अमेजन का प्राइम नाउ ऐप बंद होगा, मुख्य ऐप पर ही डिलिवरी का विकल्प मिलेगा

0
365

नई दिल्ली। अमेरिका की दिग्गज ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन ने रणनीतिक तौर पर बड़ा फैसला किया है। कंपनी ने अपने स्टैंडअलोन प्राइम नाउ डिलिवरी ऐप को बंद करने का फैसला किया है। अब दो घंटे की डिलिवरी का विकल्प कंपनी के मुख्य ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध होगा। प्राइम नाउ 2014 में लॉन्च हुआ था।

कंपनी ने कहा है कि भारत, जापान और सिंगापुर में पहले ही प्राइम नाउ के अनुभव को अमेजन के मुख्य ऐप पर उपलब्ध कराना शुरू कर दिया है। इन देशों में प्राइम नाउ ऐप और वेबसाइट को बंद कर दिया गया है। अमेरिका में 2019 में अमेजन फ्रेश और होल फूड्स मार्केट में दो घंटे में डिलिवरी का विकल्प शुरू किया था। अमेजन में ग्रोसरी के वाइस प्रेसीडेंट स्टेफनी लैंड्री का कहना है कि वैश्विक स्तर पर प्राइम नाउ ऐप और वेबसाइट को बंद करने से पहले सभी थर्ड पार्टी पार्टनर्स और लोकल स्टोर्स को अमेजन शॉपिंग का अनुभव कराया जाएगा।

एक ही ऐप पर मिलेंगी सभी सेवाएं
अब शॉपिंग, ऑर्डर को ट्रैक करना और कस्टमर केयर से संपर्क करने जैसी सभी सेवाएं के लिए एक ही सुविधाजनक ऐप बनाया गया है। लैंड्री ने कहा कि रोजाना इस्तेमाल होने वाली वस्तुएं, गिफ्ट, टॉयज, हाई-क्वालिटी ग्रॉसरी जैसे प्राइम नाउ पर मिलने वाली वस्तुएं अब अमेजन पर भी उपलब्ध होंगी।