कृषि आधारित कुटीर उद्योग की स्थापना से होंगे किसान समृद्ध: गजेंद्र सिंह

0
37

भारतीय किसान संघ का किसान सम्मेलन 24 को, जिला कार्यकारिणी का होगा निर्वाचन

कोटा। भारतीय किसान संघ जिला कोटा के प्रमुख कार्यकर्ताओं की बैठक रविवार को मानव विकास भवन पर आयोजित की गई। जिसमें अखिल भारतीय सह संगठन मंत्री गजेंद्र सिंह, अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य कैलाश गेंदोलिया, प्रान्त अध्यक्ष शंकरलाल नागर ने संबोधित किया।

इस दौरान गजेंद्र सिंह ने कहा कि कृषि आधारित कुटीर उद्योग स्थापित किए बिना किसान की आमदनी में वृद्धि नहीं हो सकती है। किसान को अपनी उपज की वैल्यू एडिशन करते हुए कुटीर उद्योग स्थापित करने होंगे। इससे ही किसान समृद्ध होंगे। उन्होंने कहा कि किसान को अपने कमाने वाले हाथ बढ़ाने की जरूरत है। साथ ही किसान को खाद, बीज समेत अन्य मदों में होने वाले अपव्यय से बचना होगा। यह गाय आधारित जैविक कृषि और आत्मनिर्भरता से ही संभव होगा।

जिला अध्यक्ष गिरिराज चौधरी ने बताया कि 24 मई को भारतीय किसान संघ का किसान सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। वर्तमान में जिले की 162 ग्राम पंचायत के 870 गांव में सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है। तहसील कार्यकारिणी के चुनाव होने के बाद 24 मई को जिले की कार्यकारिणी का निर्वाचन सम्पन्न होगा। किसान सम्मेलन में जिले की कोटा शहर, सुल्तानपुर, दीगोद, इटावा, खातोली, लाडपुरा, कनवास, सांगोद, बपावर, मंडाना, रामगंजमंडी, चेचट से किसान आएंगे।

बैठक में प्रांत संगठन मंत्री परमानंद, प्रदेश मंत्री जगदीश कलमंडा, प्रदेश कोषाध्यक्ष शिवराज पुरी, प्रांत प्रचार प्रमुख आशीष मेहता, महिला प्रमुख रजनी नागर, जिला मंत्री देवीशंकर गुर्जर, संभाग महिला प्रमुख रमा शर्मा, रमेश नागर, प्रभुदयाल धाकड़, रूपनारायण यादव, मुकुट नागर, पवन शर्मा, गिरिराज गुप्ता, जितेंद्र नागर, राजेंद्र नागर, संतोष नागर, अश्विनी जैन, महावीर नागर, बिरधीलाल नागर, शिवराज समेत कई लोग उपस्थित रहे।