महावीर के संदेशों के साथ सकल जैन समाज के हजारों लोगों ने निकाली अहिंसा पदयात्रा

0
8

कोटा। जियो और जीने दो, अहिंसा परमों धर्म, सत्य व अंहिसा की तख्तियां लिए हजारों जैन समाज के महिला व पुरूष। महावीर के संदशों और जयकारों से गूंजता शोभामार्ग और कतारबद्ध होकर केसरिया वस्त्रो में महिलाएं और श्वेत वस्त्रो में पुरूष। यह नजारा था तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी के जन्म कल्याणक महोत्सव के उपलक्ष्य में दिगम्बर व श्वेताम्बर जैन समाज कोटा महानगर में आयोजित ऐतिहासिक अंहिसा पद यात्रा का।

प्रचार मंत्री मनोज जैन अदिनाथ ने बताया कि जैन समाज द्वारा आयोजित सामूहिक पदयात्रा मंगलवार सुबह 7 बजे महावीर नगर प्रथम दिगंबर जैन लाल मंदिर से रेडक्रॉस के स्टेट चेयरमैन राजेश कृष्ण बिरला, विधायक संदीप शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश जैन, लोकसभा अध्यक्ष के निजी सचिव अंकित जैन, पंकज मेहता, संरक्षक राजमल पाटोदी, प्रकाश बज, पदम बडला, संरक्षक विमल जैन नांता एवं विनोद टोरडी, मुख्य संयोजक जेके जैन एवं रेखा हिंगड ने पदयात्रा को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया।

सकल जैन समाज के मुख्य संयोजक जे के जैन ने बताया कि अंहिसा पदयात्रा महावीर नगर प्रथम दिगंबर जैन लाल मंदिर से प्रारंभ होकर ओपेरा हॉस्पिटल रोड, सेंट्रल पब्लिक स्कूल, तलवंडी चौराहा, सुवि नेत्र चिकित्सालय जवाहर नगर होती हुई भगवान महावीर के जयकारों के साथ दानबाडी पहुंची, जहां पदयात्रा सभा में परिवर्तित हो गई। अंहिसा पदयात्रा में दिगम्बर व श्वेताम्बर, जैन समाज के लोग शामिल हुए।

संयोजिका रेखा हिंगड ने बताया कि पदयात्रा में सकल समाज के सकल दिगम्बर जैन समाज समिति के अध्यक्ष प्रकाश बज़, महामंत्री पदम बडला, कोषाध्यक्ष जितेंद्र हरसोरा, विमल जैन नान्ता, विनोद जैन टोरड़ी, राजमल पाटौदी, जे के जैन, विजय दुगेरिया, नरेश जैन वैद, लोकेश जैन, महिला प्रकोष्ठ की संयोजक निशा जैन, विकास जैन अजमेरा, प्रचार सचिव मनोज आदिनाथ, अशोक पहाडिया, पारस जैन, राजेश मंगलम, श्वेताम्बर जैन समाज के समन्वयक पंकज मेहता, एम पी चतर, लोकेश डांगी, प्रदीप बर​डिया, अंकित सेठिया, ज्ञान चंद लोढ़ा, कमलेश सांवला, धर्मचंद जैन, बुद्धि प्रकाश, राकेश श्रीमाल, दीपू व भुवनेश जैन आदि उपस्थित रहे।

प्रशंसनीय है समाज की एकता
मुख्य अतिथि रेडक्रॉस के स्टेट चैयरमेन राजेश कृष्ण बिरला ने अपने उद्बोधन में कोटा जैन समाज द्वारा संगठित पदयात्रा निकालने पर समाज की एकजुटता की प्रशंसा करते हुए कहा कि सकल जैन समाज का यह सार्थक प्रयास है। इसके लिए समाज के सभी पदाधिकारी, कार्यकर्ता व आमजन बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि महावीर के संदेशों की सार्थकता एकता के साथ ही है। सकल समाज के मुख्य संयोजक जे के जैन ने स्वागत किया एवं ऐतिहासिक सफल पदयात्रा संयोजको की मेहनत के लिए उनका आभार प्रकट किया।

संयोजिका रेखा हिंगड महिलाओं द्वारा भगवान महावीर संदेशो व उपदेशो को प्रचारित करने के लिए आभार प्रकट किया। उन्होने कहा​ कि महिलाएं बिना पानी पिए 5 किमी तक चली। समन्वयक पंकज मेहता ने जैन समाज द्वारा दिखाई एकजुटता की प्रशंसा की और कहा कि महावीर भगवान के पद चिन्हो पर चलकर हम अपने जीवन को सार्थक बना सकते हैं।

सकल दिगम्बर समाज के अध्यक्ष प्रकाश बज ने आगामी कार्यक्रम के लिए सभी समाजो को मिलकर एकजुटता दिखाने की अपील की और कहा कि महावीर की जयंति भी भविष्य में एकजुटता के साथ मनाई जाए।अध्यक्षता कर रहे भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश जैन ने समाज की एकता व महिलाओं द्वारा पदयात्रा को भव्य बनाने लिए साधुवाद दिया।
लोकेश डांगी ने कहा कि मन का मैल जो धोये वह महावीर का सच्चा उपासक है। हमें अहिंसा व सत्य जैसे विचारों को जन-जन तक पहुचाना है।

अंहिसा मय हुई शिक्षानगरी
जैन समाज द्वारा सामूहिक अहिंसा पदयात्रा में महिलाएं केसरिया साड़ी पहनकर हाथों में तख्तियों व झण्डे से भगवान महावीर के संदेशो को लेकर चल रही थी। इसने पीछे सकल जैन सकल समाज के पुरूष वर्ग भी भगवान के जयकारों के साथ आगे बढ़ रहा था। वहीं बालिका एवं युवा मण्डल भजनों पर थिरकते हुए चल रहे थे। पुरुष वर्गों के हाथों में धर्म ध्वजा थी जिसे लेकर भगवान महावीर के जयकारे लगाते हुए पुरुष आगे बढ़ रहे थे।

पदयात्रा के साथ भजन मंडली, डी जे साउंड भी था जिसपर आध्यात्मिक पाठशाला के नन्हे मुन्ने बच्चे भक्ति नृत्य करते चल रहे थे। पदयात्रा मार्ग में 108 स्वागत द्वार लगाए गए और जगह-जगह फूल मालाओं से पदयात्रा का स्वागत किया गया। पूरे मार्ग में रंगोली सजाई गई थी, सड़कों के दोनों और लोग पदयात्रियों का स्वागत करते नजर आ रहे थे। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर दोनो समाज की महिलाओं द्वारा भगवान महावीर के जन्म से पूर्व आए 16 स्वप्नों की झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी।

भगवान महावीर को आहार दान, भगवान महावीर के जन्म, जैन संस्कृति, श्रमण संस्कृति के उन्नायक जैन आचार्य, संतो के विचारो, जैन तीर्थों की रक्षा का संदेश सहित हर प्रदेश में बने तीर्थों को महिलाओ ने बैनर के माध्यम से पदयात्रा में प्रदर्शित किया।

जिनालयों में णमोकार मंत्र का जाप आज
नरेश जैन वेद ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शांति का संदेश देने के लिए पूरे विश्व में बुधवार को सुबह 8 से 9.30 बजे तक णमोकार मंत्र का जाप किया जाएगा। इसके तहत शहर के 60 जैन मंदिरों में सुबह 8 से 9.30 बजे तक णमोकार मंत्र का सामूहिक रूप से जाप किया जाएगा। इसके अलावा शहर में दो स्थान पर बड़े स्तर पर सामूहिक रूप से णमोकार जाप करने की जैन समाज के संगठनों ने व्यवस्था की है। जिसमें जैन समाज के विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी, सदस्य शामिल होंगे।

जैन इंटरनेशनल ट्रेड (जीतो) के चेयरमैन पंकज सेठी ने बताया कि सामूहिक जाप के लिए बड़े स्तर पर कुन्हाड़ी एक्जोटिका गार्डन व जवाहरनगर स्थित सत्यार्थ भवन में व्यवस्था की गई है। जहां एक साथ करीब पांच हजार लोग एक साथ बैठ कर णमोकार मंत्र का जाप कर सकेंगे। इसके लिए बड़ी स्क्रीन भी लगवाई है। जिस पर पीएम नरेंद्र मोदी द्वारा कार्यक्रम के उद्घाटन समारोह का लाइव दिखाया जाएगा। उसके बाद विश्व शांति के लिए णमोकार मंत्र का जाप शुरू होगा।

निशा जैन वेद ने बताया कि इसी दिन रात्रि साढ़े 7 बजे से दशहरा मैदान प्रांगण में सकल दिगम्बर जैन समाज समिति की महिला प्रकोष्ठ द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सैकड़ों महिलाएं भगवान महावीर के गुणों एवं संदेशों पर आधारित नाटिका का मंचन करेंगी।