कोटा। दिल्ली स्थित डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज में 8 से 13 अक्टूबर तक आयोजित प्रतिष्ठित ‘बरेटा शॉटगन गोल्ड कप’ में कोटा की बेटी और प्रतिभावान ट्रैप शूटर नंदीका सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया है।
विश्व विख्यात कंपनी बरेटा की 500वीं वर्षगांठ के अवसर पर नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश-विदेश के 300 से अधिक शीर्ष अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय शॉटगन शूटर्स ने हिस्सा लिया था।
सीनियर वुमेन ट्रैप शूटिंग कैटेगरी में कड़े मुकाबले के बीच नंदीका ने कई दिग्गज और अनुभवी खिलाड़ियों को पीछे छोड़ते हुए यह शीर्ष उपलब्धि हासिल की। नंदीका के पिता एवं कोच अशोक पाल सिंह ने जानकारी दी कि इसी वर्ष नंदीका ने ट्रैप शूटिंग में स्टेट चैंपियन का खिताब जीतने के अलावा ‘ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी कॉम्पिटिशन’ में भी स्वर्ण पदक हासिल किया था।
शॉटगन शूटिंग में यह उनका मात्र तीसरा वर्ष है, जबकि इससे पहले वह पिस्टल शूटिंग में भी कई पदक जीत चुकी हैं। अब तक वह राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में 20 से अधिक पदक जीतकर कोटा और राजस्थान का नाम रोशन कर चुकी हैं।
अशोक पाल सिंह ने बताया कि शॉटगन शूटिंग एक बेहद खर्चीला और चुनौतीपूर्ण खेल है, जिसमें सफलता के लिए अत्यधिक मानसिक एकाग्रता और निरंतर अभ्यास की आवश्यकता होती है। मात्र तीन साल के अल्प समय में शीर्ष स्तर पर पहुंचने वाली नंदीका का मुख्य लक्ष्य देश के लिए ओलंपिक का पहला महिला ट्रैप शूटिंग गोल्ड मेडल जीतना है।
इस शानदार सफलता का श्रेय शॉटगन कोच केसरी सिंह नाचना के विशेष मार्गदर्शन तथा कोटा जिला प्रशासन एवं जिला कलेक्टर कार्यालय से समय-समय पर मिले सहयोग को जाता है। जिसके चलते उन्हें अपने खेल को निखारने में अभूतपूर्व सहायता मिली। नंदीका की इस ऐतिहासिक जीत पर खेल प्रेमियों और स्थानीय नागरिकों ने शुभकामनाएं दीं हैं।

