नई दिल्ली। Stock Market Closed : भारतीय शेयर बाजार में गुरुवार के कारोबारी सत्र का अंत मिलाजुला रहा। अमेरिकी फेडरल रिजर्व की बैठक के नतीजों का आकलन करते हुए निवेशकों ने सावधानी के साथ कारोबार किया।
सेंसेक्स 21.86 अंक यानी 0.03% गिरकर 74,314.59 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी50 53 अंक यानी 0.23% की बढ़त के साथ 23,270.60 पर बंद हुआ।
निफ्टी 50 में ये शेयर रहे टॉप जेनर
निफ्टी 50 में टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स (TMPV), एचडीएफसी लाइफ इंश्योरेंस कंपनी और SBI लाइफ इंश्योरेंस कंपनी सबसे ज्यादा बढ़त वाले शेयरों में रहे।
मिडकैप और स्मॉलकैप में तेजी
व्यापक बाजार में भी खरीदारी देखने को मिली। निफ्टी मिडकैप इंडेक्स 0.92% और निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स 0.76% की बढ़त के साथ बंद हुए।
रियल्टी, ऑटो और मेटल सेक्टर में तेजी
सेक्टर के हिसाब से देखें तो निफ्टी रियल्टी, निफ्टी ऑटो और निफ्टी मेटल ने बाजार से बेहतर प्रदर्शन किया। वहीं निफ्टी बैंक, निफ्टी पीएसयू बैंक और निफ्टी प्राइवेट बैंकमें सबसे ज्यादा दबाव देखने को मिला।
टाटा ग्रुप के ज्यादातर शेयरों में 5% तक तेजी
टाटा संस की संभावित लिस्टिंग को लेकर उम्मीद बढ़ने से टाटा ग्रुप के ज्यादातर शेयरों में तेजी देखने को मिली। कई शेयरों में 5% तक की बढ़त दर्ज हुई।
दरअसल, रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) ने टाटा संस को गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी (NBFC) के तौर पर रजिस्ट्रेशन से बाहर करने की अर्जी खारिज कर दी है। इसके बाद टाटा संस की लिस्टिंग की उम्मीद बढ़ी है, जिसका असर टाटा ग्रुप के शेयरों पर दिखाई दिया।

