अगस्त में GST कलेक्शन 98,202 करोड़ रहा, जून और जुलाई से कम

1574

नई दिल्ली। वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) कलेक्शन के मोर्चे पर मोदी सरकार के लिए राहत भरी खबर आई है। अगस्त 2019 में जीएसटी कलेक्शन 4.51 प्रतिशत बढ़कर 98202 करोड़ रुपए रहा है जो पिछले वर्ष इसी महीने के 93960 करोड़ रुपए के राजस्व की तुलना में 4.51 प्रतिशत अधिक है।

इस वर्ष जुलाई में यह राशि 102083 करोड़ रुपए रही थी। जून में यह राशि 99939 करोड़ रुपए रही थी। इस तरह से जून और जुलाई की तुलना में अगस्त में गिरावट दर्ज की गई है। वित्त मंत्रालय ने रविवार को बताया कि अगस्त में जीएसटी कलेक्शन में केंद्रीय जीएसटी संग्रह 17733 करोड़ रुपए, राज्य जीएसटी संग्रह 24239 करोड़ रुपए, एकीकृत जीएसटी संग्रह 48958 करोड़ रुपए और उपकर संग्रह 7273 करोड़ रुपए रहा।

एकीकृत जीएसटी में 24818 करोड़ रुपए और उपकर में 841 करोड़ रुपए आयात से प्राप्त हुए हैं। जुलाई महीने के लिए 31 अगस्त तक 75 लाख 80 हजार जीएसटीआर-3बी फॉर्म भरे गए हैं। सरकार ने एकीकृत जीएसटी से 23165 करोड़ रुपए केंद्रीय जीएसटी और 16623 करोड़ रुपए राज्य जीएसटी के खाते में दिया है।

नियमित आवंटन के बाद जून में केन्द्र सरकार का कुल जीएसटी राजस्व 40898 करोड़ रुपए और राज्यों की कुल राशि 40862 करोड़ रुपए रही है। जून और जुलाई 2019 के लिए राज्यों को क्षतिपूर्ति के तौर पर 27955 करोड़ रुपए जारी किए गए हैं।