Stock Market: सेंसेक्स 168 अंक टूटकर 81467 पर, निफ्टी 25 हजार से नीचे बंद

0
9

नई दिल्ली। Stock Market Closed: शेयर बाजार में एक दिन की राहत के बाद बुधवार को फिर बिकवाली के बादल छा गए। बेंचमार्क सूचकांक आखिरकार लाल निशान पर बंद हुआ। 30 शेयरों वाला बेंचमार्क सूचकांक बीएसई सेंसेक्स 167.71 (0.20%) अंक टूटकर 81,467.10 पर बंद हुआ। दूसरी ओर, 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 31.21 (0.12%) अंक गिरकर 24,981.95 पर पहुंच गया।

पिछले दिनों शेयर बाजार में गिरावट की वजह ईरान-इजराइल तनाव, कच्चे तेल के दामों में बढ़ोतरी और विदेशी निवेशकों (FPI) का चीनी बाजार की ओर रुख मानी जा रही थी। मगर, आज ऑफशोर पर लिस्टेड चीनी शेयरों में चार साल से ज्यादा की सबसे बड़ी गिरावट देखी गई है। चीन की टॉप इकनॉमिक प्लानिंग एजेंसी ने अधिक बड़े प्रोत्साहन उपायों की घोषणा नहीं की, जिससे चीन में शेयर बाजार की तेजी फीकी पड़ गई।

सेक्टोरल इंडेक्स की परफॉर्मेंस
सेक्टर वाइज देखा जाए तो निफ्टी FMCG, ऑयल एंड गैस और मेटल सेक्टर में सबसे बड़ी गिरावट देखने को मिली है। FMCG स्टॉक्स आज 1.37% गिर गए। इसके अलावा, बाकी सभी सेक्टर्स आज भी हरे निशान में बंद हुए। सबसे ज्यादा, 2.26% का उछाल आज निफ्टी रियल्टी सेक्टर में देखने को मिली। निफ्टी फार्मा के शेयर भी 2.12% की बढ़त के साथ क्लोज हुए।

टॉप गेनर्स
BSE के 30 शेयरों वाले सेंसेक्स में से 15 शेयर आज हरे निशान में बंद हुए। टाटा मोटर्स का शेयर (Tata Motors Share Price) 2.10 % की बढ़त हासिल करने वाला टॉप स्टॉक रहा। इसके अलावा, टेक महिंद्रा, SBI, मारुति सुजूकी, बजाज फिनसर्व, बजाज फाइनेंस, एक्सिस बैंक, भारती एयरटेल और HCL Tech के शेयर 1% से ज्यादा की बढ़त बनाने वाले शेयर रहे।

निफ्टी 50 के 50 शेयरों में से 31 शेयरों ने बढ़ोतरी दर्ज की। 2.58% की बढ़ोतरी के साथ सिप्ला (Cipla) आज का टॉप स्टॉक रहा। इसके अलावा, ट्रेंट, टाटा मोटर्स, SBI, टेक महिंद्रा जैसे स्टॉक टॉप गेनर्स की लिस्ट में शामिल रहे।

टॉप लूजर्स
सेंसेक्स और निफ्टी-50, दोनों पर टॉप लूजर स्टॉक ITC का रहा। ITC का शेयर ने 3% से ज्यादा की गिरावट दर्ज की। इसके अलावा, सेंसेक्स पर नेस्ले इंडिया के शेयर -2.44% गिर गए। ONGC, रिलायंस इंडस्ट्रीज, हिंदुस्तान यूनिलिवर, ब्रिटानिया और L&T के शेयर 1% से ज्यादा गिरकर बंद हुए।