कोटा में उद्योग मेले के लिए स्थाई प्रदर्शनी स्थल विकसित होगा: स्पीकर बिरला

0
58

तीन दिवसीय स्वयंसिद्धा प्रदर्शनी का समापन

कोटा। Swayamsiddha Exhibition: लघु उद्योग भारती की महिला इकाई की ओर से आयोजित झालावाड़ रोड स्थित माहेश्वरी भवन पर तीन दिवसीय स्वयंसिद्धा प्रदर्शनी का समापन रविवार को हो गया।

इस अवसर पर आयोजित समारोह में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने प्रदर्शनी के सफल संचालन के लिए सभी महिला उद्यमियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रदर्शनियों से घरेलू एवं छोटे स्तर पर कार्य करने वाली महिला उद्यमियों के उत्पादन की जानकारी एवं बिक्री के प्रयास सराहनीय हैं। इस तरह की उद्योग प्रदर्शनियां कारगर साबित होती हैं, जिससे महिला उद्यमी गृहस्थी को चलाते हुए अपनी परिवार को आर्थिक रूप से सफल बनाने में मददगार साबित होती है।

उन्होंने कहा कि ऐसी प्रदर्शनियां पूरे देश में आयोजित की जा रही हैं, जिनका मुख्य उद्देश्य आत्मनिर्भर भारत, महिला उत्थान एवं रोजगार के दृष्टिकोण से बहुत ही जन उपयोगी है। बिरला ने कहा कि घर में रहकर जो महिलाएं घरेलू उत्पाद बना रही हैं, उनको बिक्री के लिए प्लेटफार्म की कमी महसूस की जा रही है। जबकि उनके द्वारा उत्पादित वस्तुएं गुणवत्तापूर्ण होती हैं।

बिरला ने प्रदर्शनी की एक-एक स्टॉल पर जाकर देखा कि किस प्रकार से गुणवत्तापूर्ण एवं रोजमर्रा के काम आने वाले वस्तुओं का उत्पादन महिला उद्यमियों द्वारा किया जा रहा है, जो एक सराहनीय कार्य है। उन्होंने कहा कि अगर हम भारत को आत्मनिर्भर बनाना चाहते हैं आत्मनिर्भर भारत बनाने का सपना तभी साकार होगा जब ऐसी योजनाएं वृहद स्तर पर लागू की जाए। इसके लिए हम पूर्णतया कटिबद्ध हैं।

स्वयंसिद्धा समूह को ट्रेडमार्क का दर्जा मिले
दी एसएसआई एसोसियेशन के संस्थापक अध्यक्ष गोविंद राम मित्तल ने कहा कि स्वयंसिद्धा समूह को ट्रेडमार्क का दर्जा दिया जाए। साथ ही महिला उद्यमियों के लिए अलग से क्लस्टर की स्थापना की जाए। ऑनलाइन पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन की सुविधा भी दी जाए। साथ ही जो महिलाएं घरेलू उत्पादन घर पर बनाती हैं, उनका प्रचार एवं बिक्री के लिए उनको प्लेटफार्म उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि लघु उद्योग भारती की यही मंशा है कि आने वाले समय में इस तरह के प्रर्दशनी के आयोजन मे सभी वर्गों को जोड़ा जाए।

उद्योग मेलों की पुनः शुरुआत करें
कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी ने कहा कि राज्य सरकार वृहद स्तर पर पूरे राज्य में आयोजित किए जाने वाले उद्योग मेलों की पुनः शुरुआत करे। ऐसे उद्योग मेलो एवं प्रदर्शनियो के माध्यम से उत्पादन का प्रदर्शन एवं बिक्री उपलब्ध होती है तो इससे आने वाले समय में उद्योगों का विकास के लिए अहम भूमिका निभाई जा सकती है। माहेश्वरी ने कहा कि ऐसी उद्योग प्रदर्शनियां व मेले के माध्यम से नए निवेशकों को उद्योगों की स्थापना की नई तकनीकी जानकारी एवं सरकारी स्तर पर मिलने वाली छूटो की जानकारी भी प्राप्त होती है। साथ ही स्थाई रूप से उद्योग प्रदर्शनियों स्थल का निर्माण होता है, तो स्टोन मार्ट जैसे आयोजन कोटा में किये जा सकते हैं।

इस अवसर पर लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ताराचंद गोयल एवं पूर्व प्रांतीय सचिव अचल पोद्दार ने स्वंय सिद्धा प्रदर्शनी के आयोजन को पूर्ण रूप से सफल बताते हुए कहा कि महिला उद्यमियों की सराहना की।

20 हजार से अधिक लोगों ने देखी प्रदर्शनी
लघु उद्योग भारती महिला इकाई की अध्यक्ष शशि मित्तल एवं सचिव चांदनी पोद्दार ने कहा कि प्रदर्शनी को करीब 20 हजार से अधिक लोगों ने देखा। इसमें भाग लेने वाली सभी महिला उद्यमियों की सफलता देखकर आने वाले समय में इसे और वृहद स्तर पर आयोजन किया जाएगा। इससे पहले कोटा दक्षिण के विधायक संदीप शर्मा ने भी आकर पूरी प्रदर्शनी का अवलोकन किया था। समापन पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला द्वारा भी एक -एक स्टाल पर जाकर महिला उद्यमियों से उनके उत्पादों के बारे में जानकारी प्राप्त की।