देश में अब तक 7347 कोरोना संक्रमित, 206 मरीजों की मौत

0
561

नई दिल्ली। कोरोनावायरस से देश में सबसे ज्यादा प्रभावित महाराष्ट्र है। यहां संक्रमितों की संख्या में 27 दिन में 100 गुना से ज्यादा का इजाफा हुआ है। राज्य में 14 मार्च को कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 14 थी, जो 10 अप्रैल को बढ़कर 1600 के करीब पहुंच गई। न्यूज एजेंसी के मुताबिक, अकेले मुंबई में ही संक्रमितों की संख्या 993 हो गई है। शुक्रवार को यहां 218 नए मरीज सामने आए, जबकि 10 लोगों की मौत हुई।

राज्य में कोरोना की वजह से अबतक 108 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। इधर, देश में कोराना के मरीजों की संख्या 7 हजार 347 हो गई है। आज 618 नए मामले सामने आए। ये आंकड़े covid19india.org वेबसाइट के मुताबिक हैं। वहीं, स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, अभी देश में कुल संक्रमितों की संख्या 6 हजार 761 है। इनमें से 6 हजार 39 का इलाज चल रहा है। 515 मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि 206 की मौत हुई। 

इस बीच, कोरोनावायरस संकट से निपटने के लिए पंजाब में कर्फ्यू को 30 अप्रैल तक बढ़ाया गया है। कैबिनेट की बैठक में यह फैसला किया गया। ओडिशा के बाद पंजाब दूसरा राज्य है, जहां कर्फ्यू का समय बढ़ाया गया है। उधर, देश में 1 अप्रैल को 2 हजार 59 संक्रमित थे। तब से अब तक 5 हजार से ज्यादा मरीज बढ़े हैं। यानी,10 दिन में ही कोरोना संक्रमण के मामलों में 70% की बढ़ोतरी हुई है।  

आज कहां कितने मरीज मिले
महाराष्ट्र-234, दिल्ली-183, गुजरात-116, तमिलनाडु-77, राजस्थान-57, मध्यप्रदेश-40, उत्तरप्रदेश-23, जम्मू-कश्मीर-23, पंजाब-21, कर्नाटक-10, पश्चिम बंगाल-13, केरल-7, हरियाणा-6, ओडिशा-4, आंध्रप्रदेश-18, बिहार में 2, झारखंड-1।

कोरोना से जुड़े अपडेट्स

  • राजस्थान सरकार ने राज्य के एपिडेमिक डिसीज एक्ट 1957 के तहत सार्वजनिक स्थानों पर थूकने पर बैन लगा दिया है। अब पान, तंबाकू खाकर थूकने वालों पर आईपीसी की धारा 188 के उल्लंघन के तहत वैधानिक कार्रवाई होगी।
  • तमिलनाडु के स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि राज्य में कुल 911 कोरोना पॉजिटिव मरीजों में से अकेले 833 लोग दिल्ली के तब्लीगी जमात से लौटे लोगों के सम्पर्क में आने से संक्रमित हुए। 
  • मंत्री एचबी सरमा ने शुक्रवार को बताया कि असम सरकार ने लॉकडाउन की वजह से दूसरे राज्यों में फंसे कैंसर, किडनी और दिल की बीमारी से जुड़े मरीजों को आर्थिक मदद देने का फैसला किया है। इसके लिए सरकार ने हेल्पलाइन नंबर- 0361-2558955 जारी किया है।
  • दिल्ली एयरपोर्ट ने शुक्रवार को बताया कि मास्क, मेडिसिन और मेडिकल उपकरणों जैसी जरूरी सामान की सप्लाई के 20 से 22 कार्गो विमान रोज उड़ान भर रहे हैं। ये विमान दोहा, पेरिस, हॉन्गकॉन्ग, शेन्झेंन, शंघाई, गुआंन्गझोऊ और इन्कोहेन से आने वाली सप्लाई को देशभर में पहुंचा रहे।
  • केंद्र सरकार ने राज्यों से कहा है कि 21 दिन के लॉकडाउन का 100 फीसदी पालन हो यह सुनिश्चित किया जाए। इसके अलावा धार्मिक आयोजनों में भीड़ ना इकट्ठा होने दी जाए। सोशल मीडिया पर भी कड़ी निगरानी रखी जाए ताकि कोई भी आपत्तिजनक पोस्टों को फैलने से रोका जा सके।
  • सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका लगाई गई है। इसमें केंद्र सरकार को यह आदेश देने की मांग की गई है कि वह कोरोनावायरस के हॉटास्पॉट वाले शहरों में घर-घर मेडिकल टीम भेजकर लोगों की जांच कराए।

सरकार की प्रेस कॉन्फ्रेंस की अहम बातें

  • कोविड कंट्रोल रूम एक्टिव हैं। स्थिति नियंत्रण में है। हाइड्रोक्सीक्लोरोक्वीन का उपयोग सही केस को देखते हुए किया जा रहा है। इसकी वैश्विक स्तर पर काफी मांग है, लेकिन इसके उपयोग में सावधानी बरतने की जरूरत है। 
  • हाइड्रोक्सीक्लोरोक्वीन की दुनिया भर से हो रही मांग को हम घरेलू जरूरतों को ध्यान में रखते हुए पूरा कर रहे हैं। हमारे पास इसका पर्याप्त स्टॉक है। हमें करीब 1 करोड़ हाइड्रोक्सीक्लोरोक्वीन की जरूरत है और हमारे पास 3 करोड़ 80 लाख उपलब्ध हैं। 
  • जनवरी में हमने एक लैब से शुरुआत की थी। आज हमारे पास 147 लैब हैं, जिनके 16 हजार से ज्यादा कलेक्शन सेंटर हैं। गुरुवार को हमने 16 हजार होम टेस्ट किए। सिर्फ 2% टेस्ट ही पॉजिटिव आए। हमारे सैंपल में पॉजिटिव केस नहीं मिल रहे हैं। 
  • देश में पीपीई के 39 मैनुफैक्चर्स मौजूद हैं। फील्ड पर काम करने वाले कोई शक मन में न रखें। सरकार उनकी सुरक्षा के लिए पीपीई जुटा रही है। राज्यों को 20 लाख मास्क उपलब्ध करवाए गए हैं। 49 हजार वेंटिलेटर्स का ऑर्डर दे दिया है।

5 दिन जब सबसे ज्यादा मामले आए

दिनमामले
09 अप्रैल813
05 अप्रैल605
04 अप्रैल579
07 अप्रैल573
08 अप्रैल565