सेंसेक्स 50,614 के रिकॉर्ड स्तर पर बंद, मार्केट कैप 200 लाख करोड़ के पार

0
818

मुंबई। शेयर बाजार में बजट के दिन से जारी बढ़त अभी बरकरार है। गुरुवार को सेंसेक्स कल की क्लोजिंग से 358 अंक ऊपर 50,614.29 के रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुआ है। इस दौरान सेंसेक्स ने अब तक के सबसे ऊंचे स्तर 50,687.51 को भी छुआ। चौतरफा खरीदारी में सबसे आगे सरकारी बैंकों के शेयर रहे। इसी तरह निफ्टी इंडेक्स भी 105 अंक ऊपर 14,895.65 पर बंद हुआ है।

देश की GDP से ज्यादा हुआ मार्केट कैप
खास बात यह है कि चौतरफा बढ़त के चलते लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप पहली बार 200 लाख करोड़ रुपए के पार पहुंच गया है। यह देश की सकल घरेलू उत्पाद यानी GDP की तुलना में अधिक है। 2020-21 के लिए देश की GDP 194.85 लाख करोड़ रुपए है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज पर 3,128 शेयरों में कारोबार हुआ। 1,859 शेयरों में बढ़त और 1,122 में गिरावट रही। यानी 59% शेयरों में बढ़त दर्ज की गई।

बाजार में बढ़त की प्रमुख वजह

  • विदेशी निवेश : घरेलू बाजार में विदेशी निवेश लगातार जारी है। विदेशी पोर्टफोलियो निवेशक (FPI) ने 2020-21 के दौरान अब तक रिकॉर्ड 31.70 अरब डॉलर का निवेश किया है। इससे पहले वित्त वर्ष 2012-13 में विदेशी निवेशकों ने 25.8 अरब डॉलर का निवेश किया है। एक्सपर्ट मान रहे हैं कि चालू वित्त वर्ष को समाप्त होने में अभी दो महीना बाकी है। ऐसे में निवेश का आंकड़ा बढ़ सकता है।
  • तिमाही नतीजे : देश की प्रमुख कंपनियों ने मजबूत तिमाही नतीजे पेश किए हैं। इससे बाजार का सेंटीमेंट पॉजिटिव बना हुआ है। रिलायंस इंडस्ट्रीज, टीसीएस, HDFC बैंक सहित अन्य को फेस्टिव सीजन के चलते अच्छा फायदा मिला है।
  • बजट 2021-22 : सरकार ने एक फरवरी को केंद्रीय बजट पेश किया। इसमें कोई नया टैक्स नहीं लगाया गया, जिसके डर से निवेशक नर्वस थे। साथ ही बैंकों के सुधार सहित इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर में खर्च को फोकस रखा गया। मार्केट एनालिस्ट मान रहे हैं कि बजट का फोकस ग्रोथ पर है। इससे विदेशी निवेशकों के साथ-साथ घरेलू निवेशक भी निवेश बढ़ा रहे हैं।