मानव सेवा और जनकल्याण के पथ को समृद्ध कर रहा है रामस्नेही संप्रदायः बिरला

44

कोटा। दशहरा मैदान के श्रीराम रंगमंच पर रविवार को स्वामी रामचरण जयंती महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि स्वामी रामचरण जी के सिद्धांतों पर चलते हुए रामस्नेही संप्रदाय मानव सेवा और जन कल्याण के पथ को समृद्ध कर रहा है।

उन्होंने कहा कि स्वामी रामचरण जी ने एक ऐसी संत परम्परा स्थापित की जिसमें भक्ति और आध्यात्मिक संस्कारों से मानव सेवा और मानव कल्याण को प्राथमिकता दी गई। वे मनुष्य के चरित्र और व्यवक्तित्व निर्माण को महत्ता देते थे। आज देश में सांस्कृति पुनर्जागरण का काल चल रहा है, जिसमें हमें रामचरण जी के बताए मूल्यों के अनुरूप सद्कार्यों को बढ़ावा देकर देश के प्रति अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देना होगा।

कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि स्वामी रामचरणजी का जीवन हमें संवेदनशीलता, करूणा, दया, सहयोग के साथ आध्यात्मिकता के उच्चतम आयामों को प्राप्त करते हुए जीवन को सार्थक बनाने को प्रेरित करता हैं। उनके दिखाए पथ पर चलते हुए विजयवर्गीय समाज आध्यात्मिकता संस्कृति और भारतीय संस्कारों को सहेजने का उत्कृष्ट कार्य कर रहा है।

कार्यक्रम के दौरान लोक सभा अध्यक्ष बिरला ने पूर्व महापौर महेश विजय को अखिल भारतीय विजयवर्गीय (वैश्य) महासभा को राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित होने की शुभकामनाएं दी। उन्होंने पूर्व अध्यक्ष सीपी विजय के योगदान की भी प्रशंसा की।