‘अंगदान महादान’ संगोष्ठी में विशेषज्ञों ने किया लोगों के मन का भ्रम दूर

0
8

कोटा। रोटरी क्लब कोटा और शाइन इंडिया फाउंडेशन द्वारा रविवार को रोटरी क्लब, छावनी में आयोजित “अंगदान महादान” विषय पर विशेष वार्ता आयोजित की गई। कार्यक्रम में शहर के चिकित्सकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, निजी व राजकीय संस्थाओं के पदाधिकारियों, आम नागरिकों और युवाओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता ऑर्गन इंडिया, नई दिल्ली के प्रोजेक्ट्स एंड आउटरीच मैनेजर डॉ. सौरभ शर्मा रहे। उन्होंने अंगदान के चिकित्सकीय, कानूनी और मानवीय पहलुओं पर विस्तार से जानकारी देते हुए लोगों के मन में मौजूद भ्रमों को दूर किया।

इस अवसर पर राजस्थान सरकार के राज्य उत्तक एवं अंग प्रत्यारोपण संस्थान की अतिरिक्त निदेशक डॉ. रश्मि गुप्ता ने विशेष रूप से शिरकत की। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा अंगदान अभियान को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों पर प्रकाश डाला।

डॉ. रश्मि गुप्ता ने कहा कि राजस्थान सरकार अंगदान को जन आंदोलन बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। राज्य उत्तक एवं अंग प्रत्यारोपण संस्थान के माध्यम से हम ब्रेन डेड डोनर की पहचान, काउंसलिंग और अंग प्रत्यारोपण की प्रक्रिया को पारदर्शी और सुगम बना रहे हैं।

कोटा जैसे शहरों में रोटरी और शाइन इंडिया जैसे संगठनों की भूमिका बेहद अहम है। समाज के सहयोग के बिना सरकार अकेले यह लक्ष्य हासिल नहीं कर सकती।

कार्यक्रम में सवाल-जवाब का सत्र बेहद प्रभावी रहा। लोगों ने ब्रेन डेड की परिभाषा, अंगदान की कानूनी प्रक्रिया और धर्म से जुड़े भ्रमों को लेकर खुलकर सवाल पूछे, जिनके संतोषजनक जवाब विशेषज्ञों ने दिए।

शाइन इंडिया फाउंडेशन के डॉ कुलवंत गौड़ ने कहा कि कोटा समाज सेवा के लिए हमेशा आगे रहा है। डॉ. रश्मि गुप्ता और डॉ. सौरभ शर्मा के व्याख्यान ने लोगों का डर दूर किया है। हमें उम्मीद है कि आने वाले समय में कोटा में अंगदान संकल्प और जागरूकता अभियान की संख्या में बड़ा इजाफा होगा।

सचिव नीरज अग्रवाल ने कहा कि शाइन इंडिया फाउंडेशन और रोटरी क्लब का यह संयुक्त प्रयास सफल रहा। डॉक्टर्स, संस्थाओं के पदाधिकारी और आम नागरिकों की उपस्थिति ने साबित कर दिया कि लोग अब जागरूक हो रहे हैं। हम आगे भी ऐसे कार्यक्रम लगातार करते रहेंगे।

शाइन इंडिया फाउंडेशन ने बताया कि वे पिछले 15 वर्षों से कोटा संभाग में सड़क सुरक्षा और स्वास्थ्य जागरूकता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। आयोजकों ने सभी उपस्थित लोगों, वक्ताओं और सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया।