कोटा के श्रीनाथपुरम स्टेडियम में सिंथैटिक ट्रेक का होगा निर्माण, वर्कऑर्डर जारी

0
315

नई दिल्ली। श्रीनाथपुरम स्टेडियम में करीब 6.5 करोड़ रूपए की लागत से सिंथैटिक ट्रेक जल्द आकार लेने लगेगा। 400 मीटर के इस ट्रेक के लिए रूडसिको ने कार्यादेश जारी कर दिए हैं। इसका निर्माण कार्य जल्द प्रारंभ होगा।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के प्रयासों से केंद्रीय खेल मंत्रालय ने खेलो इंडिया योजना के तहत श्रीनाथपुरम स्टेडियम में 400 मीटर के सिंथैटिक ट्रेक के निर्माण को स्वीकृति दी थी। इसके निर्माण के पीछे उद्देश्य प्रतिभावान खिलाड़ियों को राष्ट्रीय व अन्तरराष्ट्रीय स्तर की स्पर्धाओं के फॉर्मेट के अनुरूप स्वयं को तैयार करने की सुविधा उपलब्ध करवाना था।

मंत्रालय ने गत वर्ष फरवरी में इसकी स्वीकृति जारी कर राजस्थान खेल परिषद को तीन माह में टेंडर करने के निर्देश दिए थे। लेकिन कोरोना की दूसरी लहर और अन्य कारणों से इसमें देरी होती गई। लेकिन अब रूडसिको ने सिंथैटिक ट्रेक के निर्माण के लिए कार्यादेश जारी कर दिए हैं। इसका निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ होने की संभावना है।

प्रदेश का पांचवा सिंथेटिक ट्रेक
राजस्थान में अब तक चार जिलों जयपुर, जोधपुर, चुरू और गंगानगर में ही सिंथैटिक ट्रेक हैं। कोटा में बनने वाला ट्रेक प्रदेश का पांचवा और हाड़ोती का पहला टेªेक होगा। कोटा समेत हाड़ौती भर के खिलाड़ी लंबे समय से इसकी मांग कर रहे थे। यह सुविधा उपलब्ध होने के बाद खिलाड़ी राष्ट्रीय-अंतराष्ट्रीय प्रतियोगिताएं के लिए स्वयं को तैयार कर पाएंगे।

राष्ट्रीय-अंतराष्ट्रीय प्रतियोगिताएं हो सकेगी
वर्तमान में सभी राष्ट्रीय व अन्तरराष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में सिंथैटिक ट्रेक ही उपयोग में लिया जाता है। सिंथैटिक ट्रेक के अभाव में कोटा को किसी राष्ट्रीय अथवा अन्तरराष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के आयोजन की मेजबानी भी नहीं मिल पाती थी। ट्रेक बनने के बाद यह प्रतियोगिताएं मिलने की संभावना बनेगी।