नई दिल्ली। Petrol price in Libya: ईरान-अमेरिका युद्ध की लपटों में कच्चा तेल उबाल मार रहा है। ब्रेंट क्रूड 100 डॉलर प्रति बैरल की ओर कदम बढ़ा चुका है। जबकि, पाकिस्तान समेत कई देशों में पेट्रोल की कीमतें एक बार फिर से बढ़नी शुरू हो गई हैं। दुनिया में पेट्रोल की औसत कीमत भी 137 रुपये से बढ़कर 141 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गई है। इसके बावजूद दुनिया के 3 देशों में पेट्रोल की कीमत 4 रुपये से कम है।
आज की डेट सबसे सस्ता पेट्रोल लीबिया में है। यह एक लीटर पेट्रोल 2.25 रुपये में बिक रहा है। ग्लोबल पेट्रोल प्राइस की इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर ईरान है, जहां, एक लीटर पेट्रोल की कीमत 2.27 रुपये है। तीसरे नंबर पर वेनेजुएला है। यहां पेट्रोल की कीमत 3.36 रुपये लीटर है। ये तीनों देश कच्चे तेल के उत्पादक हैं।
इन देशों में पेट्रोल 50 रुपये से भी कम
अंगोला में पेट्रोल की कीमत जहां 31.43 रुपये लीटर है वहीं, कुवैत में 32.60 रुपये लीटर। अल्जीरिया में पेट्रोल 32.92 रुपये लीटर है तो तुर्कमेनिस्तान में 41.27 रुपये प्रति लीटर। इजिप्ट भी दुनिया में सबसे सस्ता पेट्रोल बेचने वाले टॉप-10 देशों में है। यहां एक लीटर पेट्रोल 45.49 रुपये है।
सस्ता तेल बेचने वाले टॉप-10 देशों में शामिल कतर और अऊदी अरब ही ऐसे दो देश हैं, जहां दाम 50 रुपये के ऊपर हैं। कतर में पेट्रोल 55.38 तो सऊदी अरब में अब एक लीटर पेट्रोल की कीमत 59.58 रुपये है।
सबसे महंगा पेट्रोल बेचने वाले देश
सबसे महंगा पेट्रोल आज की डेट में हांगकांग में 390.52 रुपये लीटर है। इसके मलावी में 310.97 रुपये और डेनमार्क में 257.87 रुपये लीटर। इजरायल में 247.80 रुपये और नीदरलैंड में 246.71 रुपये लीटर है। इनके अलावा फिनलैंड, जर्मनी, सिंगापुर, स्विट्जरलैंड, ग्रीस, नार्वे, अल्बानिया, उरुग्वे, फ्रांस, पुर्तगाल, और इटली में पेट्रोल की कीमत 200 रुपये प्रति लीटर के ऊपर है।
सबसे सस्ता और महंगा डीजल बेचने वाले देश
सबसे सस्ता डीजल वेनेजुएला में मिलता है। यहां 1 लीटर डीजल की कीमत महज 40 पैसे है। इसके बाद ईरान में 55 पैसे और लीबिया में 2.25 रुपये लीटर। अल्जीरिया में एक लीटर डीजल की कीमत 22.37 रुपये है। तुर्केमेनिस्तान में डीजल 27.51 रुपये प्रति लीटर है तो कुवैत में 35.70 रुपये। इजिप्ट में डीजल का रेट 38.85 रुपये लीटर है तो अंगोला में 44 रुपये लीटर। सऊदी अरब में एक लीटर डीजल की कीमत 45.77 रुपये और कतर में 54 रुपये।
दुनिया में सबसे महंगा डीजल हांगकांग में 420 रुपये लीटर है। एक लीटर डीजल की कीमत मलावी में 348, सिंगापुर में 261.84, डेनमार्क में 258.36, स्विट्जरलैंड में 237.34, नीदरलैंड में 229 रुपये लीटर है। इजरायल में जहां एक लीटर डीजल 235 रुपये है तो फिनलैंड में 237 रुपये है।

