दरा सेक्शन में आरयूबी निर्माण के लिए डाउन लाइन पर आरएच गर्डर लॉन्चिंग

0
4

कोटा। कोटा-नागदा रेलखंड के कंवरपुरा-दरा सेक्शन में रेल अंडर ब्रिज (आरयूबी) निर्माण कार्य के अंतर्गत शुक्रवार को डाउन लाइन पर आरएच गर्डर लॉन्चिंग का महत्वपूर्ण कार्य सफलतापूर्वक निर्धारित समयावधि में पूर्ण किया गया। यह कार्य आर्च ब्रिज संख्या 148 के निकट अतिरिक्त सड़क मार्ग विकसित करने की परियोजना के तहत किया जा रहा है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि डाउन लाइन पर दोपहर 12:50 बजे से 16:45 बजे तक 3 घंटे 55 मिनट का ट्रैफिक एवं पावर ब्लॉक लेकर कार्य किया गया। इस दौरान 600 मीट्रिक टन क्षमता वाली भारी क्रेन की सहायता से 68 मीट्रिक टन वजनी आरएच गर्डर को सफलतापूर्वक लॉन्च किया गया। कार्य निर्धारित समय के भीतर पूर्ण होने के बाद ब्लॉक समय पर समाप्त कर रेल यातायात सामान्य रूप से बहाल कर दिया गया।

उन्होंने बताया कि शुक्रवार को गर्डर लॉन्चिंग का कार्य उसी 600 मीट्रिक टन क्षमता वाली क्रेन से सफलतापूर्वक किया गया, जिसका उपयोग पूर्व दिवस के कार्य में भी किया गया था। कार्य के लिए किसी नई क्रेन का उपयोग नहीं किया गया। उन्होंने बताया कि इसी प्रकार का कार्य अप लाइन पर अगला ब्लॉक मिलने पर किया जाएगा।

यह आरएच गर्डर रेलवे ट्रैक के नीचे 6 मीटर × 6 मीटर आकार के आरसीसी बॉक्स को पुशिंग तकनीक से स्थापित करने में सहायक होगा। आरसीसी बॉक्स पुशिंग का कार्य इस माह की 21 तारीख तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है, जिसके बाद आरएच गर्डरों को हटाने की प्रक्रिया की जाएगी।

रेल प्रशासन के अनुसार यह कार्य पूर्ण होने के बाद क्षेत्र में सड़क यातायात के लिए अतिरिक्त सुरक्षित मार्ग उपलब्ध होगा। परियोजना को आगामी 31 जुलाई तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।