कोटा के उद्योग नगर इलाके में एक लाख से अधिक लोगों की कोरोना स्क्रीनिंग

1089

कोटा। जिला कलक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट ओम कसेरा ने आदेश जारी कर कोटा शहरी क्षेत्र के उद्योग थाना क्षेत्र को शनिवार को सुबह 5 बजे से रात 12 बजे तक जीरो मोबेलिटी क्षेत्र घोषित किया था। जिसमें प्रत्येक घर का सर्वे किया गया। नोडल अधिकारी डॉ. महेन्द्र त्रिपाठी ने बताया कि उद्योग नगर थाना क्षेत्र में 266 टीमों ने 1 लाख 1 हजार 743 लोगों की कोरोना स्क्रीनिंग की। कुल 22 हजार 672 घरों का सर्वे किया गया।

28 विदेशी भी इस क्षेत्र में पाए गए। 7340 लोग हाइरिस्क के पाए गए। 115 रोगी आईएलआई के पाए गए। जबकि 49 रोगियों ने अस्पताल में उपचार कराया गया। 16 हजार 391 पम्पलेट का वितरण किया गया। डीसीएम में 126 लोगों की टीम ने सर्वे किया। जिसमें उन्होंने 10 हजार 498 घरों के 47 हजार 266 सदस्यों की स्क्रीनिंग की। यहां पर 18 विदेशी लोगों की पहले ही स्क्रीनिंग हो चुकी है। 3567 हाईरिस्क वाले सदस्य हैं। आईएलआई के 141 रोगी सामने आए।

इसी तरह गोविंद नगर टीम में 118 सदस्यों की टीम ने सर्वे किया है। 10 हजार 327 घरों को चेक किया गया। 45 हजार 437 सदस्यों की स्क्रीनिंग की गई। 3364 हाईरिस्क मरीज मिले। आईएलआई के 19 रोगी मिले। इस क्षेत्र में 4 लोग चिकित्सकों के पास दिखाने पहुंचे, वहीं 7016 पम्पलेट का वितरण किया।

इसके साथ ही बोरखेड़ा में 22 लोगों की टीम ने 1847 घरों का सर्वे किया और 9 हजार 40 लोगों की स्क्रीनिंग की है। विदेश यात्रा किए गए 7 लोग पाए गए। जबकि 409 लोग हाई रिस्क पाए गए। आईएलआई के 55 रोगी मिले हैं। 13 लोग चिकित्सकों को दिखाने पहुंचे और इस क्षेत्र में 1847 पम्पलेट का वितरण किया गया।