कोटा। रेलवे ने कर्मियों के लिए 78 दिन के बोनस की घोषणा कर दी गई है। प्रत्येक रेल कर्मचारी को 17951 रुपए बोनस मिलेगा। बोनस का भुगतान दशहरे से पहले किए जाने की उम्मीद है। बाेनस की मांग काे लेकर कर्मचारी आंदाेलन कर रहे थे।
वेस्ट सेंट्रल रेलवे एंप्लाइज यूनियन के महामंत्री मुकेश गालव ने बताया कि 5 अक्टूबर से 16 अक्टूबर तक यूनियन ने बोनस अधिकार पखवाड़े के तहत रेल कर्मचारियों को जागरूक किया था। एआईआरएफ डब्ल्यूसीआरयू ने 20 अक्टूबर को पूरे देश में प्रदर्शन करने के बाद केंद्र सरकार को चेतावनी दी गई थी, इसके बाद सरकार ने बोनस की घोषणा की। रेलवे बोर्ड ने आदेश जारी करते हुए प्रत्येक रेल कर्मचारी को 7000 की सैलरी लिमिट के तहत 78 दिन के हिसाब से 17951 रुपए बोनस देने के आदेश जारी किए हैं।
मजदूर संघ के मंडल सचिव अब्दुल खालिक ने बताया कि नेशनल फेडरेशन ऑफ इंडियन रेलवे मेंस ने बोनस के मुद्दे पर रेल मंत्री व चेयरमैन रेलवे बोर्ड से भी वार्ता की थी। इस मुद्दे पर रेल कर्मचारियों ने प्रदर्शन भी किया था। बोनस की घोषणा कर्मचारियों के संघर्ष की जीत को दर्शाता है।
रेलवे की ओर से बोनस की घोषणा करते ही रेल कर्मचारियों में खुशी का माहौल है। कोटा रेल मंडल में करीब 16 हजार कर्मचारी हैं। इनको कुल 28.72 करोड़ 16 हजार रुपए बोनस मिलेगा। त्योहारी सीजन में बाजार में धनवर्षा होगी।