आयुर्वेद कॉलेज को कोटा दक्षिण से हटाने के विरोध में भाजपा का प्रदर्शन

0
95

कोटा।आयुर्वेद कॉलेज की सम्पूर्ण प्रक्रिया होने के बावजूद यहां से कोटा उत्तर में शिफ्ट करने के विरोध में भारतीय जनता पार्टी कोटा दक्षिण के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को जिला कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर राजस्व अधिकारी को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। भाजपा नेता विकास शर्मा की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर से मिलकर सरकार के द्वारा विकास कार्यों में भेदभाव करने के आरोप लगाए।

उन्होंने कहा कि कोटा दक्षिण में प्रस्तावित राजकीय आयुर्वेद कॉलेज को लेकर संपूर्ण प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इसके बावजूद सरकार के द्वारा भेदभाव करते हुए कॉलेज को कोटा उत्तर क्षेत्र में ले जाने का षडयंत्र किया जा रहा है। सरकार के द्वारा इस प्रकार का भेदभाव उचित नहीं है। कोटा उत्तर और दक्षिण दोनों एक ही हैं। लेकिन राजनीतिक हस्तक्षेप से प्रक्रिया उलझ जाएगी। बेहतर होता कि सरकार कोटा उत्तर में भी कॉलेज बनाने के लिए अलग से प्रस्ताव भेजती, लेकिन सरकार राजनीतिक भेदभाव कर रही है।

कोटा दक्षिण क्षैत्र में तलवंडी स्थित आयुर्वेद अस्पताल परिसर में जमीन व भवन के नक्शे अप्रूव हो चुके हैं। पहली किस्त के 40 करोड़ मिल गए व स्टाफ लगाया जा चुका है। केंद्र व राज्य से सीटों की परमिशन मिल चुकी है और निर्माण की टेंडर प्रक्रिया चल रही है। अब इस स्तर पर आकर कॉलेज को रोका जाना केवल भेदभाव को दर्शाता है। उनका तर्क भी उचित नहीं है, क्योंकि कोटा दक्षिण क्षैत्र में कोई आयुर्वेदिक कॉलेज नहीं है।

उन्होंने कहा कि यदि सरकार की ओर से कॉलेज को रोका जाता है तो भाजपा कार्यकर्ता आमजन को साथ लेकर आन्दोलन करने पर मजबूर होंगे। इस दौरान जिला कार्यकारिणी सदस्य कीर्तिकान्त गोयल, भाजपा मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह हाड़ा, नरेंद्र सोनी लाला, संजय निझावन, भाजपा पार्षद संजीव विजय, सुरेश लखेरा आदि कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।