सेंसेक्स 117 अंक उछल कर 50,731 पर बंद, निफ्टी 15,000 के पास पहुंचा

0
438

मुंबई। शेयर बाजार में शुक्रवार को लगातार 5वें दिन बढ़त रही। इस दौरान सेंसेक्स में 4445.86 और निफ्टी में 1289.65 अंकों का इजाफा हुआ है। हफ्तेभर में इतनी बड़ी बढ़त पिछले साल अप्रैल में देखने को मिली थी। आज शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स ने पहली बार 51 हजार और निफ्टी 15 हजार के रिकॉर्ड स्तर के पार किया। लेकिन रिजर्व बैंक द्वारा रेपो रेट और रिवर्स रेट स्थाई रखने के फैसले से बाजार ऊपरी स्तर से फिसल गया। अंत में सेंसेक्स 117.34 अंकों की बढ़त के साथ 50,731.63 पर और निफ्टी 28.60 अंक ऊपर 14,924.25 पर बंद हुआ है।

बाजार में रिकॉर्ड बढ़त जारी
सुबह सेंसेक्स 417 अंकों की बढ़त के साथ 51,073.27 पर खुला। इसमें सबसे ज्यादा बढ़त SBI के शेयर में रहा। शेयर इस हफ्ते करीब 40% बढ़ा है। हफ्तेभर में इतनी बड़ी बढ़त आखिरी बार मार्च 1992 में देखने को मिला था। चौतरफा तेजी के चलते निफ्टी ने भी 15,014.65 को छुआ। लेकिन अंत में सेंसेक्स दिन सबसे ऊंचे स्तर से 300 और निफ्टी 90 अंकों की गिरावट के साथ बंद हुआ है।

बैंकिंग और रियल्टी शेयरों में बढ़त
RBI की मौद्रिक नीति कमेटी ने रेपो रेट 4% और रिवर्स रेपो रेट 3.35% रखने का फैसला लिया है। इसका सीधा असर बैंकिंग और ऑटो शेयरों पर पड़ा। निफ्टी बैंक इंडेक्स 1.42%, PSU इंडेक्स 4.36% और रियल्टी इंडेक्स 0.55% की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं। दूसरी ओर, ऑटो इंडेक्स 1.13% की गिरावट के साथ कारोबार कर रहा है। इसमें टाटा मोटर्स और TVS मोटर के शेयरों में 4% की गिरावट है।

एक्सचेंज पर 52% शेयरों में गिरावट
एक्सचेंज पर 3,033 शेयरों में कारोबार हो रहा है। 1,277 शेयरों में बढ़त और 1,598 में गिरावट है। 192 शेयरों में लोअर सर्किट भी लगा। रिकॉर्ड बढ़त के चलते लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 200.64 लाख करोड़ रुपए हो गया है।

स्टोव क्राफ्ट का शेयर 30% प्रीमियम पर लिस्ट
किचन अप्लायंस बनाने वाली कंपनी स्टोव क्राफ्ट के शेयर ने शुक्रवार को बाजार में डेब्यू किया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर शेयर 29.35% के प्रीमियम पर लिस्ट हुआ है। यह इस साल की चौथी लिस्टिंग है। BSE पर शेयर 498 रुपए के भाव पर लिस्ट हुआ। शेयर का इश्यू प्राइस 385 रुपए था। इससे पहले इंडिगो पेंट्स का शेयर भी 75% के प्रीमियम पर लिस्ट हुआ था। शेयर लिस्टिंग प्राइस से 1.45% नीचे 460.25 रुपए पर कारोबार कर रहा है।

वैश्विक बाजारों में गिरावट
शुक्रवार को वैश्विक बाजारों में बढ़त दर्ज की गई। कोरिया का कोस्पी इंडेक्स 1.07%, जापान का निक्केई इंडेक्स 1.54% और ऑस्ट्रेलिया का ऑल ऑर्डिनरीज इंडेक्स 1.07% ऊपर बंद हुए। इसी तरह हॉन्गकॉन्ग का हेंगसेंग इंडेक्स भी 0.41% की बढ़त के साथ बंद हुआ है। दूसरी ओर, चीन के शंघाई कंपोजिट इंडेक्स में 0.16% की गिरावट रही। इससे पहले अमेरिकी बाजारों में डाओ जोंस, नैस्डैक और S&P 500 इंडेक्स 1-1% से ज्यादा की बढ़त के साथ बंद हुए थे।