सेंसेक्स 308 अंक उछल कर 51,423 और निफ्टी रिकॉर्ड हाई पर बंद हुआ

0
465

मुंबई। हफ्ते के अंतिम कारोबारी दिन शेयर बाजार में जमकर खरीदारी हुई। बीएसई का सेंसेक्स 308 पॉइंट यानी 0.60% के उछाल के साथ 51,423 पॉइंट पर बंद हुआ। एनएसई का निफ्टी 98 पॉइंट यानी 0.64% चढ़कर 15,436 पर बंद हुआ। बाजार को एनर्जी, सरकारी बैंकों और मेटल शेयरों में खरीदारी का सपोर्ट मिला। रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में सबसे ज्यादा 6% की मजबूती आई, वहीं सन फार्मा का शेयर 4.25% कमजोर हुआ।

अगर बाजार में खरीदारी और तेजी को सेक्टर के हिसाब से देखें तो सबसे ज्यादा 1.41% का उछाल निफ्टी के एनर्जी इंडेक्स में आया। निफ्टी के 12 सेक्टर इंडेक्स में से चार इंडेक्स में कमजोरी रही और सबसे ज्यादा (1.18%) की गिरावट निफ्टी फार्मा में आई। बाजार को सरकारी बैंकों और फाइनेंशियल सर्विसेज के निफ्टी इंडेक्स में कंपनियों में भी हो रही खरीदारी का सपोर्ट मिला।

सुबह बाजार की शुरुआत रिकॉर्ड बढ़त के साथ हुई। इंडेक्स कल के बंद स्तर से 83.35 पॉइंट ऊपर 15,421 पर खुला। यह कारोबार के दौरान 15,455 पॉइंट तक भी पहुंचा, जो अब तक का सबसे ऊंचा स्तर है। इसी तरह, सेंसेक्स 266.05 अंक ऊपर 51,381 पर खुला था। इससे पहले गुरुवार को सेंसेक्स 97.70 पॉइंट ऊपर 51,115.22 पर और निफ्टी 36.40 अंक की बढ़त के साथ 15,337.85 अंक पर बंद हुआ था।

ट्रेडरों ने बाजार में तेजी जारी रहने पर लगाए गए दाव को अगली यानी जून सीरीज में बनाए रखा है। इससे आने वाले हफ्तों में बाजार के फिर नई ऊंचाइयों पर जाने का अंदाजा लगाया जा सकता है। जानकारों के मुताबिक, जून और जुलाई में कोविड संक्रमण के मामले घटने की संभावनाओं के बीच इस महीने निफ्टी 15,600-15,800 के दायरे में रह सकता है।