मार्केटिंग सोसायटी की मीटिंग में किसान हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर बल

0
7

कोटा। दी कोटा को-ऑपरेटिव मार्केटिंग सोसायटी लि. कोटा के अध्यक्ष निहाल सिंह राठौड़ की अध्यक्षता में बुधवार को संचालक मंडल बोर्ड की बैठक आयोजित हुई, जिसमें वित्तीय प्रगति, कृषि व्यापार, किसानों की सेवाओं और संस्थागत विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

अध्यक्ष निहाल सिंह ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत अप्रैल 2026 तक की व्यावसायिक स्थिति प्रस्तुत करते हुए बताया कि संस्था ने लगभग 29.57 करोड़ रुपये का व्यापार किया है।

अध्यक्ष राठौड़ ने गेहूं, सोयाबीन, लहसुन और ग्रेडिंग प्लांट सहित विभिन्न व्यावसायिक गतिविधियों की समीक्षा करते हुए अप्रैल 2026 तक के खर्चों एवं आय-व्यय विवरण की पुष्टि की।

बैठक में महाप्रबंधक राजेश कुमार मीणा ने बताया कि बैठक में वर्ष 2026-27 के लिए संवैधानिक अंकेक्षक (ऑडिटर) की नियुक्ति प्रक्रिया को आगे बढ़ाने हेतु महाप्रबंधक को अधिकृत किया गया। साथ ही संस्था की 30 अप्रैल 2026 तक की व्यावसायिक प्रगति का मूल्यांकन करते हुए किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर बल दिया गया।

अध्यक्ष राठौड़ ने कर्मचारियों को निर्देश दिए कि संस्था किसानों की सेवा पूर्ण निष्ठा और पारदर्शिता के साथ सुनिश्चित करे। उन्होंने गैस एजेंसी संचालन की जानकारी प्राप्त करने के साथ खाद शाखा और गोदामों का निरीक्षण भी किया।

निरीक्षण के दौरान गैस एजेंसी की क्षतिग्रस्त दीवार की मरम्मत, ग्राहकों के लिए टीनशेड युक्त प्रतीक्षालय, रंग-रोगन तथा गैस गोदाम में आईओसी निर्देशों के अनुरूप मरम्मत एवं रंगाई संबंधी प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। कर्मचारियों के लिए वर्दी उपलब्ध कराने का प्रस्ताव भी पारित किया गया।

बैठक में पूर्व अध्यक्ष एवं कोटा-बूंदी जिला सहकारी दुग्ध उत्पादक संघ के वर्तमान अध्यक्ष चैन सिंह राठौड़, संचालक भंवर सिंह, राकेश कुमार नागर, मनीष कुमार, प्रेमशंकर मेघवाल, चेतन कुमार मालव सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।