राष्ट्रपति चुनाव के नतीजे आज, द्रौपदी मुर्मू की जीत की संभावना ज्यादा

0
317

नई दिल्ली। देश के 15वें राष्ट्रपति कौन होंगे, आज शाम तक पता लग जायेगा । आज सुबह 11 बजे संसद भवन में मतगणना शुरू होगी। एनडीए की ओर से द्रौपदी मुर्मू, जबकि विपक्ष की तरफ से यशवंत सिन्हा उम्मीदवार हैं। मुर्मू की जीत की संभावना काफी ज्यादा है। यदि वह जीत हासिल करती हैं, तो देश की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति बन जाएंगी।

राष्ट्रपति पद के लिए भाजपा ने द्रौपदी मुर्मू को बहुत सोच-समझकर उम्मीदवार बनाया है। असल में मुर्मू के बहाने भाजपा की निगाह देशभर की आदिवासी सीटों पर है। अगर बीते चुनावों की बात करें तो छत्तीसगढ़, राजस्थान, गुजरात और मध्य प्रदेश के पिछले विधानसभा चुनाव में आदिवासी प्रभावित सीटों पर कांग्रेस का प्रदर्शन काफी बेहतर रहा था। कांग्रेस ने शिड्यूल्ड ट्राइब्स के लिए रिजर्व 128 सीटों में से 86 पर जीत हासिल की थी।

केवल गुजरात की बात करें तो 2017 के चुनावों में कांग्रेस ने शिड्यूल्ड ट्राइब्स के लिए आरक्षित 27 सीटों पर भाजपा की तुलना में बेहतर प्रदर्शन किया था। उसने यहां पर 15 सीटों पर जीत हासिल की थी, जबकि भाजपा को 9 सीटों पर जीत मिली थी। बता दें कि गुजरात में अगले दिसंबर में चुनाव होने वाले हैं वहीं, छत्तीसगढ़, राजस्थान और मध्य प्रदेश में 2023 में चुनाव होंगे। यहां भाजपा द्रौपदी मुर्मू की मौजूदगी का फायदा उठाना चाहेगी।

गौरतलब है कि देश के वर्तमान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई को समाप्त हो जाएगा। 25 जुलाई को नए राष्ट्रपति शपथ लेंगे। सभी राज्यों से मतपत्र संसद भवन लाए जा चुके हैं। चुनाव अधिकारी संसद के कमरा संख्या 63 में मतगणना के लिए तैयार हैं। इस कक्ष में मतपत्रों की 24 घंटे कड़ी सुरक्षा की जा रही है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी राज्य सभा के सचिव जनरल पीसी मोदी गुरुवार को मतगणना की निगरानी करेंगे। शाम तक चुनाव परिणाम घोषित किए जाने की संभावना है।