पंक्ति में अंतिम व्यक्ति के जीवन को बेहतर बनाएं सामाजिक कार्यकर्ताः बिरला

0
71
कापरेन और लाखेरी में प्रबुद्धजन से संवाद करते लोकसभा स्पीकर बिरला।

लोक सभा अध्यक्ष ने कापरेन और लाखेरी के प्रबुद्धजन से किया संवाद

बूंदी। लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला मंगलवार को संसदीय क्षेत्र बूंदी के कापरेन और लाखेरी क्षेत्र के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने दोनों स्थानों पर प्रबुद्धजन और सामाजिक कार्यकर्ताओं से सेवाभावी कार्यों को लेकर संवाद किया। बिरला ने प्रबुद्धजन और सामाजिक कार्यकर्ताओं का आव्हान किया कि वे पंक्ति में अंतिम व्यक्ति के जीवन को बेहतर बनाने के लिए कार्य करें।

कापरेन में लाखेरी रोड स्थित एक निजी परिसर में आयोजित कार्यक्रम में बिरला ने कहा कि हम सामाजिक क्षेत्र में कार्य करते हैं। इस कारण आसपास रहने वाले प्रत्येक व्यक्ति के प्रति हमारा उत्तर दायित्व है। हमारा सभी से सीधा सम्पर्क और जुड़ाव होना चाहिए। यदि सुख-दुख की हर घड़ी में हम उसके साथ होंगे तो उसके मन में हमारे प्रति एक भरोसा उत्पन्न होगा। यही विश्वास ही सामाजिक कार्यकर्ता की सबसे बड़ी पूंजी होती है।

बिरला ने कहा कि सामाजिक कार्यकर्ता और प्रबुद्धजन मानवीय संवेदना से कार्य करें। वंचित और अभावग्रस्त वर्ग के लोगों को केंद्र और राज्य की योजनाओं का लाभ दिलवाएं। यदि कोई ऐसी आवश्यकता हे जो योजना के दायरे में नहीं आती तो बताएं, हम उसकी व्यवस्था करेंगे। लेकिन हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि आशा के साथ हमारे पास आया व्यक्ति निराश होकर नहीं जाए।

उन्होंने कहा कि हमें एक-एक व्यक्ति के साथ खड़ा होना है। हमारी कार्यशैली ऐसी हो जिससे लोग अटल विश्वास के साथ स्वयं आगे आकर हमें काम बताएं। इसमें निरंतर सुधार भी करते रहें। यदि जीवट के साथ काम करेंगे तो जो सामाजिक बदलाव हम लाना चाहते हैं, वह जरूर आएगा।

मन में नहीं हो पद का मोह
बिरला ने कहा कि जनता की सेवा करते हुए मन में कभी पद का मोह नहीं लाएं। बदलते समय में अपनी भूमिका स्वयं तय करें। ऐसा भी होगा कि कभी हम लोगों के काम नहीं करवा पाएं, लेकिन उससे थकने या निराश होने की जरूरत नहीं है। बस यह सुनिश्चित करें कि अपने प्रयासों में कोई कमी नहीं रह जाए।

राज्य सरकार की विफलताएं जनता को बताएं
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केशवरायपाटन विधायक चंद्रकांता मेघवाल ने कहा कि राज्य की कांग्रेस सरकार पूरी तरह विफल हो गई है। प्रदेश में आज जो भी काम हो रहे हैं, वह केंद्र के पैसे से हो रहे हैं। सरकार की लापरवाही से हजारों लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना से मकान नहीं मिल सके। केशवरायपाटन विधानसभा से भी राज्य सरकार भेदभाव कर रही है। भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर निकलने और राज्य सरकार की नाकामी को उजागर करें।

वंचित के चेहरे की मुस्कान हमारी ताकत
स्पीकर ओम बिरला ने लाखेरी में आयोजित प्रबुद्धजन सम्मेलन में कहा कि वंचित के चेहरे पर यदि हम मुस्कान ला सकें तो वह हमारी सबसे बड़ी जीत है। उन्होंने कहा कि सामाजिक क्षेत्र में कार्य करने वाले लोगों की सेवा यात्रा कभी रूकनी नहीं चाहिए। हम तप, त्याग और समर्पण की भावना से आगे बढ़ेंगे तो ही अभावग्रस्त लोगों का कल्याण कर सकते हैं। बिरला ने कहा कि बदलते परिपेक्ष्य में हमें दृष्टिकोण और दिशा दोनों में परिवर्तन लाना होगा। सामाजिक क्षेत्र में हमारे कार्य प्रयास और संघर्ष की कमी नहीं रहनी चाहिए। हमें क्षेत्र के सभी परिवारों का हिस्सा बनने की कोशिश करनी चाहिए। शिक्षा और स्वास्थ्य से लेकर उनकी अन्य अभावों में जब हम एक सहयोगी के तौर पर सामने आएंगे तो उसका हमारा प्रति जो भरोसा जागृत होगा, वह आजीवन कायम रहेगा।

संवाद कार्यक्रम में यह प्रबुद्धजन रहे उपस्थित
कापरेन में आयोजित संवाद कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ता छीतरलाल राणा, लोकेश बागड़ा, छीतरलाल दाभाई, राजेन्द्र पाटनी, पालिका उपाध्यक्ष हेमन्त पंचौली, नेता प्रतिपक्ष जितेन्द्र पापड़ीवाल, लोकेश शर्मा, तेजनारायण दुबे, अमरिश व्यास, गौरव पंचौली, हेमराज नागर, सुरेश गुर्जर, ललित मीणा, दिनेश खारोल, बृजगोपाल शर्मा, अशोक चौरसिया, मुकेश मीणा, द्वारकालाल मीणा, रमेश गोस्वामी, हेमराज मीणा, विनोद मेघवाल, प्रभुलाल नागर, जगदीश गोस्वामी उपस्थित रहे। लाखेरी में आयोजित सम्मेलन में महेन्द्र शर्मा, राम सिंह चौधरी, जगदीश पारेता, बाबूलाल सैनी, देवकीनन्दन पाण्डेय, चौथमल नगर, केसरीलाल पारेता, राजेन्द्र नन्दवाना, रामदेव पहाड़िया, नरेन्द्र सिंह हाड़ा रामचरण मलिया,
रवि कहार आदि उपस्थित रहे।