सेंसेक्स 393 अंक उछल कर 52,699 पर बंद, निफ़्टी 15,790 पर

0
444

मुंबई। वायदा बाजार में जून सीरीज के सौदों की एक्सपायरी वाले दिन बाजार मजबूती के साथ बंद हुए। एनएसई का 50 शेयरों वाला निफ्टी 103 पॉइंट यानी 0.66% के उछाल के साथ 15,790 पॉइंट पर रहा। बीएसई के 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 393 पॉइंट यानी 0.75% की मजबूती के साथ 52,699 पर बंद हुआ। AGM के दिन RIL में लगभग 3% की गिरावट आई।

बाजार को सपोर्ट देने वाले शेयरों में इन्फोसिस, TCS, टेक महिंद्रा, L&T, JSW स्टील और एशियन पेंट्स शामिल रहे। RIL, कोल इंडिया, IOC, अडाणीप पोर्ट्स, ONGC, भारती एयरटेल, पावर ग्रिड और टाइटन में कमजोरी रही। निफ्टी के मिड कैप इंडेक्स में 0.28% की गिरावट आई। स्मॉल कैप इंडेक्स 0.04% की मामूली बढ़त के साथ बंद हुआ।

जहां तक सेक्टर इंडेक्स की बात है, तो निफ्टी के IT इंडेक्स में सबसे ज्यादा 2.79% का उछाल आया। निफ्टी बैंक, मेटल और फाइनेंशियल सर्विसेज सेक्टर इंडेक्स में 0.50% से ज्यादा की मजबूती आई। बाजार पर एनर्जी, मीडिया और रियल्टी इंडेक्स में एक पर्सेंट से ज्यादा की गिरावट के चलते दबाव रहा। फार्मा इंडेक्स में 0.36% की कमजोरी रही।

गुरुवार को घरेलू शेयर बाजारों ने मजबूत शुरुआत दी थी। एनएसई निफ्टी 50 पॉइंट ऊपर 15,737 पॉइंट पर खुला था। कारोबार के दौरान यह 120 पॉइंट के दायरे में ऊपर-नीचे हुआ। बीएसई सेंसेक्स की भी शुरुआत स्ट्रॉन्ग रही थी। यह 200 अंक की मजबूती के साथ 52,514 अंक पर खुला था। कारोबार के दौरान ऊपर 52,830 अंक तक गया था।

वोलैटिलिटी इंडेक्स, इंडिया VIX में 1.74% की गिरावट आई जो बताती है कि अगले 30 दिनों में निफ्टी सालाना आधार पर इतना चढ़ सकता है। इस वोलैटिलिटी इंडेक्स में गिरावट बताती है कि शेयर बाजार में तेजी जारी रह सकती है। निचले स्तरों से बढ़ोतरी होना, बाजार में मजबूती कायम रहने के साथ हलचल बढ़ने का संकेत होता है।

सोना कॉमस्टार का शेयर एनएसई पर 70.20 रुपए (24.12%) के उछाल के साथ 361.20 रुपए पर बंद हुआ। इसके शेयरों की लिस्टिंग श्याम मेटालिक्स के मुकाबले कमजोर रही है। 291 रुपए के इश्यू प्राइस वाला यह शेयर बीएसई पर महज 3.92% ऊपर 302.40 रुपए पर लिस्ट हुआ। एनएसई पर भी इसकी लिस्टिंग 3.44% के मामूली प्रीमियम के साथ 301 रुपए पर हुई। तेजी में 361 रुपए तक गया शेयर शुरुआती कारोबार में 295.15 तक गिर गया था। इसका इश्यू सिर्फ 2.28 गुना सब्सक्राइब हुआ था।