सेंसेक्स 36 अंक चढ़ कर 58,800 के पार बंद, निफ्टी 17,539 पर

0
191

नई दिल्ली। कमजोर वैश्विक संकेतों के बीच आज भारतीय बाजारों (Stock Market) का रुख सुस्त रहा और मुख्य सूचकांक निफ्टी (Nifty) और सेंसेक्स (Sensex) लगभग सपाट बंद हुए। शुक्रवार को बीएसई सेंसेक्स 36.74 अंक या 0.06 फीसदी चढ़कर 58,803.33 अंक पर बंद हुआ।

वहीं, निफ्टी 3.35 अंक या 0.02 फीसदी की गिरावट के साथ 17,539.45 अंक पर बंद हुआ। दिन के दौरान सेंसेक्स ने 59,108. 66 के उच्चतम स्तर और 58558.64 के न्यूनतम स्तर को छुआ।

सेंसेक्स में चढ़ने वाले शेयरों में आईटीसी, एचडीएफसी, एलएंडटी, एक्सिस बैंक, एचडीएफसी बैंक, एनटीपीसी, कोटक महिंद्रा बैंक और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया जैसे शेयर शामिल थे। जबकि मारुति, रिलायंस इंडस्ट्रीज, इंडसइंड बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, नेस्ले और टाटा स्टील गिरने वाले शेयरों में शामिल थे।

भारतीय बाजारों की शुरुआत आज सुबह बढ़त के साथ हुई थी। सेंसेक्स 71 अंक बढ़कर 58,838 अंक और निफ्टी 19 अंक बढ़कर 17,562 पर खुला था। हालांकि दिन के कारोबार के दौरान बाजार अपनी इस बढ़त को कायम नहीं रख पाया।

दुनिया के बाजारों का हाल: एशिया में शंघाई को छोड़कर बाकी के सभी बाजार जैसे सियोल, टोक्यो और हांग कांग के बाजार गिरावट के साथ बंद हुए। खबर लिखे जाने तक यूरोप के सभी बाजार बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। बीते गुरुवार को अमेरिकी बाजार तेजी के साथ बंद हुए थे। जियोजित फाइनेंशियल सर्विस के रिसर्च हेड विनोद नायर ने कहा कि अमेरिका के जॉब डाटा के कारण वैश्विक बाजारों पर दबाव बना हुआ है। इससे फेड की ओर से लिए गए एक्शन के परिणामों के बारे में जानकारी मिलेगी।