ी गिरावट है।

फीसदी के हिसाब से यह 11 साल में सबसे बड़ी गिरावट है। दोपहर करीब 1:30 पर शेयर बाजार में रेकॉर्ड गिरावट के दौरान सेंसेक्स 35200 के करीब था तो निफ्टी 10, 400 के नीचे आ गया। ओएनजीसी, आरआईएल, इंडसइंड बैंक, टाटा स्टील और आईसीआईसीआई बैंक के शेयरों में भारी गिरावट आई है। हालांकि यस बैंक के शेयरों में तेजी बनी हुई है।

सबसे बड़ी गिरावट के पीछे कोरोना वायरस के अलावा सऊदी अरब और रूस के बीच कच्चे तेल को लेकर छिड़ा प्राइस वॉर भी है। तेल उत्पादन में कटौती के प्रस्ताव पर मॉस्को के सहमत नहीं होने के बाद सऊदी ने तेल के दामों भारी कमी कर दी है।

ओएनजीसी, RIL को बड़ा झटका
सबसे अधिक ओएनजीसी शेयरों में 15 पर्सेंट की गिरावट आई। इसका मार्केट कैप 1 लाख करोड़ रुपये कम हो गया है। रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) के शेयरों में भी 13 पर्सेंट की गिरावट आई है और इसका मार्केट कैप 7 लाख करोड़ से नीचे आ गया है। रिलायंस का मार्केट कैप सिंगल डे में 1.08 लाख करोड़ रुपये कम हो गया है। रिलायंस के शेयरों में आई गिरावट अक्टूबर 2008 की सबसे बड़ी टूट है।