नई दिल्ली। Stock Market Update: घरेलू शेयर बाजार गुरुवार (3 अप्रैल) को बड़ी गिरावट के साथ ओपन हुए। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप (Donald Trump) के 180 से अधिक देशों पर कम से कम 10% (भारत पर 26%) तक के टैरिफ की घोषणा के बाद वैश्विक बाजारों में बड़ी गिरावट आई। इसका असर भारतीय शेयर बाजार पर भी पड़ा। ट्रंप की घोषणा के बाद एशियाई बाजारों में बड़ी गिरावट देखी गई।
तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex)आज 700 से ज्यादा अंक की गिरावट लेकर 75,811 पर ओपन हुए। जबकि बुधवार को यह 76,617 पर बंद हुआ था। सुबह 9:25 बजे सेंसेक्स 367.39 अंक या 0.48% गिरकर 76,250.05 पर था।
इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी-50 (Nifty-50) भी करीब 200 अंक की गिरावट लेकर 23,150.30 पर ओपन हुआ। बुधवार को इंडेक्स 23,332 पर बंद हुआ था। सुबह 9:26 बजे निफ्टी 88 अंक या 0.38% की गिरावट लेकर 23,244.35 पर था।
ट्रंप ने भारत पर 26% इम्पोर्ट टैरिफ लगाया
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने गुरुवार को भारत और अन्य देशों से होने वाले सभी आयात पर ‘रेसिप्रोकल टैरिफ (reciprocal tariffs) लगाने का ऐलान कर दिया। उन्होंने इस फैसले को “काइंड रेसिप्रोकल” (kind reciprocal) करार दिया।
ट्रंप ने कहा कि भारत की टैरिफ नीतियां “बहुत ही सख्त” हैं। इसलिए अमेरिका भारत से होने वाले सभी आयात पर 26 फीसदी शुल्क लगाएगा, जो कि भारत द्वारा अमेरिकी उत्पादों पर लगाए जाने वाले शुल्क का आधा है।
व्हाइट हाउस के रोज गार्डन में आयोजित एक कार्यक्रम में ट्रंप ने विभिन्न देशों पर 10 प्रतिशत से लेकर 50 प्रतिशत तक के आयात शुल्क लगाने की घोषणा की। इसमें चीन पर कुल 34 प्रतिशत (पहले से लागू 20 प्रतिशत समेत), यूरोपीय संघ पर 20 प्रतिशत, जापान पर 24 प्रतिशत और दक्षिण कोरिया पर 25 प्रतिशत शुल्क लगाया गया है।
IT स्टॉक्स में गिरावट
ट्रंप ने भारत समेत 180 देशों पर नए टैरिफ लगाने के फैसले पर को हरी झंडी दिखा दी है। इसकी वजह से अमेरिकी बाजार पर बड़े पैमाने पर निर्भर घरेलू आईटी कंपनियों के शेयरों में गिरावट आई है। बाजार खुलते ही एचसीएल टेल, इन्फोसिस, टीसीएस, टेक महिंद्रा के शेयर 2.5% तक गिर गए।
वैश्विक बाजारों का क्या हाल
इस बीच, एशिआई बाजारों में भारी गिरावट दर्ज की गई। जापान का निक्केई इंडेक्स 3 प्रतिशत टूटा, दक्षिण कोरिया का कोस्पी 1.48 प्रतिशत गिरा और ऑस्ट्रेलिया का ASX 200 इंडेक्स 1.62 प्रतिशत नीचे आया।