गुरु आस्था परिवार का गठन, आध्यात्मिक और सामाजिक समर्पण की नई पहल

0
8

कोटा। आचार्य प्रज्ञा सागर महाराज ससंघ के सानिध्य, आशीर्वाद और प्रेरणा से गुरु आस्था परिवार कोटा का गठन किया गया। इस परिवार का उद्देश्य समाज में धार्मिक और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देना है। मुख्य संयोजक यतीश खेड़ा वाला ने बताया कि इस संगठन में 172 परिवारों ने सदस्यता ली है और सभी सदस्य धार्मिक गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेंगे।

समाज हित में समर्पित रहेगा संगठन
गुरु आस्था परिवार के मुख्य उद्देश्यों में धर्म प्रचार, सामाजिक सेवा, जरूरतमंदों की सहायता और आध्यात्मिक मूल्यों का प्रचार-प्रसार शामिल है। आचार्य प्रज्ञा सागर महाराज ने इस परिवार के नियम एवं उद्देश्यों को निर्धारित किया और सभी सदस्यों को उनकी पालना करने का संकल्प दिलाया।

कार्यकारिणी समिति और प्रमुख सदस्य
मुख्य संयोजक यतीश जैन खेड़ावाला ने बताया कि गठित इस संगठन में संयोजक लोकेश सीसवाली,मनोज जैसवाल, नवीन दौराया, विमल जैन (नांता), विनोद टोरडी, विनय शाह, नितेश जैन, अनिल दौराया, आशीष जैसवाल, अजय खटकीटा लोकेश दमदमा, ताराचंद बडला, अजय मेहरूवाला, राजेन्द्र गोधा, पारस बज सहित 172 परिवार जुड़े हैं। गुरु आस्था परिवार आध्यात्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए नियमित रूप से बैठकें और आयोजन करेगा। सभी सदस्यों को वर्ष में एक बार सामूहिक अभिषेक और अनिवार्य वार्षिक बैठक में भाग लेना होगा।

धार्मिक क्रांति का संकल्प
गुरु आस्था परिवार का लक्ष्य हर घर में धर्म की अलख जगाना और समाज में नैतिकता, सेवा एवं समर्पण की भावना को विकसित करना है। इस परिवार के कार्य धार्मिक मर्यादाओं के अनुरूप होंगे और किसी भी ऐसी गतिविधि की अनुमति नहीं होगी जो समाज की गरिमा को ठेस पहुंचाए।संगठन की नीति के अनुसार, पदाधिकारियों का चयन होगा, चुनाव नहीं और सभी निर्णय आचार्य प्रज्ञा सागर महाराज के मार्गदर्शन में लिए जाएंगे।

समाज और धर्म के लिए नई पहल
गुरु आस्था परिवार कोटा का यह प्रयास धार्मिक और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह संगठन आध्यात्मिक उत्थान और सामाजिक सहयोग का उदाहरण प्रस्तुत करेगा।