अशोक गहलोत राजस्थान के मुख्यमंत्री बने रहेंगे, कांग्रेस चिंतन शिविर में मिले संकेत

207

उदयपुर। कांग्रेस के चिंतन शिविर से संकेत मिले हैं कि अशोक गहलोत राजस्थान के मुख्यमंत्री बने रहेंगे। राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 सीएम अशोक गहलोत के नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा। उदयपुर में आज से शुरू हो रहे कांग्रेस के तीन दिवसीय चिंतन शिविर में शामिल होने के लिए पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी आज उदयपुर पहुंच गए हैं।

सीएम अशोक गहलोत समेत पार्टी के बड़े नेताओं ने राहुल गांधी का जोरदार स्वागत किया। राहुल गांधी के उदयपुर आगमन पर सीएम गहलोत को खासी तवज्जो मिली है। बस में राहुल गांधी और अशोक गहलोत एक ही सीट पर बैठक होटल के लिए रवाना हुए।

पायलट गुट के लिए संदेश काफी मायने रखता है। राहुल गांधी ने सीएम गहलोत के प्रति अपनापन दिखाया है, उससे साफ संकेत है कि राजस्थान कांग्रेस में वही होगा जो सीएम अशोक गहलोत चाहेंगे। सीएम गहलोत को मिली तवज्जो को पायलट गुट के लिए सियासी तौर पर झटका माना जा रहा है। कांग्रेस आलाकमान का सीएम गहलोत पर भरोसा बरकार है। हालांकि, पायलट गुट को उम्मीद है कि राजनीति में अनिश्चितता रहती है, लेकिन संभावनाएं कभी खत्म नहीं होती है।

उल्लेखनीय है कि कुछ दिनों पहले मीडिया के एक हिस्से खबरें आई थी कि पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट ने कांग्रेस आलाकमान से समय रहते राजस्थान सरकार में नेतृत्व परिवर्तन करने के लिए कहा है, हालांकि, कांग्रेस ने ऐसी खबरों को आधिकारिक तौर पर मनगढंत बताया था। गहलोत और पायलट राजस्थान में दो विपरित ध्रुव के तौर पर देखे जा रहे हैं। पायलट के समर्थक नेता और विधायक समय-समय पर यह मांग करते रहे हैं कि राजस्थान सरकार की कमान सचिन पायलट को सौंपी जाए।

सोनिया से मिलने दिल्ली पहुंचे थे पायलट: पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट ने कभी खुलकार मुख्यमंत्री बनाने की मांग नहीं की। सचिन पायलट ने पिछले दिनों सोनिया गांधी से नई दिल्ली में मुलाकात की थी। पायलट से पहले सीएम अशोक गहलोत ने भी नई दिल्ली में सोनिया गांधी से मुलाकात की थी। उस समय तेजी नेतृत्व परिवर्तन होने की खबरें मीडिया में चली थी।