पियानो वादक ब्रायन सिलास लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित
कोटा। An Evening of Music Unplugged Programme: सृजन द स्पार्क कोटा चैप्टर द्वारा ‘एन इवनिंग ऑफ म्यूजिक अनप्लग्ड’ कार्यक्रम का आयोजन गुरूवार को शौर्य घाट, चंबल रिवर फ्रंट पर आयोजित किया गया। इस संगीतमयी संध्या में प्रसिद्ध गायक एवं संगीतकार क्षितिज तारे ने अपनी सुरीली आवाज से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरे समय वह दिलकश आवाज से संगीत प्रेमियों को सम्मोहित करते रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ वी.एम.ओ.यू. के कुलपति प्रो. कैलाश सोडानी एवं आई.पी.एस. (सेवानिवृत्त) प्रसन्ना खमेसरा के विशिष्ट आतिथ्य में हुआ। कोटा चैप्टर अध्यक्ष डॉ. विजय सरदाना एवं सचिव संजीव अग्रवाल ने सभी अतिथियों का स्वागत किया।
संरक्षक गोविंद माहेश्वरी, प्रेम भाटिया, सचिव संजीव अग्रवाल, उपाध्यक्ष अनिमेष जैन, अमित बंसल, कोषाध्यक्ष विकास अजमेरा, सहसचिव अजय जैन, शिव शक्ति, कोर्डिनेटर कपिल सिद्धार्थ सहित शहर के सैकडो संगीत प्रेमियों ने रातभर एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियों का आन्नद लिया।
ब्रायन सिलास को ‘लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड’
कार्यक्रम की विशेष प्रस्तुति के रूप में अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त पियानो वादक ब्रायन सिलास को “लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड” से सम्मानित किया गया। उपाध्यक्ष अनिमेष जैन ने बताया कि ब्रायन सिलास को शॉल, माला व श्रीफल सहित 51 हजार रुपये की धनराशि से सम्मानित किया गया। इससे पहले ब्रायन सिलास को कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर सम्मानित किया जा चुका है।
देश व दिलो की दूरी कम करता है संगीत
अध्यक्ष डॉ. विजय सरदाना ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल एक संगीतमयी प्रस्तुति नहीं था, बल्कि संगीत की विरासत को सम्मान देने का एक सुनहरा अवसर भी था। कोटा के संगीत प्रेमियों ने इस शाम का भरपूर आनंद लिया। उन्होंने बताया कि कोटा चैप्टर के गठन के बाद कई सफल कार्यक्रम पेश किए हैं।
संरक्षक प्रसन्न कुमार खमेसरा ने अपने उद्बोधन में कहा कि संगीत देश व दिलों की दूरियां मिटाता है। भारत में कई विदेशी कलाकार ख्याति प्राप्त हैं और भारतीय गायक भी विदेशों में अपना लोहा मनवा रहे हैं।
क्षितिज तारे की जादुई प्रस्तुति
संगीत की इस सजीव संध्या में जैसे ही क्षितिज तारे ने मंच संभाला, दर्शकों में उत्साह की लहर दौड़ गई। उन्होंने “तोसे नैना लागे” से शुरुआत की, जिसने उपस्थित संगीत प्रेमियों को भावुक कर दिया। उनकी आवाज़ की गहराई और भावनाओं की अभिव्यक्ति ने हर किसी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इसके बाद उन्होंने “मधो”, “अये खुदा” और “बंदेया” जैसे अपने लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति दी, जिससे माहौल अत्यंत संगीतमय और भावनात्मक हो गया। क्षितिज ने मंच पर अपने संगीत का ऐसा जादू बिखेरा कि श्रोता पूरी तरह उनकी गायकी में डूब गए।
इस यादगार संगीतमयी शाम के सफल आयोजन के लिए सचिव संजीव अग्रवाल उपाध्यक्ष अनिमेष जैन,अमित बंसल, कोषाध्यक्ष विकास अजमेरा, सहसचिव अजय जैन, शिव शक्ति, कोर्डिनेटर कपिल सिद्धार्थ सहित सभी को विशेष धन्यवाद दिया गया।