सुशांत केस: संदीप सिंह को कौन बचा रहा है, कांग्रेस नेता सिंघवी ने पूछा

0
743

नई दिल्‍ली। अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत आत्महत्या कांड में फिल्म निर्माता संदीप सिंह को लेकर कांग्रेस हमलावर हो गई। महाराष्‍ट्र के पूर्व सीएम देवेंद्र फडणवीस के साथ उसकी तस्‍वीर वायरल हो चुकी है। कांग्रेस की तरफ से वरिष्‍ठ नेता अभिषेक मनु सिंघवी मीडिया के सामने आए। उन्‍होंने सिंह के बहाने बीजेपी पर हमला करते हुए पूछा कि संदीप सिंह को कौन बचा रहा है? सिंघवी ने कहा कि ‘किसी संदिग्ध व्यक्ति का सीधा सम्बंध एक सत्तारूढ़ पार्टी से होता है, तो देश जानना चाहता है कि किससे जुड़े हैं तार, भाजपा में किससे है सम्बंध?’

बीजेपी के बड़े खास हैं सदीप सिंह: सिंघवी
सिंघवी ने कहा कि ‘संदीप सिंह ने कई बार दावा किया है कि वो सुशांत सिंह के निकट मित्र थे। उन्‍होंने कहा कि ‘इन्हीं संदीप सिंह ने माननीय मोदी जी की बॉयोपिक बनाई थी। तो ऐसे में जाहिर है कि संदीप सिंह एक निकटतम, विशेष, प्रिय व्यक्ति हैं। इस फिल्‍म के पोस्टर्स का लोकार्पण करने तत्कालीन मुख्यमंत्री फडणवीस जी गए थे। तो संदीप सिंह जी आम आदमी नहीं हैं।’ उन्‍होंने पूछा कि ‘क्या इन्हीं संदीप सिंह ने पिछले कुछ महीनों में महाराष्ट्र भाजपा कार्यालय में 53 कॉल किए थे? वो किससे सुरक्षा चक्र मांग रहे थे?’

गडकरी और फडणवीस से कांग्रेस के सवाल
सिंघवी ने वीडियो कॉन्‍फ्रेंसिंग के जरिए पार्टी का पक्ष रखते हुए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और फडणवीस पर सवाल उठाए हैं। सिंघवी ने कहा, “संदीप सिंह एकमात्र फिल्‍म निर्माता थे, जिनके साथ वाइब्रेंट गुजरात 2019 में ₹177 करोड़ का करारनामा हुआ। कम्पनी का नाम है- लीजेंड ग्लोबल स्टूडियो। इसकी 2017 में ₹66 लाख की हानि, 2018 में ₹61 लाख का लाभ, 2019 में ₹4 लाख की फिर हानि थी। ये करारनामा कैसे हुआ? क्या इसलिए ये इतनी हलचल हो रही है? मॉरीशस का हल कैसे निकला? संदीप सिंह को बॉयोपिक कैसे दी गई? संदीप सिंह ने महाराष्ट्र भाजपा कार्यालय में 53 कॉल कैसे किए? कौन है वो आका? माननीय फड़नवीस जी, गडकरी जी ये बताएं।”