कोटा के कुछ पत्रकारों ने मुफ्त में देखा जादूगर सिकंदर का मैजिक शो

0
264

कोटा। Free Magic Show: पत्रकार परिवारों के लिए जादूगर सिकंदर के सुपर स्टार मैजिक शो का निशुल्क आयोजन किया गया। कार्यक्रम नव वर्ष के उपलक्ष्य एवं तनाव मिटाओ अभियान के तहत आयोजित किया गया था, जिसमें समस्त जिले भर से बड़ी संख्या में पत्रकार व उनके परिजन शामिल हुए।

कार्यक्रम में जादूगर सिकंदर के हैरतअंगेज कारनामे देखकर पत्रकार और उनके परिजन भी हैरान रह गए। कार्यक्रम में जादूगर सिकंदर ने 50 प्रकार के मैजिक दिखाएं। शो के दौरान दर्शक दीर्घा से लगातार तालियां गूंजती रही।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रवीण कुमार वर्मा एवं विशिष्ट अतिथि आरपीएफ पुलिस कमिश्नर दिनेश कनौजिया एवं वरिष्ठ पत्रकार नीरज गुप्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान जादूगर सिकंदर को स्मृति चिन्ह व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मान किया।

प्राचीनतम कला है जादू: जादूगर सिकंदर
मीडिया फैमिली मैजिक शो के पश्चात जादूगर सिकंदर ने पत्रकारों को बताया कि जादू हमारे देश की प्राचीनतम कला है। जिसे आज संरक्षण की जरूरत है। अब तक अनेक अवार्ड्स और पुरस्कारों से सम्मानित उन्नाव, उत्तर प्रदेश के निवासी जादूगर सिकंदर ने बताया कि जादू जैसी कला का तंत्र मंत्र एवं भूत प्रेत से दूर दूर तक कोई नाता नहीं है। लोगों को अंधविश्वास से बचाना उनके जादुई मिशन का मुख्य उद्देश्य है‌।

उन्होंने बताया कि उनका हमेशा से प्रयास रहा है कि नए नए करतब प्रस्तुत कर दर्शकों का स्वस्थ मनोरंजन किया जाए। इस बार अनेक नए करतब लेकर वो यहां आए हैं। करोडों वर्ष पूर्व विलुप्त हो चुके डायनासोर को मंच पर प्रकट कर दर्शकों को रोमांचित करना, लड़की को टुकड़ों मे काट कर जोड़ना, जिंदा लड़की के शरीर को दो टुकड़ा कर देना, शीशे की दीवार से लड़की को पार कर देना आदि अनेक ऐसे करतब हैं। ये कोटा मे पहली बार दिखाए जा रहे हैं।

मैजिक शो से दे रहे सामाजिक संदेश
मैजिक शो के दौरान हैरत अंगेज और आश्चर्यजनक कारनामे प्रस्तुत कर बेटी बचाओ, नशा विरोध जैसे सामाजिक संदेश भी दे रहे हैं। इसके साथ ही राष्ट्रीय धुनों पर देशभक्ति रंग भी घोला जा रहा है।प्रेस वार्ता के दौरान शो के संयोजक राजकुमार सिरोंठा, प्रबंधक सुरेश कुमार, निर्देशक विश्वजीत दास और पीआरओ, मदन भारती आदि उपस्थित रहे।