कार्यकर्ता सामूहिक प्रयासों से लाएं बदलावः स्पीकर बिरला

66

गणेशनगर में प्रबुद्धजन से लोक सभा अध्यक्ष ने किया संवाद

कोटा। लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने रविवार को रामगंजमंडी विधानसभा क्षेत्र के गणेश नगर व आसपास के प्रबुद्धजन से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं को आह्वान किया कि यदि समाज के पिछड़े अभावग्रस्त वर्ग, श्रमिकों, किसानों के जीवन में बदलाव लाना है तो कार्यकर्ताओं को सामूहिकता से प्रयास करने होंगे।

उन्होंने कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है। लोकतांत्रिक आदर्श कहते हैं कि जनप्रतिनिधि का दायित्व जनता का कल्याण होना चाहिए। चुनाव के बाद जनप्रतिनिधि किसी दल का नहीं होकर क्षेत्र के प्रत्येक व्यक्ति का प्रतिनिधि होता है। उसे लोगों के जीवन को बेहतर बनाने में किसी प्रकार का भेदभाव नहीं करना चाहिए। यदि कोई सरकार या जनप्रतिनिधि ऐसा करती है तो वह लोकतंत्र को कमजोर करने का कार्य कर रहा है।

उन्होंने सामाजिक कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि अपने क्षेत्र में सेवा और समर्पण की भावना से कार्य किया। उनके आसपास कोई भी ऐसा जरूरतमंद व्यक्ति हो जिसको मदद की आवश्यकता हो तो उसे हम तक लाएं। उनका जनता से जितना नजदीक का सम्पर्क होगा, जनता उन पर उतना ही अधिक भरोसा करेगी।

कांग्रेस ने रामगंजमंडी से किया भेदभाव
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक मदन दिलावर ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोग पांच साल से विकास के लिए तरस रहे हैं क्योकि उन्होंने भाजपा का प्रत्याशी चुना। लेकिन अब कांग्रेस सरकार के गिनती के दिन बचे हैं। उसके बाद भाजपा की सरकार में क्षेत्र का विकास भी होगा और अब तक क्षेत्र को विकास से वंचित करने वालों का हिसाब भी होगा।

यह रहे उपस्थित
कार्यक्रम में भाजपा शहर जिलाध्यक्ष कृष्ण कुमार सोनी, पूर्व विधायक हीरालाल नागर, कार्यक्रम संयोजक एवं पूर्व महापौर महेश विजय, कार्यक्रम सह संयोजक एवं कोटा डेयरी अध्यक्ष चौन सिंह राठौड़, वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता राजेन्द्र गुप्ता, महेश चौधरी, गणेश नगर मण्डल अध्यक्ष राजेन्द्र मेहरा, गणेश नगर युवा मोर्चा मण्डल अध्यक्ष पुनित राठौर, गणेश नगर महिला मोर्चा मण्डल अध्यक्ष कौशल्या शर्मा, गणेश नगर किसान मोर्चा मण्डल अध्यक्ष राजेन्द्र हुण, एस.टी. मोर्चा मण्डल अध्यक्ष हरक चन्द मीणा, एस.सी. मोर्चा मण्डल अध्यक्ष रोहित लोधवाल, पार्षद नितिन धारवाल, आर.डी. वर्मा, रेखा यादव, भगवती महावर, वरिष्ठ कार्यकर्ता मोहनलाल सेन, सिम्पल शर्मा, भाजपा शहर जिला महामंत्री सियाराम वैष्णव, जिला मंत्री अंजू सेन, आई.टी. सेल सह संयोजक मोनिका माहेश्वरी, पूर्व पार्षद पारस कंवर व कमलेश नागर सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।