Kota Dussehra: सिने संध्या आज, पद्मश्री कैलाश खेर के सुमधुर गीतों से सजेगी शाम

0
62

कोटा। Cine Sandhya: राष्ट्रीय मेला दशहरा- 2023 के अंतर्गत बुधवार को रात्रि 8 बजे विजयश्री रंगमंच पर सिने संध्या आयोजित की जाएगी। जिसे गीतकार, गायक, इंडी, बॉलीवुड पार्श्वगायक कैलाश खेर अपने सुमधुर गीतों से सजाएंगे।

मेला अधिकारी अनुराग भार्गव तथा अतिरिक्त मेला अधिकारी प्रेमशंकर शर्मा ने बताया कि कैलाश खेर को अपने सुपर हिट गीत “अल्लाह के बंदे..” से पहचान मिली। इसके बाद वे 18 भाषाओं में तकरीबन 300 से अधिक गीतों में अपनी आवाज दे चुके हैं। जिसके लिए उन्हें दर्जनों अवार्ड प्राप्त हुए हैं। वर्ष 2017 में कैलाश खेर को पद्मश्री अवार्ड दिया गया।

वहीं हिंदी फिल्म ‘फना’ और तेलुगु फिल्म ‘मिर्ची’ के लिए सर्वश्रेष्ठ पार्श्वगायन के लिए दो फिल्मफेयर अवार्ड भी मिल चुके हैं। हाल ही में उनके सुपरहिट गीत “ए री सखी मंगल गाओ री.. पिया घर आएंगे” और “दौलत शोहरत क्या करनी..” हर किसी की जुबान पर चढ़ा हुआ है। इसके अलावा वे “तेरे नाल इश्क.. यूं ही चला चल.. चांद सिफारिश.. बम लहरी.. कौन है वो.. रंगदीनी… जय जयकारा.. शिव शंभू..” सरीखे एक से बढ़कर एक गीतों में अपनी आवाज का जादू बिखेर चुके हैं।

परिधान उत्सव का आयोजन: प्रेमशंकर शर्मा ने बताया कि सिने संध्या से पूर्व शाम 7:30 बजे विजयश्री रंगमंच पर परिधान उत्सव का आयोजन होगा। जिसमें विभिन्न मॉडल मांगरोल की खादी और कोटा डोरिया साड़ी पहनकर रैंप पर उतरेंगी।