नाबालिग लड़कियों की खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह का सरगना गिरफ्तार

0
7

कोटा। उद्योग नगर थाना पुलिस ने नाबालिग बच्चियों की खरीद-फरोख्त करने वाले एक गिरोह के सरगना को बिहार के गया से गिरफ्तार किया है। इस गिरोह के मुखिया का नाम त्रिलोकचंद मालपानी है। त्रिलोकचंद पर आरोप है कि वह बिहार और दूसरे राज्यों से गरीब परिवार की छोटी बच्चियों को सस्ते दामों में खरीदकर लाता था। फिर उन्हें कोटा में ऊंचे दामों पर बेच देता था।

यह मामला तब सामने आया जब महिला बाल कल्याण समिति ने पुलिस थाने में इसकी शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस पहले ही इस मामले में शामिल दीपिका, गीता सिंह, देवकी नंदन और सुरेश कुमार को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस को इस खेल के मास्टर माइंड त्रिलोकचंद की तलाश थी जो फरार था।

पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने बताया कि पुलिस को 15 मई 2024 को इस मामले की जानकारी मिली थी। तब से पुलिस त्रिलोकचंद की तलाश कर रही थी। आखिरकार 14 जून को उसे बिहार से गिरफ्तार कर लिया गया।

मामले में खुलासा हुआ कि बिहार और अन्य राज्यों से नाबालिग लड़कियों को 20 से 30 हजार रुपये में खरीदा जाता है। इसके बाद कोटा में उन लड़कियों को दो से ढाई लाख रुपये में बेच दिया जाता है। इसी के साथ आरोपी अपनी गैंग के साथ मिलकर नाबालिग लड़कियों की शादी भी करवाता है।

त्रिलोक मालपानी मूल रूप से बारां जिले के छीपाबड़ौद का रहने वाला है। पहले भाई फर्जी शादियां करने के मामले में पुलिस इसे गिरफ्तार कर चुकी है। कुछ अर्सा पहले यह मैरिज ब्यूरो भी चलाया करता था।