UPSC CSE 2023: सिविल सेवा परीक्षा 2023 का अंतिम परिणाम आज हो सकता है घोषित

23

नई दिल्ली। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा आयोजित सिविल (मुख्य) परीक्षा 2023 के अंतिम नतीजों (UPSC CSE 2023 Final Result) की घोषणा आज की जा सकती है। पूर्व वर्षों के पैटर्न के आधार पर विभिन्न मीडिया रिपोर्ट्स द्वारा दावा किया जा रहा है कि UPSC द्वारा CSE 2023 के अंतिम नतीजे आज यानी मंगलवार, को घोषित किए जा सकते हैं।

9 अप्रैल तक हुए इंटरव्यू
बता दें कि UPSC ने सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2023 के लिए अधिसूचना 1 फरवरी को जारी की थी और आवेदन प्रक्रिया 21 फरवरी तक चली थी। इसके बाद प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन 28 मई को किया गया था, जिसके नतीजे 12 जून को घोषित किए गए थे। इसमें सफल घोषित उम्मीदवारों के लिए मुख्य परीक्षा का आयोजन 15 से 24 सितंबर तक किया गया था और परिणाम 8 दिसंबर 2023 को जारी किए गए थे, जिसके बाद मुख्य परीक्षा के द्वितीय चरण यानी साक्षात्कार/व्यक्तित्व परीक्षण चरण का आयोजन तीन चरणों में 2 जनवरी से 16 फरवरी, 19 फरवरी से 15 मार्च और फिर 18 मार्च से 9 अप्रैल तक किया गया था। इसके बाद अब अंतिम नतीजों (UPSC CSE 2023 Final Result) की घोषणा किए जाने का इंतजार है।

चयनित उम्मीदवारों की सूची होगी जारी
UPSC द्वारा सिविल सेवा परीक्षा के परिणामों के अंतर्गत वर्ष 2023 की परीक्षा के लिए घोषित रिक्तियों के सापेक्ष विभिन्न वर्गों से चयनित उम्मीदवारों की सूची (UPSC CSE 2023 Select List) आयोग की आधिकारिक वेबसाइट, upsc.gov.in पर जारी की जाएगी। इस लिस्ट में विभिन्न अखिल भारतीय सेवाओं में नियुक्ति हुए आयोग संस्तुति किए गए उम्मीदवारों के नाम, रोल नंबर और उनकी ऑल इंडिया रैंक (AIR) जारी की जाएगी। इस लिस्ट को आमतौर टॉपर्स लिस्ट (UPSC Toppers List 2023) कहा जाता है।