अप्रैल में गोल्ड इंपोर्ट 81.69% बढ़कर 5.62 अरब डॉलर रहा, चांदी का इंपोर्ट उछला

0
7

नई दिल्ली। Gold Import: पश्चिम एशिया में जारी संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से एक साल तक सोने की खरीद से परहेज करने की अपील की थी। लेकिन उससे पहले अप्रैल में सोने की ऊंची कीमतों के बीच भारत का गोल्ड इंपोर्ट 81.69% बढ़कर 5.62 अरब डॉलर हो गया।

हालांकि, सरकार के आयात शुल्क बढ़ाने के बाद आने वाले महीनों में इसमें कमी आने की संभावना जताई गई है। सरकार ने हाल में सोने और चांदी पर इंपोर्ट ड्यूटी 6% से बढ़ाकर 15% कर दिया था।

वाणिज्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, अप्रैल में चांदी का आयात 157.16% बढ़कर 41.1 करोड़ डॉलर हो गया। वित्त वर्ष 2025-26 में सोने का आयात मूल्य के लिहाज से 24% बढ़कर रिकॉर्ड 71.98 अरब डॉलर पर पहुंच गया।

हालांकि, मात्रा के लिहाज से आयात 4.76 प्रतिशत घटकर 721.03 टन रहा। वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने कहा कि आयात शुल्क बढ़ने से वर्ष के दौरान सोने और चांदी के आयात पर असर पड़ेगा और इनमें कमी आ सकती है।

चांदी का आयात

उन्होंने कहा कि चांदी का औद्योगिक उपयोग अधिक होने के कारण उस पर शुल्क वृद्धि का असर अपेक्षाकृत कम हो सकता है। अग्रवाल ने कहा कि शुल्क बढ़ने के बाद उपभोग आधारित मांग में कमी आने की उम्मीद है। यूएई से सोने के आयात के बारे में उन्होंने कहा कि 2025-26 में मूल्य और मात्रा दोनों के लिहाज से आयात घटा है। इससे भारत के कुल स्वर्ण आयात में यूएई की हिस्सेदारी कम हुई है।

इसी तरह ऊंची कीमतों के कारण पिछले वित्त वर्ष में चांदी का आयात लगभग 150% बढ़कर 12 अरब डॉलर हो गया। मात्रा के लिहाज से यह 42% बढ़कर 7,334.96 टन रहा। अप्रैल में सोने और चांदी के आयात में बढ़ोतरी से देश का व्यापार घाटा बढ़कर तीन महीने के उच्चस्तर 28.38 अरब डॉलर पर पहुंच गया।

सोने का आयात

  • अप्रैल में भारत का गोल्ड इंपोर्ट 81.69% बढ़कर $5.62 अरब रहा
  • वित्त वर्ष 2025-26 में सोने का आयात मूल्य के लिहाज से 24% बढ़ा
  • मात्रा के लिहाज से आयात 4.76 प्रतिशत घटकर 721.03 टन रहा
  • आयात शुल्क बढ़ने से सोने और चांदी के आयात पर पड़ सकता है असर