सेंसेक्स 21 अंक के मामूली सुधार के साथ 52,344 पर बंद, निफ्टी 15,683 पर

0
489

मुंम्बई। हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को शेयर बाजार में तेज उतार चढ़ाव का दौर चला। बीएसई सेंसेक्स 21.12 पॉइंट (0.04%) की मजबूती के साथ 52,344 पॉइंट पर बंद हुआ। एनएसई निफ्टी 8.05 पॉइंट (-0.05%) की गिरावट के साथ 15,683 पॉइंट पर रहा।

कारोबार के दौरान 15,450 तक गिरे निफ्टी में 310 पॉइंट का उतार-चढ़ाव आया। निफ्टी के 50 शेयरों में से 22 मजबूती के साथ बंद हुए। सेंसेक्स लगभग 1,000 पॉइंट ऊपर नीचे हुआ। इसके 30 में से आधे शेयर मजबूती के साथ बंद हुए।

निवेशकों का ध्यान आज बड़ी कंपनियों पर ही रहा। छोटी और मझोली कंपनियों के शेयरों वाले निफ्टी इंडेक्स की जोरदार पिटाई हुर्इ। निफ्टी मिड कैप में 1.05% की गिरावट आई जबकि स्मॉल कैप में 0.88% की कमजोरी रही।

सेक्टर इंडेक्स में सबसे ज्यादा 1.95% की गिरावट निफ्टी एनर्जी में आई। PSU बैंक, मेटल, रियल्टी ऑटो, मीडिया और IT इंडेक्स में भी कमजोरी रही। सिर्फ FMCG और फाइनेंशियल सेक्टर इंडेक्स में मामूली मजबूती आई।

शुक्रवार को शेयर बाजारों ने मजबूत शुरुआत दी थी। सेंसेक्स 244.74 अंक और निफ्टी 65.1 पॉइंट ऊपर खुला था। लेकिन बढ़त ज्यादा देर तक कायम नहीं रह पाई। अडाणी ग्रुप की कई कंपनियों के शेयरों में तेज गिरावट आई। अडाणी पावर, अडाणी ट्रांसमिशन, अडाणी ग्रीन एनर्जी और अडाणी टोटल में 5% का लोअर सर्किट लगा।